Fake Silver Coins : धनतेरस पर नकली चांदी का सिक्का तो नहीं खरीद लाए, 4 तरीकों से झटपट कर लें जांच

Fake Silver Coins : धनतेरस पर नकली चांदी का सिक्का तो नहीं खरीद लाए, 4 तरीकों से झटपट कर लें जांच


होमफोटोमनीLatest Money

धनतेरस पर नकली चांदी का सिक्का तो नहीं खरीद लाए, 4 तरीकों से झटपट कर लें जांच

Last Updated:

Fake Silver Coins : इस सप्ताह धनतेरस और दिवाली जैसे दो प्रमुख त्योहार आ रहे हैं और इस मौके पर बाजार में चांदी के सिक्कों की खरीद काफी बढ़ जाती है. अगर आप भी बाजार से चांदी का सिक्का खरीदने का प्लान कर रहे हैं तो इसे परखना भी बहुत जरूरी है. ऐसी तमाम शिकायतें आई हैं कि बाजार में नकली चांदी का सिक्का बिक रहा है और धनतेरस की भीड़ में ज्यादातर ग्राहक इसकी परख भी नहीं कर पाते हैं. आपको कुछ ऐसे टिप्स बता रहे हैं जिससे घर बैठे ही फटाफट चांदी के सिक्कों की शुद्धता का पता चल जाएगा.

दिवाली और धनतेरस जैसे त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही बाजार में चांदी के सिक्कों की डिमांड भी बढ़ जाती है. कुछ लोग चांदी के सिक्के पूजा आदि के लिए खरीदते हैं तो कुछ लोग इसे निवेश का जरिया मानते हैं. हालांकि, सिक्का खरीदते समय ज्यादातर लोगों के मन में इसकी शुद्धता को लेकर सवाल उठते हैं लेकिन उसकी परख करने का कोई जरिया नहीं होता है. चांदी में सबसे ज्यादा मिलावट कॉपर, निकल, एल्युमीनियम, जिंक और कैडमियम की होती है. यह धातुएं चांदी के साथ आसानी से मिक्स हो जाती हैं और उसकी चमक भी बरकरार रहती है.

बाजार के जानकारों का कहना है कि चांदी में इन धातुओं की अशुद्धियां इस कदर मिल जाती हैं कि उन्हें सिर्फ देखकर ही पहचान पाना हर किसी के बस की बात नहीं है. इसके लिए आपको कुछ स्टेप्स में सिक्कों की जांच करनी होगी और तब इसके नकली होने की पहचान हो सकेगी. यह सारे टेस्ट काफी आसान हैं और इसमें कोई ज्यादा खर्चा भी नहीं होता है. महज कुछ रुपये के खर्च में आप नकली चांदी खरीदने से बच जाएंगे.

चांदी के सिक्के में मिलावट को पहचानने का यह सबसे आसान तरीका आईसक्यूब टेस्ट है. आप घर पर ही आईसक्यूब टेस्ट करके चांदी की शुद्धता परख सकते हैं. चांदी ऊष्मा की सबसे बड़ी सुचालक होती है. इसका मतलब है कि चांदी हीट को किसी अन्य धातु के मुकाबले सबसे ज्यादा तेजी से ट्रांसफर कर सकती है. इस टेस्ट के लिए आप चांदी के सिक्कों या फिर मेटर पर सीधे आईसक्यूब रख दीजिए. अगर चांदी असली है तो आईसक्यूब ज्यादा तेजी से पिघलना शुरू होगा, लेकिन इसमें जितनी ज्यादा मिलावट होगी आईसक्यूब उतना ही धीमे पिघलेगा.

Add News18 as
Preferred Source on Google

चांदी के सिक्कों की क्वालिटी को पहचानने का दूसरा सबसे आसान तरीका मैगनेट है. आप चुंबक के जरिये चांदी की शुद्धता को पहचान सकते हैं. आप चुंबक को चांदी के सिक्कों के पास रखें और इसके रिएक्शन पर नजर डालें. अगर सिक्का पूरी तरह शुद्ध होगा तो चुंबक इस पर नहीं चिपकेगा. अगर सिक्का इस चुंबक के साथ तेजी से आकर्षित होने लगे तो समझ जाएं कि इसमें मिलावट है. चांदी में निकल और आयरन की मिलावट होने पर यह चुंबक के साथ चिपकने लगती है. अगर चुंबक का इस पर कोई असर न पड़े तो समझें कि आपने सही सिक्का खरीदा है. हालांकि, यह समझना जरूरी है कि कॉपर, एल्युमीनियम, जिंक और अन्य कई धातुएं भी चुंबक के साथ नहीं चिपकती हैं. ऐसे में सिर्फ मैगनेट का टेस्ट करने से इसका पता नहीं चल सकेगा.

चांदी के सिक्कों की आवाज सुनकर भी आप इसकी शुद्धता की पहचान कर सकते हैं. आप चांदी को अपनी हथेली पर रखें और दूसरी किसी धातु से इस पर चोट करें. अगर सिक्का शुद्ध चांदी से बना है तो इसकी आवाज एकदम क्लीयर घंटी जैसी होगी. अगर इसकी आवाज क्लीयर नहीं आती तो समझ जाना चाहिए कि इसमें अन्य किसी धातु की भी मिलावट की गई है. हालांकि, चांदी के सिक्कों की आवाज इसकी मोटाई पर भी निर्भर करती है. लिहाजा आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि सिक्के की क्वालिटी को कई लेवल पर परखना ही बेहतर रहेगा.

चांदी के हालमार्क को भी अच्छे से चेक करना चाहिए. हर सिक्के और ज्वैलरी पर हालमार्क नंबर होता है, जो उसकी शुद्धता को बताता है. मान लीजिए आपने जो सिक्का खरीदा है, उस पर 925 लिखा है तो यह 92.5 फीसदी शुद्ध चांदी वाला सिक्का है. अगर 999 अंक लिखा है तो ऐसे हालमार्क वाला सिक्का 99.9 फीसदी शुद्धता वाला माना जाता है. चांदी का सिक्का खरीदने से पहले ग्राहक को हालमार्क और इसके खरीद दस्तावेजों की जांच कर लेनी चाहिए. हालांकि, हालमार्क देखने के बाद भी चांदी के सिक्कों की शुद्धता को परखने के लिए ऊपर बताए टिप्स का इस्तेमाल करना चाहिए.

अब सबसे बड़ा सवाल आता है कि क्या घर पर किया जाने वाला यह टेस्ट चांदी की शुद्धता मापने के लिए पर्याप्त है. दरअसल, यह सभी तरीके चांदी की शुद्धता मापने के शुरुआती चरण को ही दिखाते हैं. ग्राहक को सावधानी बरतते हुए त्योहारों पर सिक्का किसी ब्रांड या अच्छे ज्वैलर से खरीदना चाहिए जो उसकी शुद्धता की गारंटी देने वाला डॉक्यूमेंट भी बनाकर दे. अगर आपको सिक्के की शुद्धता पर शक है तो इसकी बाकायदा टेस्टिंग कराई जा सकती है. इन बातों को ध्यान में रखेंगे तो दिवाली-धनतेरस पर आप बिना किसी चिंता के सिक्कों की खरीदारी कर सकेंगे.



Source link