Last Updated:
Dewas News: मध्य प्रदेश के देवास में TI दिलीप पुरी हत्याकांड के दोनों आरोपियों का पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर शॉर्ट एनकाउंटर किया. मुख्य आरोपी गजेंद्र रावत और सह आरोपी धीरज के पैर में गोली लगी है. पुलिस के मुताबिक, दोनों ने हिरासत से भागने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की थी. घायल आरोपियों को देवास से बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है.
Dewas TI Dilip Puri Murder Case
Dewas TI Dilip Puri Murder Case: एमपी के देवास में खातेगांव थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. ट्रक से कुचलकर TI की जान लेने के आरोपी ड्राइवर गजेंद्र रावत उर्फ अक्कू और उसके सह चालक धीरज का पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर शॉर्ट एनकाउंटर किया. दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच कर रही SIT टीम मुख्य आरोपी गजेंद्र रावत को लेकर खातेगांव की ओर जा रही थी. राजोदा और बरोठा के बीच अचानक पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया. पुलिसकर्मी गाड़ी रोककर टायर बदलने लगे. इसी दौरान आरोपी ने लघुशंका (Urination) जाने की बात कही.
सुरक्षा घेरे में मौजूद ASI जैसे ही उसे साइड में ले गए, आरोपी ने अचानक उनकी सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और भागने लगा. SIT की टीम ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायर कर दिया.
आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के हमले के बाद SIT ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की. इसमें एक गोली गजेंद्र के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर गया. पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया और छीनी गई सर्विस रिवॉल्वर भी बरामद कर ली. घायल आरोपी को रात करीब 10.30 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
दूसरे आरोपी धीरज का भी एनकाउंटर
इसी मामले में ट्रक के सह चालक धीरज ने भी पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की. बताया गया है कि BNP थाना क्षेत्र में उसने एक पुलिसकर्मी से हथियार छीनकर हमला करने का प्रयास किया. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली उसके दाहिने पैर में लगी.
इंदौर रेफर किए गए दोनों घायल
फिलहाल, दोनों घायल आरोपियों को पहले देवास के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालत को देखते हुए बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया. पुलिस ने दोनों घटनाओं में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
TI हत्याकांड से मचा था हड़कंप
खातेगांव TI दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हुई मौत के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और हड़कंप का माहौल था. इस मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया था, जिसने मुख्य आरोपी ड्राइवर को अपनी गिरफ्त में लिया. अब दोनों आरोपियों के एनकाउंटर की खबर आने से यह मामला एक बार फिर चर्चा में है. पुलिस अधिकारियों की ओर से इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देने का इंतजार है और आने वाले दिनों में जांच में और खुलासे भी हो सकते हैं.