शिमला. हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले की रामपुर विधानसभा से कांग्रेस विधायक एवं सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष नंद लाल बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गए. उनके पैतृक गांव देवठी में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. उनके बेटे ने चिता को मुखाग्नि दी. नंद लाल को अंतिम विदाई देने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे. इस दौरान माहौल गमगीन रहा और लोगों ने नम आंखों से अपने जनप्रतिनिधि को विदाई दी.
नंद लाल के अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी, रोहित ठाकुर, विक्रमादित्य सिंह और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. नेताओं ने नंद लाल के निधन पर शोक जताते हुए इसे कांग्रेस पार्टी और रामपुर क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताया. जगत नेगी ने उनकी अर्थी को कंधा दिया.
सीएम सुक्खू बोले– सहज स्वभाव के थे नंद लाल
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नंद लाल को याद करते हुए कहा कि वह बेहद सहज स्वभाव और अच्छे व्यक्तित्व के धनी थे. अपनी बात को तहजीब, तर्क और तथ्यों के साथ रखने की उनकी खासियत थी. मुख्यमंत्री ने कहा कि नंद लाल का इस तरह चले जाना सभी के लिए दुखद है और उनके परिवार के प्रति उनकी तथा पूरे मंत्रिमंडल की गहरी संवेदनाएं हैं.
सीएम सुक्खू ने कहा कि नंद लाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए. रामपुर के विकास में उनका बड़ा योगदान रहा. विकास कार्यों को लेकर वह लगातार सरकार के समक्ष अपनी बात रखते थे. पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में भी उन्होंने रामपुर क्षेत्र के लिए अच्छा काम किया.
सोमवार को अस्पताल में मिले थे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुक्खू ने नंद लाल के उपचार के दौरान उनसे हुई मुलाकात को याद करते हुए बताया कि वह सोमवार को चमियाना अस्पताल में उनसे मिलने गए थे. उस समय उन्होंने डॉक्टरों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी ली थी. मुख्यमंत्री के अनुसार, डॉक्टरों ने बताया था कि नंद लाल का ब्लड प्रेशर काफी कम होकर 30 से 40 के आसपास पहुंच गया था. पेसमेकर लगाए जाने के बाद उनका ब्लड प्रेशर 80 से 90 तक पहुंचा था, लेकिन इसके बाद भी उनके स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया. सीएम सुक्खू ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे नंद लाल ने अंतिम सांस ली. उनके निधन से कांग्रेस पार्टी, उनके समर्थकों और रामपुर क्षेत्र में शोक की लहर है.
रामपुर से चार बार के विधायक
नंद लाल रामपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे. क्षेत्र की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ थी और वह स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहे. उनके निधन से रामपुर ने अपना एक अनुभवी जनप्रतिनिधि खो दिया है. 2007 से वह लगातार यहां से जीत रहे थे. उन्होंने आईटीबीपी से वीआरएस ली थी और फिर राजनीति में उतरे थे.