Last Updated:
Kangra Jawalamukhi News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी में खोला पंचायत के प्रधान की पत्नी निकिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है.
एसपी नवदीप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
ज्वालामुखी (कांगड़ा). हिमाचल प्रदेश कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी क्षेत्र के साथ लगती खोला पंचायत में प्रधान की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला गरमा गया है. मृतका की पहचान निकिता (26) के रूप में हुई है, जो खोला पंचायत के प्रधान कपिल देव की पत्नी थी.
महिला की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. वहीं, ससुराल पक्ष की ओर से महिला के बीमारी से ग्रस्त होने की बात सामने आ रही है. ऐसे में महिला की मौत को लेकर दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है.
मृतका अपने पीछे दो मासूम बेटियां छोड़ गई है, जिनमें एक की उम्र करीब एक साल और दूसरी की महज तीन माह बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद मायके और ससुराल पक्ष के लोग मौके पर एकत्रित हो गए. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि करीब तीन से चार घंटे तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही. हालात बिगड़ते देख ज्वालामुखी पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने और स्थिति को शांत करने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद पुलिस दोनों पक्षों को शांत करवाने में सफल रही.
मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों और महिला की मौत की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए देहरा भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके. बताया जा रहा है कि महिला की शादी करीब दो वर्ष पहले खोला पंचायत के प्रधान के साथ हुई थी.
महिला के कुछ वीडियो भी वायरल
इस मामले से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें महिला घर पर अजीब तरह से हिलती नजर आ रही है. इस दौरान महिला अजीब आवाज निकाल रही है और उसका बच्चा पास है. इसके अलावा, अन्य वीडियो महिला जमीन पर गिरी हुई है और हाथ टेड़ा नजर आ रहा है. वीडियो को लेकर सवाल उठ रहे हैं. 2 नवंबर को महिला को अस्पताल में भर्ती भी करवाया गया था और अब उसकी मौत हो गई है. फिलहाल ज्वालामुखी पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मौत से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है.
अस्पताल में महिला को भर्ती किया गया था, जहां पर उसकी मौत हो गई,
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला की मौत बीमारी के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही है. एसपी नवदीप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.