Last Updated:
Rishikesh News: ऋषिकेश में अब हिमाचल प्रदेश का मशहूर पारंपरिक व्यंजन सिड्डू चखने को मिल रहा है. वीरपुर खुर्द रोड स्थित श्रीराम सिड्डू कैफे में नमकीन और मीठे फ्लेवर का सिड्डू खास तरीके से तैयार किया जाता है. ड्राई फ्रूट्स और हिमाचली मसालों की फिलिंग से भरपूर इस डिश को 12 टुकड़ों में काटकर देसी घी व स्पेशल चटनियों के साथ परोसते हैं. 110 और 120 रुपये की कीमत में मिल रहा यह घर जैसा स्वादिष्ट पहाड़ी जायका ग्राहकों को खूब पसंद आ रहा है.
Rishikesh News: देवभूमि के प्रवेश द्वार ऋषिकेश में अब सैलानियों और स्थानीय लोगों को हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक जायके का स्वाद भी मिलने लगा है. पहाड़ों का बेहद लोकप्रिय और पौष्टिक पारंपरिक व्यंजन ‘सिड्डू’ अब तीर्थनगरी में भी अपनी खुशबू बिखेर रहा है. अगर आप भी पहाड़ी खानपान के मुरीद हैं, तो अब आपको सिड्डू का असली स्वाद चखने के लिए हिमाचल के पहाड़ों की दूरी तय करने की कोई जरूरत नहीं है.
खास आटे से तैयार होने वाला सिड्डू स्वाद में जितना लाजवाब होता है, उतना ही खास इसे बनाने का तरीका भी है. लोकल 18 के साथ बातचीत के दौरान ऋषिकेश के श्रीराम सिड्डू कैफे की मालिक उपासना ने बताया कि उन्होंने ही ऋषिकेश में सबसे पहले हिमाचल की इस प्रसिद्ध और पारंपरिक डिश सिड्डू को बनाना शुरू किया. इसे खास तरीके से तैयार किया जाता है. सिड्डू बनाने के लिए आटे की एक मोटी परत तैयार की जाती है, जिसके अंदर ड्राई फ्रूट्स और हिमाचली मसालों की फिलिंग भरी जाती है.
नमकीन और मीठे सिड्डू की वैरायटी और कीमत
यहां आपको दो तरह के सिड्डू खाने को मिलेंगे. पहला है साल्टी सिड्डू, जिसकी कीमत 110 रुपये है. इसमें पीनट्स, अखरोट, दूसरे ड्राई फ्रूट्स और हिमाचली मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. वहीं, स्वीट सिड्डू की कीमत 120 रुपये है. इसमें गुड़ के साथ ड्राई फ्रूट्स की मीठी फिलिंग भरी जाती है.
इन दोनों सिड्डू को खास अंदाज में परोसा जाता है. तैयार होने के बाद इसे बारह टुकड़ों में काटा जाता है और फिर देसी घी में डुबोकर सर्व किया जाता है. साल्टी सिड्डू के साथ दो तरह की स्पेशल चटनी भी दी जाती हैं. इनमें एक पीनट्स की चटनी है, जबकि दूसरी टोमेटो-चिली चटनी है. दोनों चटनियों के साथ सिड्डू का स्वाद और भी बढ़ जाता है.
कैफे की लोकेशन और टाइमिंग
अगर आप भी ऋषिकेश में हिमाचल के इस पारंपरिक व्यंजन का स्वाद चखना चाहते हैं, तो श्रीराम सिड्डू कैफे जा सकते हैं. यह कैफे वीरपुर खुर्द रोड पर सीमा डेंटल कॉलेज के पास स्थित है. यहां सुबह 9:30 बजे से रात 12 बजे तक आपको सिड्डू उपलब्ध हो जाएगा.
ग्राहकों को खूब भा रहा घर जैसा स्वाद
ग्राहक अंकुर ने बताया कि उन्हें यहां का सिड्डू काफी पसंद है. इसका स्वाद बिल्कुल घर के खाने जैसा लगता है और खाने में भी यह काफी अच्छा है. उन्होंने बताया कि ऋषिकेश में उन्होंने अब तक सिर्फ इसी कैफे में सिड्डू खाया है. यहां मिलने वाले दोनों फ्लेवर में उन्हें नमकीन सिड्डू सबसे ज्यादा पसंद आता है. उन्हें यहां मिलने वाले सिड्डू की फिलिंग काफी पसंद है, यही वजह है कि वह यहां बार-बार सिड्डू खाने आते हैं.