Last Updated:
Himachal Politics: हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने मंडी में कहा कि सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की खराब कार्यशैली के कारण कांग्रेस अगले 30 साल तक सत्ता में वापसी नहीं कर पाएगी. उन्होंने राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला.
हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मंडी में भाजपा की रैली में.
मंडी. हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का कहना है कि प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस सरकार की कुंडली इतनी खराब हो चुकी है और उन पर ऐसी दशा चल चुकी है कि वह भविष्य में कम से कम 30 वर्षों तक सत्ता में वापसी नहीं कर पाएंगे. यह बात उन्होंने आज मंडी के सेरी मंच पर भाजपा की लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा की रैली को संबोधित करते हुए कही.
जयराम ठाकुर ने कहा कि कुल्लू के विधायक को सीएम सुक्खू ने मंत्रीपद को लेकर लगतार लारे लगा रखा है. सुंदर ठाकुर भी मंत्रीपद के चक्कर में सीएम के आगे-पीछे मंडरा रहे हैं. अभी कुल्लू दशहरे में कहा कि सुंदर की कुंडली ठीक नहीं इसलिए वह मंत्री नहीं बन पा रहे हैं. लेकिन कांग्रेस की कुंडली पूरे देश ने देख ली है और प्रदेश कांग्रेस की कुंडली खुद सीएम सुक्खू ने खराब कर रखी है. यहां के नेताओं को दरकिनार करके खुद को ही सर्वे सर्वा घोषित करने पर तुले हुए हैं.
68 जिले बना लो फिर भी नहीं होगी सत्ता में वापसी
जयराम ठाकुर ने कहा कि सीएम ने पुरानी गारंटियों और अन्य मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए अब नए जिलों के गठन का शिगूफा छोड़ दिया है. सीएम चाहे प्रदेश में 68 जिले भी बना दें तब भी उनकी पार्टी की सरकार सत्ता में वापिस नहीं आएगी. उन्होंने प्रदेश की जनता के साथ धोखाधड़ी की है.
पागल हो गए हैं राहुल गांधी
जयराम ठाकुर ने लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ महापदयात्रा के तहत कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा जुबानी हमला बोलते हुए उन्हें पागल करार दिया. उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री के खिलाफ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं जिसके बाद अब उनके प्रति भी मन में दया का कोई भाव शेष नहीं है. उनकी यही सोच है कि प्रधानमंत्री की कुर्सी पर सिर्फ गांधी परिवार का ही हक. लेकिन वह शायद भूल गए हैं कि प्रधानमंत्री बनने के लिए चुनाव और जनता के आशीवार्द की जरूरत होती है, जोकि उन्हें कभी नहीं मिलेगा.
विधायक की मृत्यु पर भी जश्न मना रहे थे सीएम
जयराम ठाकुर ने सीएम पर तंज कसते हुए कहा कि गत दिवस रामपुर के विधायक नंद लाल की दुखद मृत्यु के बाद भी सीएम ने अपने कार्यक्रम स्थगित नहीं किए और चंबा दौरे पर गए. यदि यह दौरा और कार्यक्रम इतना ही जरूरी था तो उसे सादगी से भी किया जा सकता था. लेकिन सीएम ने वहां पर खूब जश्न मनाया जबकि दूसरी तरफ उन्हीं की पार्टी के विधायक का शव उनके घर के आंगन में पड़ा हुआ था. सीएम सुक्खू बहुत से मामलों में संवेदनहीनता दिखाते हैं.
मंडी के सेरी मंच पर भाजपा की लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा.
पड्डल से सेरी मंच पर खूब गर्जे भाजपाई
लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ महापदयात्रा के दौरान पड्डल मैदान से लेकर सेरी मंच तक भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. हाथों में तिरंगा और पार्टी का झंडा लेकर कार्यकर्ताओं ने सभी से लोकतंत्र बचाने और अराजकता को हटाने की अपील की. इस रैली में मंडी संसदीय क्षेत्र के 13 विधानसभा क्षेत्रों से आए हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया.