क‍िंग कोहली का रिकॉर्डतोड़ शो… ऑकलैंड में रन मशीन ने एक ही झटके में बना डाले आधा दर्जन नए र‍िकॉर्ड

क‍िंग कोहली का रिकॉर्डतोड़ शो… ऑकलैंड में रन मशीन ने एक ही झटके में बना डाले आधा दर्जन नए र‍िकॉर्ड


Last Updated:

Virat Kohli made 8 records: विराट कोहली ने ऑकलैंड के ईडन पार्क में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में नाबाद 74 रनों की तूफानी पारी खेलकर भारत को शानदार जीत दिलाई. बारिश से बाधित इस मुकाबले में कोहली ने सिर्फ 35 गेंदों में अपना 80वां वनडे अर्धशतक जड़ा. इसके साथ ही उन्होंने वनडे रन चेज में सचिन तेंदुलकर को पछाड़ने और सेना देशों में सर्वाधिक 50 प्‍लस स्कोर बनाने समेत आधा दर्जन ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए.

विराट कोहली (Virat Kohli) का बल्ला न्‍यूजीलैंड के ख‍िलाफ पहले वनडे में जमकर गरजा. बार-बार होती बारिश और मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद कोहली ने अपने वही पुराना अंदाज दिखाया और डकवर्थ-लुईस नियमसे मिले लक्ष्य को हासिल करने में भारतीय टीम के लिए सबसे बड़ी ढाल बने. न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में 185 रनों पर ढेर हो गई थी, जिसके बाद बारिश के कारण भारत को नया लक्ष्य मिला. दबाव भरे रन-चेज में कोहली ने महज 51 गेंदों का सामना करते हुए 145.10 की तूफानी स्ट्राइक रेट से नाबाद 74 रन बनाए. अपनी इस विस्फोटक पारी के दौरान कोहली ने कप्तान शुभमन गिल के साथ मिलकर 113 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी की और अपना 80वां वनडे अर्धशतक केवल 35 गेंदों में पूरा किया. इस ऐतिहासक पारी के साथ ही किंग कोहली ने सचिन तेंदुलकर, रिकी पोंटिंग और बाबर आजम जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए 8 बड़े विश्व रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए.

न्यूजीलैंड की पारी को 185 रनों पर रोकने के बाद भारतीय टीम जब लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो ईडन पार्क का मौसम लगातार करवट बदल रहा था. बार-बार बारिश के खलल ने बल्लेबाजों के एकाग्रता को प्रभावित करने की कोशिश की, लेकिन क्रीज पर मौजूद विराट कोहली पर इसका कोई असर नहीं पड़ा. डकवर्थ-लुईस मेथड के तहत जब-जब समीकरण बदला, कोहली ने अपनी रणनीति उसी हिसाब से ढाल ली. उन्होंने बिना कोई जोखिम उठाए ग्राउंडेड शॉट्स और तेजी से रन चुराकर कीवियों पर दबाव बनाए रखा. 51 गेंदों में खेली गई अपनी 74 रनों की नाबाद पारी में कोहली ने 145.10 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और यह साबित कर दिया कि आज भी व्‍हाइट गेंद के क्रिकेट में रन चेज का सबसे बड़ा उस्ताद कौन है.

जब लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम को शुरुआती झटकों के बीच एक मजबूत नींव की जरूरत थी, तब विराट कोहली को कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) का बेहतरीन साथ मिला. दोनों बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों की स्विंग और सीम को शानदार तरीके से संभाला. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की शतकीय साझेदारी हुई, जिसने न्यूजीलैंड की वापसी की सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया. एक तरफ जहां शुभमन गिल समझदारी से एक छोर संभाले हुए थे, वहीं दूसरी तरफ से कोहली ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कीवी गेंदबाजों की लाइन और लेंथ बिगाड़ दी. इस साझेदारी ने भारत को जीत की दहलीज पर खड़ा कर दिया.

Add News18 as
Preferred Source on Google

विराट कोहली को यूं ही ‘चेज मास्टर’ नहीं कहा जाता. ऑकलैंड में खेले गए इस मुकाबले के दौरान उन्होंने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulakr) का एक ऐसा रिकॉर्ड तोड़ा, जिसे तोड़ पाना कभी नामुमकिन सा लगता था. वनडे क्रिकेट के इतिहास में सफल और असफल रन चेज को मिलाकर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अब विराट कोहली के नाम दर्ज हो गया है. कोहली के नाम अब वनडे रन चेज में कुल 8,727 रन हो गए हैं, जबकि सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में रन चेज करते हुए 8,720 रन बनाए थे. इस सूची में तीसरे स्थान पर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (6,801 रन) हैं, जबकि चौथे स्थान पर श्रीलंका के सनथ जयसूर्या (5,742 रन) और पांचवें स्थान पर दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज ऑलराउंडर जैक कैलिस (5,575 रन) मौजूद हैं.

विराट कोहली की इस पारी की सबसे खास बात उनकी आक्रामकता थी. आमतौर पर रन चेज के दौरान अपनी पारी को धीरे-धीरे संवारने वाले कोहली ने ईडन पार्क में शुरुआत से ही कड़े तेवर दिखाए. उन्होंने महज 35 गेंदों पर अपना 80वां वनडे अर्धशतक पूरा किया. यह उनके करियर का विदेशी सरजमीं पर बनाया गया दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है. विदेशी मैदानों पर कोहली का सबसे तेज वनडे पचासा साल 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कैनबरा में आया था, जहां उन्होंने 34 गेंदों में फिफ्टी जड़ी थी. इसके बाद अब न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में जड़ा गया 35 गेंदों का पचासा दूसरे स्थान पर आ गया है. इस सूची में उन्होंने 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन (36 गेंद) और 2017 में श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो (38 गेंद) में बनाए गए अपने ही रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया.

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 50 या उससे अधिक रनों की पारी खेलने के मामले में विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व महान कप्तान रिकी पोंटिंग (Ricky Ponting) की बराबरी कर ली है. कोहली और रिकी पोंटिंग दोनों के नाम अब न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में 18-18 बार 50 प्‍लस स्कोर (अर्धशतक या शतक) दर्ज हो चुके हैं. इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के दिवंगत दिग्गज डीन जोन्स और श्रीलंका के कुमार संगकारा 14-14 बार 50 प्‍लस स्कोर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं. वहीं, पाकिस्तान के बाबर आजम, श्रीलंका के सनथ जयसूर्या और भारत के सचिन तेंदुलकर 13-13 बार यह कारनामा करके तीसरे स्थान पर हैं.

सिर्फ वनडे ही नहीं, बल्कि तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल) को मिलाकर न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा बार 50 से अधिक रन बनाने के मामले में भी विराट कोहली अब शीर्ष पर पहुंच गए हैं. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा 50+ रन बनाने का रिकॉर्ड अब संयुक्त रूप से भारत के विराट कोहली, ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग और पाकिस्तान के बाबर आजम (Babar Azam) के नाम है. इन तीनों ही दिग्गज बल्लेबाजों ने कीवी टीम के खिलाफ 27 बार 50 या उससे अधिक रनों की पारियां खेली हैं. इस सूची में इंग्लैंड के जो रूट 26 बार 50+ स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि भारत के सचिन तेंदुलकर 25 बार ऐसा करके तीसरे स्थान पर मौजूद हैं.

एशियाई बल्लेबाजों के लिए सेना (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों की पिचों पर रन बनाना हमेशा से सबसे कठिन चुनौती माना जाता रहा है. लेकिन विराट कोहली ने इन देशों की तेज और उछाल भरी पिचों पर हमेशा अपना लोहा मनवाया है. अपनी 74 रनों की पारी के साथ कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सेना देशों के खिलाफ सबसे ज्यादा 50 प्‍लस स्कोर बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है. अब कोहली के नाम सेना टीमों के खिलाफ कुल 134 बार 50 प्‍लस स्कोर दर्ज हो चुके हैं, जबकि सचिन तेंदुलकर 133 पारियों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं. इस मामले में वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा 100 बार, श्रीलंका के कुमार संगकारा 97 बार और ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग 91 बार 50 प्‍लस का आंकड़ा पार कर चुके हैं.

न्यूजीलैंड की स्विंग होती परिस्थितियों में रन बनाना किसी भी विदेशी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होता. ऑकलैंड में 74 रनों की पारी खेलते ही विराट कोहली ने न्यूजीलैंड की धरती पर अपने 1,000 अंतरराष्ट्रीय रन (सभी फॉर्मेट मिलाकर) पूरे कर लिए हैं. वह न्यूजीलैंड की सरजमीं पर 1,000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले इतिहास के महज चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. इस सूची में भारत की ओर से सबसे आगे महान सचिन तेंदुलकर हैं, जिन्होंने न्यूजीलैंड में 1,663 रन बनाए हैं. दूसरे नंबर पर ‘द वॉल’ राहुल द्रविड़ (1,191 रन) और तीसरे नंबर पर पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन (1,038 रन) हैं. अब 1000 रनों का आंकड़ा छूकर कोहली भी इस खास क्लब का हिस्सा बन गए हैं.

सभी फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) को मिलाकर न्यूजीलैंड के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के बल्लेबाजों की सूची में भी विराट कोहली ने लंबी छलांग लगाई है. कोहली अब न्यूजीलैंड के खिलाफ 3,241 अंतरराष्ट्रीय रन बनाकर दुनिया के तीसरे सबसे सफल बल्लेबाज बन गए हैं. इस सूची में सबसे ऊपर भारत के सचिन तेंदुलकर हैं, जिन्होंने कीवियों के खिलाफ कुल 3,345 रन बनाए हैं. इंग्लैंड के जो रूट 3,268 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. कोहली ने ऑकलैंड की अपनी पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (3,145 रन) और दक्षिण अफ्रीका के जैक कैलिस (3,071 रन) को पीछे छोड़ दिया है.

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे (ODI) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में विराट कोहली का दबदबा और मजबूत हो गया है. कोहली अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में 1,971 रन बना चुके हैं, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर रिकॉर्ड है. इस मामले में उन्होंने क्रिकेट के मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर को काफी पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने कीवियों के खिलाफ वनडे में 1,750 रन बनाए थे. वहीं, भारत के विस्फोटक पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग 1,157 रनों के साथ इस ल‍िस्‍ट में तीसरे स्थान पर मौजूद हैं.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link