शिमला में दिवाली से पहले गुलाब जामुन में मिले कॉकरोच और रबर बैंड, चाशनी में ‘रंग काट’ के इस्तेमाल, पांच दुकानदारों को नोटिस जारी

शिमला में दिवाली से पहले गुलाब जामुन में मिले कॉकरोच और रबर बैंड, चाशनी में ‘रंग काट’ के इस्तेमाल, पांच दुकानदारों को नोटिस जारी


Last Updated:

Shimla Sweet Shop Raid: शिमला में दिवाली के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया. एक दुकान के गुलाब जामुन में कॉकरोच और रबर बैंड मिलने पर 25 किलो मिठाई नष्ट की गई. चाशनी साफ करने में केमिकल इस्तेमाल किया गया था.

Zoom

शिमला में विभाग ने करीब 25 किलो गुलाब जामुन मौके पर ही नष्ट करवा दिए.

शिमला. हिमाचल प्रदेश में दिवाली के त्योहार के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिमला के ओल्ड बस स्टैंड में मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान विभाग की टीम को मिठाइयों की गुणवत्ता और दुकानों में साफ-सफाई को लेकर कई गंभीर खामियां मिलीं. एक दुकान में बिक्री के लिए रखे गुलाब जामुन में कॉकरोच और रबर बैंड पाए गए. इसके बाद विभाग ने करीब 25 किलो गुलाब जामुन मौके पर ही नष्ट करवा दिए.

निरीक्षण के दौरान एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया. कुछ हलवाई चीनी की चाशनी साफ करने के लिए कपड़ों की रंगाई में इस्तेमाल होने वाले केमिकल ‘रंग काट’ का उपयोग कर रहे थे. खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए मिठाइयों के निर्माण में इस केमिकल का इस्तेमाल तुरंत बंद करने के निर्देश दिए.

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को क्षेत्र की पांच मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान दुकानों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की भी जांच की गई. कई दुकानों में साफ-सफाई के इंतजाम संतोषजनक नहीं पाए गए.

आगे भी दुकानों का निरीक्षण जारी रहेगा: असिस्टेंट कमिश्नर  

असिस्टेंट कमिश्नर फूड सेफ्टी डॉ. विजया ने बताया कि निरीक्षण में मिली खामियों को लेकर पांचों हलवाइयों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी और कोर्ट में चालान पेश किया जा सकता है. जिस दुकान में गुलाब जामुन में कॉकरोच और रबर बैंड मिले हैं, उसका लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है. उन्होंने बताया कि सभी कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं. त्योहारी सीजन के दौरान लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ मिठाइयां उपलब्ध करवाने के लिए विभाग की ओर से आगे भी दुकानों का निरीक्षण जारी रहेगा.



Source link