Last Updated:
Bihar Vidhan Parishad Recruitment: बिहार विधान परिषद की बहाली में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, निजी सहायक और स्टेनोग्राफर के 7 पदों के लिए हुई परीक्षा का परीक्षाफल घोषित हो चुका है, लेकिन विधान परिषद ने फिर से दक्षता जांच का निर्देश दिया है. आज होने वाली इस परीक्षा में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
बिहार विधान परिषद की नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका.
पटना. बिहार विधान परिषद में निजी सहायक और स्टेनोग्राफर के पदों पर बहाली को लेकर गड़बड़ी की आशंका के बीच चयन प्रक्रिया में नया मोड़ आ गया है. सात पदों के लिए परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद विधान परिषद ने सभी सफल अभ्यर्थियों की दोबारा दक्षता जांच कराने का निर्देश दिया है. विधान परिषद ने अंतिम परीक्षा परिणाम में सफल घोषित सातों उम्मीदवारों को फिर से जांच परीक्षा के लिए बुलाया है. इसके तहत सात पदों पर सीधी नियुक्ति के लिए घोषित परीक्षा परिणाम के बाद अब सभी सफल अभ्यर्थियों की दोबारा शॉर्टहैंड दक्षता जांच होगी.
जानकारी के मुताबिक, यह परीक्षा आज सुबह 11:30 बजे विधान परिषद के विस्तारित भवन में आयोजित की जाएगी और परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है. सूत्रों के अनुसार परिणाम घोषित होने के बाद कुछ अभ्यर्थियों की दक्षता पर सवाल उठे थे. इसी कारण विधान परिषद ने दोबारा जांच का फैसला लिया है. आज की परीक्षा के बाद ही अंतिम नियुक्ति पर फैसला होगा.
रिजल्ट घोषित होने के बाद दोबारा दक्षता जांच का निर्देश
बता दें कि विज्ञापन संख्या 02/2025 के तहत निजी सहायक और स्टेनोग्राफर के सात पदों पर सीधी नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है. परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद विधान परिषद की ओर से सभी सफल अभ्यर्थियों की फिर से दक्षता जांच कराने का निर्देश दिया गया है. इसके तहत सभी सात उम्मीदवारों को आज होने वाली शॉर्टहैंड जांच परीक्षा में शामिल होने के लिए बुलाया गया है.
सीसीटीवी की निगरानी में होगी परीक्षा
दोबारा दक्षता जांच परीक्षा विधान परिषद के विस्तारित भवन के भीतर ही आयोजित की जाएगी. परीक्षा की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. इसके अलावा परीक्षा को व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है. परीक्षा के दौरान निगरानी और व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट की भी ड्यूटी लगाई गई है.
बहाली प्रक्रिया पर उठे सवाल
परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद सभी सात सफल अभ्यर्थियों को दोबारा दक्षता जांच के लिए बुलाए जाने से बहाली प्रक्रिया चर्चा में आ गई है. हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार दोबारा जांच कराने के निर्देश के पीछे गड़बड़ी की आशंका को लेकर स्पष्ट आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है. ऐसे में जांच परीक्षा के बाद ही बहाली प्रक्रिया की अगली स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.