Last Updated:
Bihar MLC Election Results JDU Review Meeting: बिहार विधान परिषद चुनाव में चार में से तीन सीटों पर हार और पटना स्नातक सीट पर जीत के बाद भी जनता दल यूनाइटेड के भीतर हलचल तेज है. चुनावी नतीजों के बाद अब पार्टी हार और जीत का हिसाब करेगी. इसके लिए बृहस्पतिवार (5 नवंबर) को जेडीयू कार्यालय में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक बुलाई गई है. जानकारी के अनुसार, इसमें उम्मीदवारों के साथ उन जिलों के अध्यक्ष भी शामिल होंगे, जहां विधान परिषद चुनाव हुए थे. जिला अध्यक्षों की रिपोर्ट के आधार पर हार के कारणों और जिम्मेदार लोगों पर चर्चा होगी.
बिहार MLC चुनाव में हार के बाद JDU में मंथन, 5 नवंबर की बैठक
पटना. बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों ने जनता दल यूनाइटेड के भीतर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. चार सीटों में से तीन पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा, जबकि पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार ने कड़े मुकाबले में जीत दर्ज की. इन नतीजों के बाद जेडीयू ने गुरुवार (5 नवंबर) को पार्टी कार्यालय में समीक्षा बैठक बुलाने का फैसला किया है. बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता करेंगे. इसमें चुनाव जीतने और हारने वाले उम्मीदवारों के साथ संबंधित जिलों के अध्यक्ष भी शामिल होंगे.
हार-जीत के कारणों पर होगी गहन समीक्षा
बताया जा रहा है कि जेडीयू की इस बैठक में विधान परिषद चुनाव के नतीजों का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा. पार्टी नेतृत्व यह जानने की कोशिश करेगा कि किन क्षेत्रों में संगठन कमजोर रहा, कहां चुनावी रणनीति में कमी हुई और किन कारणों से उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा. बैठक में उन लोगों की भूमिका पर भी चर्चा हो सकती है, जिन्हें चुनावी नतीजों के लिए जिम्मेदार माना जा रहा है. इस समीक्षा में जिला अध्यक्षों की रिपोर्ट को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
सारण शिक्षक और तिरहुत स्नातक सीट की समीक्षा
विधान परिषद चुनाव में सारण शिक्षक और तिरहुत स्नातक सीट पर जेडीयू उम्मीदवारों की हार को लेकर पार्टी के भीतर गंभीर चर्चा हो सकती है. इन सीटों पर पार्टी उम्मीदवारों की ओर से सहयोगी दलों को लेकर लगाए गए आरोप भी समीक्षा के केंद्र में रहेंगे. मिली जानकारी के अनुसार, पार्टी नेतृत्व यह जानने की कोशिश करेगा कि सहयोगी दलों के साथ तालमेल में कहां कमी रही और इसका चुनावी नतीजों पर कितना असर पड़ा.
पटना स्नातक सीट की जीत के बाद भी कई सवाल
बता दें कि पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार की जीत के बावजूद चुनाव के दौरान काफी विवाद हुआ था. नीरज कुमार ने चुनाव को लेकर शिकायत भी की थी. पार्टी ने मोकामा विधायक अनंत सिंह को नीरज कुमार के विरोध और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था. हालांकि, इस पूरे प्रकरण को लेकर पार्टी के भीतर अभी भी कई सवाल बाकी हैं.
श्याम रजक बोले-सभी पहलुओं पर होगी चर्चा
जेडीयू के वरिष्ठ नेता श्याम रजक ने समीक्षा बैठक की पुष्टि करते हुए कहा कि बैठक में चुनाव से जुड़े तमाम पहलुओं पर चर्चा होगी. उम्मीदवारों और जिला अध्यक्षों की रिपोर्ट पर गंभीरता से विचार किया जाएगा. इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता जो उचित समझेंगे, उस पर निर्णय लेंगे. ऐसे में 5 नवंबर की बैठक को जेडीयू के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.