नई दिल्ली: एक्ट्रेस रीता भादुड़ी ने अपने अभिनय करियर में कई ऐसे किरदार निभाए, जिनकी कहानी में भले ही कम जगह थी, लेकिन पर्दे पर उनकी मौजूदगी को नजरअंदाज करना मुश्किल था. उन्होंने साल 1975 की फिल्म ‘जूली’ में हीरोइन की सहेली का किरदार निभाया. ‘राजा’ में अपनी एक्टिंग के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड जीता. उन्होंने हर भूमिका को खास बनाया. करियर में उन्हें कभी लीड हीरोइन के तौर पर बड़ी पहचान नहीं मिली, लेकिन उन्होंने इसे अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया. उन्होंने मां, बहन, दोस्त और दादी के किरदारों में ऐसी छाप छोड़ी कि दर्शक उन्हें आज भी याद करते हैं.
4 नवंबर 1955 को लखनऊ में जन्मीं रीता भादुड़ी ने पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) से अभिनय की पढ़ाई की थी. उनकी मां चंद्रिमा भादुड़ी भी एक्ट्रेस थीं. रीता ने 1968 में फिल्म ‘तेरी तलाश में’ से अपने करियर की शुरुआत की. इसके बाद, साल 1975 में आई फिल्म ‘जूली’ ने उन्हें पहचान दिलाई. उन्होंने इस फिल्म में जूली की सहेली का किरदार निभाया था. फिल्म का गाना ‘ये रातें नई पुरानी’ भी उन पर फिल्माया गया था. फिल्म में उनका रोल छोटा था, लेकिन दर्शकों ने उन्हें नोटिस किया.
रीजनल सिनेमा में भी दिखाया टैलेंट
रीता भादुड़ी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. उन्होंने ‘सावन को आने दो’, ‘विश्वनाथ’, ‘अनुरोध’, ‘अंखियों के झरोखों से’, ‘किताब’ और ‘गोपाल कृष्ण’ जैसी फिल्मों में काम किया. 1979 में आई फिल्म ‘सावन को आने दो’ में उनके अभिनय को पसंद किया गया. वहीं, ‘अंखियों के झरोखों से’ में भी वह अहम भूमिका में नजर आईं. उन्होंने हिंदी फिल्मों के अलावा गुजराती और दूसरी रीजनल फिल्मों में भी काम किया.
कमल हासन के साथ किया काम
मलयालम फिल्म ‘कन्याकुमारी’ में कमल हासन के साथ रीता की भूमिका भी उनके करियर का अहम हिस्सा रही. 1990 के दशक में रीता ने कई बड़े सितारों के साथ फिल्मों में काम किया. वह ‘बेटा’, ‘हीरो नंबर 1’, ‘कभी हां कभी ना’, ‘तमन्ना’, ‘राजा’, ‘क्या कहना’ और ‘दिल विल प्यार व्यार’ जैसी फिल्मों में नजर आईं. 1995 में रिलीज हुई फिल्म ‘राजा’ में उन्होंने माधुरी दीक्षित और संजय कपूर के साथ काम किया. फिल्म में उनके अभिनय को काफी सराहना मिली और इसके लिए उन्हें फिल्मफेयर का बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का पुरस्कार भी मिला.
टीवी शोज से भी खूब कमाया नाम
रीता ने फिल्मों के साथ टीवी पर भी लगातार काम किया. उन्होंने करीब तीन दशक के करियर में 30 से ज्यादा टीवी शोज में अभिनय किया. ‘अमानत’, ‘हसरतें’, ‘एक महल हो सपनों का’, ‘कुमकुम’, ‘छोटी बहू’, ‘खिचड़ी’ और ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ उनके चर्चित शोज में शामिल हैं. कॉमेडी से लेकर फैमिली ड्रामा तक, उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए. टीवी पर उन्हें अक्सर मां, सास और दादी की भूमिकाओं में देखा गया. उनके आखिरी चर्चित किरदारों में टीवी शो ‘निमकी मुखिया’ की इमरती देवी शामिल थीं. इस किरदार में वह परिवार की बुजुर्ग महिला के रूप में नजर आईं. उन्होंने गुजराती फिल्म ‘तंबूरो’ में भी काम किया था, जो 2017 में रिलीज हुई. रीता भादुड़ी का 17 जुलाई 2018 को 62 साल की उम्र में निधन हो गया. उनके करियर में करीब 70 फिल्में और 30 से ज्यादा टीवी शोज शामिल रहे.