क्रिकेटर शमी के भाई मोहम्मद कैफ को HC से बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर लगी अंतरिम रोक, रेप से जुड़ा है केस 


Last Updated:

Mohammed Kaif : मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ के लिए गुड न्यूज है. उनकी गिरफ्तारी पर अदालत ने अंतरिम रोक लगा दी है. कैफ भी शमी की तरह एक क्रिकेटर हैं और बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट में खेलते हैं. महिला ने आरोप लगाया है कि कैफ ने शादी का झांसा देकर उनके साथ दुष्कर्म किया है.

Top Deals Inside

शमी के भाई मोहम्मद कैफ को HC से बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर लगी अंतरिम रोकZoom

मोहम्मद कैफ को मिली राहत.

लखनऊ : भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ को बड़ी राहत मिली है. हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगाई है. बता दें, मोहम्मद कैफ भी अपने भाई की तरह एक क्रिकेटर हैं. उन पर लखनऊ की एक महिला ने कथित तौर पर रेप का आरोप लगाया है. महिला का आरोप है कि कैफ ने उन्हें शादी का झांसा देकर अलग-अलग जगहों पर दुष्कर्म किया. दोनों की दोस्ती सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी.

अदालत ने निर्देश दिया कि शादी का झूठा वादा करके यौन संबंध बनाने के आरोपों में उनके खिलाफ दर्ज FIR के मामले में उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाएगा. यह आदेश अगली सुनवाई की तारीख लागू रहेगा. जस्टिस रजनीश कुमार और जस्टिस जफीर अहमद की खंडपीठ ने 24 अक्टूबर को यह आदेश पारित किया. यह आदेश कैफ की उस आपराधिक रिट याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया, जिसमें उन्होंने लखनऊ के एक पुलिस स्टेशन में अपने खिलाफ दर्ज FIR को चुनौती दी थी.

हालांकि, कोर्ट ने कैफ को जांच में सहयोग करने का निर्देश दिया. कोर्ट ने आदेश दिया कि अगली सुनवाई की तारीख तक याचिकाकर्ता को इस FIR के सिलसिले में गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, लेकिन उसे जांच में सहयोग करना होगा. इस साल 13 सितंबर को उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 (BNS) की धारा 69 (धोखाधड़ी आदि के जरिए यौन संबंध बनाना) और 351 (3) (आपराधिक धमकी) के तहत FIR दर्ज की गई. इसके बाद कैफ ने एफआईआर रद्द कराने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था.

यह है मामला

उनकी ओर से पेश हुए वकील नदीम मुर्तजा ने दलील दी कि यह FIR एक गलत और मनगढ़ंत कहानी पर आधारित है और याचिकाकर्ता ने कभी शादी का कोई वादा नहीं किया था. यह भी तर्क दिया गया कि यह उन्हें बदनाम करने के लिए दर्ज कराई गई है. शिकायतकर्ता ने सबसे पहले 29 अप्रैल, 2026 को सोशल मीडिया पॉडकास्ट में ये आरोप लगाए थे. याचिका का विरोध करते हुए शिकायतकर्ता के वकील ने कहा कि FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत एक संज्ञेय अपराध (Cognizable Offence) का मामला बनता है.

राज्य ने अदालत को यह भी बताया कि जांच अधिकारी ने उच्च अधिकारियों से FIR को दिल्ली स्थानांतरित करने की सिफारिश की, क्योंकि मुख्य आरोप दिल्ली से जुड़े हैं. बताया गया कि यह मामला अभी लखनऊ के पुलिस उपायुक्त (DCP) के पास लंबित है. इसके जवाब में कैफ के वकील ने कहा कि FIR को स्थानांतरित करने की सिफारिश पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है और याचिकाकर्ता को गिरफ्तारी का डर है. अतिरिक्त सरकारी वकील (AGA) ने इस बारे में निर्देश प्राप्त करने के लिए समय मांगा कि क्या स्थानांतरण की सिफारिश पर कोई निर्णय लिया गया है या नहीं. इन दलीलों पर ध्यान देते हुए अदालत ने निर्देश दिया कि जब तक मामला अगली बार सूचीबद्ध (लिस्ट) नहीं होता, तब तक कैफ को इस FIR के सिलसिले में गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, बशर्ते वह जांच में सहयोग करे.

कौन हैं मोहम्मद कैफ?
मोहम्मद कैफ भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के भाई हैं. कैफ भी एक क्रिकेटर हैं. राइट आर्म मीडियम पेसर कैफ ने साल 2021 में बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था. घरेलू क्रिकेट में कैफ अब तक कुल 14 फर्स्ट क्लास, 9 लिस्ट ए और 1 टी20 मैच खेल चुके हैं. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कैफ ने 43 विकेट अपने नाम किए हैं, जबकि लिस्ट ए में उनके नाम 12 विकेट हैं. इसके अलावा कैफ निचले क्रम में बल्लेबाजी करने की भी क्षमता रखते हैं, लेकिन रेप जैसे गंभीर आरोप लगने के बाद अब कैफ का करियर खतरे में है.



Source link