अग्निवीर अब 6 साल कर सकेंगे नौकरी, मुजफ्फरपुर के युवा बोले- स्थायी नौकरी भी मिले

अग्निवीर अब 6 साल कर सकेंगे नौकरी, मुजफ्फरपुर के युवा बोले- स्थायी नौकरी भी मिले


Last Updated:

अग्निवीर की नौकरी कर रहे ऐसे लोग जो कहीं ना कहीं चाहते थे कि उन्हें 1-2 साल और नौकरी करने का मौका मिल जाता तब तक वह अपने लिए आय का कुछ दूसरा जरिया तैयार कर लेते. अब अग्निवीरों को चार साल की नौकरी के बाद 2 साल का अतिरिक्त कार्यकाल देने का फैसला लिया है. इस दौरान उन्हें बढ़ा हुआ वेतन और विस्तारित सेवा निधि का लाभ दिया जाएगा.

ख़बरें फटाफट

मुजफ्फरपुर: अग्निवीर योजना को लेकर केंद्र सरकार ने बुधवार को बड़ा फैसला लिया है. अब चार साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा अवसर (एक्सटेंशन) देने का रास्ता साफ हो गया है. इसके साथ ही उनका सेवा कार्यकाल छह साल तक हो गया है. केंद्रीय कैबिनेट के इस फैसले की जानकारी चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने दी. नए प्रावधान के तहत पहले 25 प्रतिशत अग्निवीरों को मेरिट के आधार पर नियमित सेना में शामिल किया जाएगा, जबकि शेष 75 प्रतिशत को दो साल के अतिरिक्त कार्यकाल का अवसर मिलेगा. इसके बाद नियमित सेना में शामिल होने के लिए उनकी इच्छा और निर्धारित चयन मानदंडों के आधार पर विचार किया जाएगा.

सरकार के इस फैसले के बाद मुजफ्फरपुर के एलएस कॉलेज मैदान में अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से लोकल 18 ने बातचीत की. यहां सुबह-शाम बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती होने के लिए दौड़ और शारीरिक अभ्यास करते नजर आते हैं. युवाओं ने सरकार के फैसले को एक सकारात्मक कदम बताया, लेकिन स्थायी नौकरी की मांग भी उठाई.

अग्निवीर की तैयारी कर रहे रामा सिंह ने कहा कि चार साल की जगह छह साल का अवसर मिलना अच्छी बात है. इससे युवाओं को सेना में दो साल अतिरिक्त सेवा करने का मौका मिलेगा. हालांकि, उनका कहना है कि अग्निवीर योजना के तहत सेवा अवधि को स्थायी किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सेना के जवान देश की रीढ़ होते हैं. युद्ध के समय जवानों के मन में अपने परिवार और भविष्य की चिंता नहीं होनी चाहिए इसलिए सेना में स्थायी नौकरी की व्यवस्था जरूरी है.

कई युवा नहीं मानते बड़ा बदलाव
पहली बार अग्निवीर भर्ती में शामिल होने जा रहे टुड्डू कुमार ने कहा कि चार साल की जगह छह साल करने से बहुत अधिक फायदा नहीं होगा. उनका मानना है कि युवाओं को पहले की तरह स्थायी बहाली का अवसर मिलना चाहिए. उन्होंने बताया कि उनका लिखित परीक्षा का परिणाम आ चुका है और अब वे शारीरिक परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं.

दूसरी ओर, मानस ने सरकार के फैसले को युवाओं के लिए अतिरिक्त अवसर बताया. उन्होंने कहा कि छह साल तक सेवा करने का मौका मिलना अच्छी बात है, लेकिन इसके बाद भी स्थायी नौकरी की गारंटी स्पष्ट होनी चाहिए. उनका कहना है कि चार साल तक मेहनत करने के बाद युवाओं के सामने भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी रहती है.



Source link