नेपाल के माउंट एवरेस्ट इलाके में हुए दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसे में अब एक नया और रोंगटे खड़े कर देने वाला मोड़ सामने आया है. इस भयानक दुर्घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें साफ दिख रहा है कि जब दोनों हेलीकॉप्टर लैंडिंग की तैयारी कर रहे थे, जमीन पर खड़े लोग बड़ी खुशी से हाथ लहराकर उनका स्वागत कर रहे थे. लेकिन अगले ही पल कुछ ऐसा हुआ कि खुशी का माहौल पलभर में चीख-पुकार और चीखों में बदल गया. लैंडिंग के समय अचानक दोनों हेलीकॉप्टरों की रोटर ब्लेड्स आपस में टकरा गईं और जोरदार धमाके के साथ दोनों हेलीकॉप्टरों के धड़ कटकर बर्फ पर जा गिरे.
नेपाल हेलीकॉप्टर क्रैश, सेकंडों में कैसे बदला नजारा?
इस ड्रामाटिक वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि हेलीपैड पर मौजूद लोग पहले हाथ हिलाकर पायलटों को इशारा कर रहे थे लेकिन जैसे ही हवा में दोनों हेलीकॉप्टर एक-दूसरे के बेहद करीब आए और उनके पंखे टकराए, आसमान में मलबे के टुकड़े उड़ने लगे.
हेलीकॉप्टर कंट्रोल खोकर तेजी से नीचे गिरने लगे. ये खौफनाक मंजर देखते ही जमीन पर खड़े लोग अपनी जान बचाने के लिए बर्फ से ढके मैदान की तरफ बदहवास होकर भागने लगे. टक्कर इतनी भीषण थी कि लैंडिंग एरिया के चारों तरफ हेलीकॉप्टर का मलबा बिखर गया और बर्फ पर सिर्फ धुएं का गुबार दिखाई देने लगा.
हादसे के चंद सेकंड पहले क्या हुआ था?
नेपाल पुलिस द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ये हादसा मंगलवार सुबह सोलुखुम्बू जिले के खुम्बु पासांग ल्हामू रूरल म्यूनिसिपैलिटी के वार्ड नंबर 4 स्थित फेरिचे इलाके में हुआ.
- हादसे की जगह: फेरिचे वही इलाका है जो राजधानी काठमांडू से लगभग 150 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में माउंट एवरेस्ट बेस कैंप के रास्ते पर पड़ता है.
- समय और कंपनियां: सुबह करीब 8:11 बजे ये टक्कर हुई. हादसे में शामिल एक हेलीकॉप्टर ‘फिशटेल एयर’ का था और दूसरा ‘एयर डायनेस्टी’ कंपनी का था. दोनों ही हेलीकॉप्टर एक साथ फेरिचे में लैंड करने की कोशिश कर रहे थे, तभी संतुलन बिगड़ने से हवा में ही रोटर ब्लेड्स आपस में उलझ गए.
हादसे का शिकार हुए लोग: एक भारतीय की मौत, न्यूजीलैंड निवासी घायल
जैसे-जैसे इस मामले में नई जानकारी सामने आ रही है, हताहतों का आंकड़ा भी साफ होता जा रहा है. पुलिस ने पुष्टि की है कि इस दर्दनाक हादसे में एक 47 वर्षीय भारतीय नागरिक की जान चली गई है, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया है.
- मृतक की पहचान: हादसे में जान गंवाने वाले 47 वर्षीय भारतीय नागरिक की पहचान वसंत कुमार बालारामरामदु के रूप में हुई है. वह फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे.
- घायल यात्री की स्थिति: इसी हेलीकॉप्टर में सवार 49 वर्षीय शैलेश कृष्णा पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. शैलेश भारतीय मूल के हैं और न्यूजीलैंड में रहते हैं. उन्हें तुरंत नजदीकी चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया है.
नेपाल हेलीकॉप्टर क्रैश वीडियो (क्रेडिट- @thetatvaindia/ट्विटर)
जांच की दिशा और नेपाल का खतरनाक एयर स्पेस
इस वीडियो के सामने आने के बाद अब एविएशन अथॉरिटी और नेपाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जब दोनों हेलीकॉप्टर एक ही समय पर लैंड कर रहे थे, तो एयर ट्रैफिक और विजिबिलिटी की क्या स्थिति थी. फेरिचे का इलाका अत्यधिक ऊंचाई पर स्थित है, जहां हवा का दबाव और मौसम सेकंडों में बदल जाता है.
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हेलीपैड पर सीमित जगह होने और एक साथ दो उड़ानों की लैंडिंग के तालमेल में चूक को इस दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर नीचे खड़े लोग समय रहते पीछे न हटते, तो मलबे की चपेट में आने से कई और लोग भी अपनी जान गंवा सकते थे.
नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में हेलीकॉप्टर हादसों का ये कोई पहला मामला नहीं है, लेकिन जिस तरह से लैंडिंग के दौरान हवा में रोटर टकराने का ये लाइव वीडियो सामने आया है, उसने नेपाल में एविएशन सेफ्टी और पायलटों के तालमेल पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.