सोने की कीमतों में उतार चढ़ाव देख लोग अब सोने के गहने खरीदने और इसमें निवेश करने से हाथ खींच रहे हैं. वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) की मंगलवार 3 नवंबर को जारी आंकड़ों के मुताबिक, 2026 की जुलाई-सितंबर तिमाही में दुनिया में ज्वेलरी के लिए सोने की मांग एक साल पहले के मुकाबले 19 फीसदी घट गई. वहीं, निवेश के लिए सोने की मांग में भी 14 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.
आंकड़ों के मुताबिक, तीसरी तिमाही में ज्वेलरी के लिए दुनिया में 340.1 टन सोना खरीदा गया. पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 420 टन था. यानी एक साल में ज्वेलरी की खरीदारी 79.9 टन कम हो गई. निवेश के लिए भी सोने की मांग कमजोर पड़ी है. जुलाई-सितंबर 2026 में निवेश के लिए 479 टन सोना खरीदा गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह मांग 554.3 टन थी. इस तरह इसमें सालाना आधार पर 14 फीसदी की कमी आई.
सोने के सिक्के और बार खरीदने वालों की संख्या भी घटी
सोने में निवेश करने के लिए लोग आमतौर पर गोल्ड बार और सिक्के खरीदते हैं. इस कैटेगरी में भी मांग कम हुई है. तीसरी तिमाही में बार और कॉइन की मांग 19 फीसदी घटकर 267.8 टन रह गई. पिछले साल इसी अवधि में यह 328.6 टन थी. गोल्ड ETF के जरिए निवेश करने वालों की मांग में भी कमी आई. गोल्ड ETF में सोने की मांग एक साल पहले के 225.7 टन से 6 फीसदी घटकर 211.2 टन रह गई.
सेंट्रल बैंक कर रहे सोने की खरीदारी
एक तरफ आम खरीदार और निवेशक सोने से दूरी बना रहे हैं, वहीं दुनिया के केंद्रीय बैंक लगातार इसकी खरीदारी कर रहे हैं. वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के मुताबिक, 2026 की तीसरी तिमाही में दुनिया के केंद्रीय बैंकों और अन्य संस्थानों ने 321.2 टन सोना खरीदा. पिछले साल इसी तिमाही में केंद्रीय बैंकों और अन्य संस्थानों की खरीदारी 226.3 टन थी. यानी इस बार उनकी खरीद में 42 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
दुनिया में सोने की कुल मांग में मामूली कमी
ज्वेलरी और निवेश की मांग घटने के बावजूद दुनिया में सोने की कुल मांग में बहुत बड़ी गिरावट नहीं आई. जुलाई-सितंबर 2026 में कुल मांग 1,368.6 टन रही. पिछले साल इसी अवधि में यह 1,383.2 टन थी. इस तरह कुल मांग में सालाना आधार पर करीब 1 फीसदी की कमी आई.
दूसरी तरफ, सोने का उत्पादन बढ़ा है. तीसरी तिमाही में खदानों से 1,070.9 टन सोना निकाला गया, जबकि 2025 की समान अवधि में यह उत्पादन 1,040.7 टन था. यानी खदानों से सोने का उत्पादन सालाना आधार पर 3 फीसदी बढ़ा है.