हिमाचल में कांग्रेस विधायक नंद लाल के निधन के बाद 2027 विधानसभा चुनाव से पहले क्या रामपुर में उपचुनाव होंगे, क्या कहता है नियम?

हिमाचल में कांग्रेस विधायक नंद लाल के निधन के बाद 2027 विधानसभा चुनाव से पहले क्या रामपुर में उपचुनाव होंगे, क्या कहता है नियम?


शिमला. हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले की रामपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक नंद लाल के निधन के बाद अब सीट खाली हो गई है और ऐसे में यहां पर अब उपचुनाव होंगे. यानी हिमाचल प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले उपचुनाव होने जा रहा है. इसे कहीं ना कहीं सत्ता का सेमिफाइनल कहा जा सकता है.

दरअसल, मंगलवार सुबह वित्तायोग के अध्यक्ष नंद लाल ने 72 साल की उम्र में अंतिम सांस ली. नंद लाल ने वर्ष 2007 में रामपुर विधानसभा क्षेत्र से अपना पहला चुनाव लड़ा था और जीता था. उन्होंने 2007 में भाजपा प्रत्याशी बृज लाल को 6,470 वोटों से हराया था और पहली बार विधायक बने. साल 2012 के विधानसभा चुनाव में नंद लाल ने 9,471 मतों के अंतर से जीत हासिल की. उस समय प्रदेश में वीरभद्र सरकार बनी. वह पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के करीबी थे.  2017 में भी वह 4,037 मतों से विजयी रहे और फिर साल 2022 के विधानसभा चुनाव में मुकाबला काफी करीबी रहा और उन्होंने 567 मतों के अंतर से जीत दर्ज की और कौल सिंह नेगी को हराया.

क्या है नियम

जानकारी के अनुसार, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 151A के अनुसार, यदि किसी विधायक का निधन, इस्तीफा या अयोग्यता के कारण विधानसभा सीट खाली होती है, तो चुनाव आयोग को वहां 6 महीने के भीतर उपचुनाव कराना अनिवार्य होता है. हालांकि, यह नियम तभी लागू होता है जब संबंधित सीट पर विधायक का शेष कार्यकाल 1 वर्ष या उससे अधिक बचा हो. यदि रिक्त होने की तारीख से विधानसभा का कार्यकाल 1 वर्ष से कम बचा है, तो वहां उपचुनाव कराना अनिवार्य नहीं होता है. हालांकि, हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार का कार्यकाल दिसंबर 2027 तक है और ऐसे में विधानसभा चुनाव के लिए एक साल और डेढ़ महीने का वक्त बचा है.

पहले भी हुए थे उपचुनाव

हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार के कार्यकाल में 2024 में भी उपचुनाव हुए थे. तब 9 सीटों पर उपचुनाव हुआ था, जिसमें छह सीटें कांग्रेस और तीन सीटें भाजपा ने जीती थी. 2024 में राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के छह विधायकों ने बगावत कर दी थी और धर्मशाला, सुजानपुर, देहरा, लाहौल स्पीति, कुटलेहड़, बड़सर, हमीरपुर सदर, गगेरट और नालागढ़ में उपचुनाव हुए थे.

अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के कार्यक्रम रद्द

रामपुर से कांग्रेस विधायक के निधन पर सुक्खू सरकार ने अब रामपुर के प्रसिद्ध लवी मेला कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है. एसडीएम  ने बताया कि विधायक नंद लाल जी का निधन रामपुर क्षेत्र एवं समस्त प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है. सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान तथा क्षेत्र के विकास के लिए किए गए कार्यों को सदैव स्मरण किया जाएगा. उपमंडल प्रशासन रामपुर बुशहर की ओर से दिवंगत आत्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजली अर्पित की जाती है तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की जाती हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा परिवारजनों एवं शुभचिंतकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें. इस दुःखद घटना के चलते 3 नवम्बर, 2026 को अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाली पूर्व निर्धारित गतिविधियों को स्थगित किया जाता है.



Source link