Last Updated:
रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट है.फिल्म रिलीज के बेहद करीब है. लेकिन इसी बीच रणबीर कपूर का एक इंटरव्यू वायरल हो रहा है. इस इंटरव्यू में रणबीर कपूर ने कुछ ऐसा कर दिया कि जिससे फिल्म के तीसरे पार्ट यानी ‘रामायण 3’ को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. रणबीर की एक टिप्पणी ने फैंस को हैरान कर दिया है कि मेकर्स रामायण के दो नहीं बल्कि तीन पार्ट की तैयारी कर रहे हैं.
नई दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ को लेकर छाए हुए हैं. उनकी ये फिल्म लगातार सुर्खियों में हैं. फिल्म की स्टारकास्ट जमकर फिल्म का प्रोमोशन भी कर रही है. इसी बीच रणबीर का एक इंटरव्यू भी वायरल हो रहा है. इस इंटरव्यू में रणबीर कपूर ने फिल्म को लेकर कुछ ऐसा कहा कि लोग अब अंदाजा लगाने लगे हैं कि फिल्म का तीसरा पार्ट भी आ रहा है.
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ भारतीय महाकाव्य पर आधारित फिल्म है. इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी चर्चा है. फिल्म में भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर, सीता के रूप में साई पल्लवी और रावण के रूप में यश शामिल हैं. इनके अलावा, सनी देओल, रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय और अनुपम खेर जैसे कलाकार भी नजर आएंगे.
इस फिल्म में वह भगवान राम की भूमिका निभाने वाले रणबीर कपूर के फैंस का तो खुशी का ठिकाना ही नहीं है. दरअसल, रणबीर ने एक इंटरव्यू में कुछ ऐसा कह दिया है, जिसके बाद ‘रामायण 3’ को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं. लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या मेकर्स पर्दे पर रामायण की कहानी को दो नहीं, बल्कि तीन हिस्सों में दिखाने की तैयारी कर रहे हैं. हालांकि, फिल्म के तीसरे पार्ट को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है. (फोटो साभार:instagram@worldoframayana)
Add News18 as
Preferred Source on Google
दरअसल, रणबीर कपूर ने हाल ही में रिव्यू नेशन (Review Nation) को दिए एक इंटरव्यू में फिल्म की शूटिंग को लेकर बात की थी. उन्होंने फिल्म के इसके अगले पार्ट को लेकर भी चर्चा की. अपनी इस बातचीत में रणबीर ने बताया कि ‘रामायण’ के दूसरे पार्ट में वह अपना करीब 50 फीसदी काम पूरा कर चुके हैं. इतना ही नहीं, दूसरे पार्ट की शूटिंग भी शुरू हो चुकी है. फोटो साभार:instagram@vajraTheAstra
हमारी सहयोगी वेबसाइट न्यूज 18 इंग्लिश में प्रकाशित खबर के मुताबिक अपनी इसी बातचीत में रणबीर के मुंह से निकल गया उन्होंने कहा कि मैं दूसरे पार्ट का 50 फीसदी काम पूरा कर चुका हूं. हम इसकी शूटिंग भी कर रहे हैं. जब हम दूसरा पार्ट या तीसरा पार्ट पूरा करेंगे, अगर ऐसा कोई पार्ट बनता है तो… मुझे नहीं लगता कि यह फिल्म कभी हमारा पीछा छोड़ेगी. यह जिंदगी में एक बार मिलने वाला मौका है. फिल्म का नतीजा चाहे जो भी हो, मेरे लिए यह सिर्फ करियर को बदलने वाली नहीं, बल्कि जिंदगी को बदलने वाला एक्सपीरियंस रहेगा.
रणबीर कपूर का ये बयान तेजी से वायरल हो रहा है. सोशल मीडिया पर इस बयान को शेयर कर रहे हैं. फैंस के बीच तीसरे पार्ट को लेकर अटकलें लगने लगीं. कुछ लोग इस बात से खुश नजर आए कि शायद उन्हें रामायण की कहानी तीन फिल्मों में देखने को मिलेगी.कुछ तो रणबीर का मजाक उड़ा रहे हैं कि रणबीर ने फिल्म का इतना बड़ा राज खोल दिया.
सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो पर तरह तरह के कमेंट कर रहे हैं. एक यूजर ने उन्हें ‘स्पॉइलर कपूर’ तक कह दिया. वहीं, एक दूसरे यूजर ने लिखा कि रणबीर की इस बात को इंटरव्यू से आसानी से हटाया जा सकता था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया. एक फैन ने तो उनकी तुलना हॉलीवुड अभिनेता टॉम हॉलैंड से कर दी, जो अक्सर फिल्मों से जुड़े राज गलती से बता देते हैं.
बता दें कि नितेश तिवारी की रामायण में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण का किरदार निभा रहे हैं. करीब 4,000 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बन रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही है.हाल ही में लॉस एंजिल्स में फिल्म के प्रीमियर के दौरान उन्होंने बताया था कि शुरुआत में मेकर्स ने रामायण की कहानी को तीन हिस्सों में दिखाने के बारे में सोचा था. हालांकि, बाद में योजना बदल दी गई और इसे दो पार्ट में बनाने का फैसला लिया गया. फिल्म ‘रामायण’ का पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को दिवाली से पहले दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है.