Last Updated:
जिन लोगों के पास बचत का कुछ पैसा होता है और उन्हें समझ में नहीं आता कि इस पैसे को कहां निवेश करें जिससे कि उन्हें बहुत फायदा ना हो तो घाटा भी ना लगे. ऐसे में कई लोग खेत या जमीन में निवेश करने को सुरक्षित मानते हैं. तो यदि आप भी दरभंगा और आसपास के इलाके में रहते हैं और जमीन में पैसा निवेश करना चाहते हैं तो आपको हम एक ऐसे एरिया के बारे में बताने जा रहे हैं जहां तेजी से जमीनों के दाम बढ़ रहे हैं.
दरभंगा: अधिकांश लोग प्रॉपर्टी में निवेश को सबसे सेफ मानते हैं और यही वजह है कि इन दिनों जमीन में निवेश करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. लोग ऐसे शहरों में जमीन ज्यादा खरीद रहे हैं जहां लगातार सड़क, बिजली, पानी का विकास तेजी से हो रहा है और आसपास स्कूल, अस्पताल और दुकान आदि तेजी खुल रहे हैं. इससे जमीनों के दाम भी तेजी से बढ़े हैं. बिहार के दरभंगा जिले में भी विकास के कई काम हो रहे हैं. देखते ही देखते यह एक बड़ा शहर बन जाएगा. इसके लिए दरभंगा में 102 गांव ग्रीन सिटी के लिए चयनित किए गए हैं. इससे वहां के जमीन की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं. तो चलिए आपको बताते हैं कि यदि आप भी यहां जमीन खरीदने के बारे में सोच रहे हैं तो यहां का क्या रेट है और जमीन मालिकों का क्या कहना है.
इस बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए स्थानीय निवासी मन्नू यादव बताते हैं कि यह लोकेशन सबसे परफेक्ट है. यहां आपके घर के ऊपर से लगातार आकाश में हवाई जहाज उड़ते हुए देखने को मिलेंगे. यह एयरपोर्ट बेहद नजदीक है. यही वजह है कि आजकल दरभंगा के साथ-साथ आसपास के जिलों के लोग भी इन क्षेत्रों में जमीन में अपना निवेश कर रहे हैं. मन्नू यादव बताते हैं कि अभी बोरवारा पंचायत का गोरिया गांव है जहां बगल में ही ग्रीन सिटी एरिया सटा हुआ है. उन्होंने बताया कि यहां शहर के कई सारे जमीन ले चुके हैं.
इस गांव से सटे पश्चिम में ग्रीन सिटी एरिया में सरकार भूमि अधिग्रहण कर रही है. इस मौजे में जो गोरिया मौजा है, उसमें अभी खरीद-बिक्री चल रही है. इसी के बगल में पीररी मौजा है जहां जमीनों की खरीद-बिक्री पर फिलहाल रोक लगी हुई है. वहां की जमीनों की रजिस्ट्री नहीं हो सकती है. यह जानकारी वहां के स्थानीय किसानों ने दी है.
कीमत की बात करें तो अभी इस एरिया में सड़क किनारे जमीन ले रहे हैं तो 11 से 14 लाख रुपये के बीच में आपको प्रति कट्ठा जमीन मिल जाएगी. साइड इलाके में यानी लिंक रोड में लेते हैं तो 6 से 7 लाख रुपये प्रति कट्ठा जमीन मिल जाएगी.
यहां की सबसे खास बात यह है कि आपको जेनुइन और सीधे किसान से जमीन मिल जाती है. यहां पर आपको कोई ब्रोकर नहीं मिलेगा, जिससे ठगी का डर खत्म हो जाता है. इस लोकेशन से 5 किलोमीटर पर लहेरियासराय है, जहां दरभंगा जिले के सभी प्रशासनिक कार्यालय मौजूद हैं और एयरपोर्ट यहां से 3 किलोमीटर ही पड़ता है. अभी तक यहां दरभंगा शहर, फुलपरास, समस्तीपुर, मधुबनी इन जगहों के लोग निवेश कर चुके हैं.