मुरासु चक्रवाती तूफान ने बिगाड़ा मौसम का खेल, जहां ठंड को देनी चाहिए थी दस्‍तक, वहां सामान्‍य से ज्‍यादा हुआ तापमान

मुरासु चक्रवाती तूफान ने बिगाड़ा मौसम का खेल, जहां ठंड को देनी चाहिए थी दस्‍तक, वहां सामान्‍य से ज्‍यादा हुआ तापमान


कोलकाता. पश्चिम बंगाल में चक्रवात मुरासु के अप्रत्यक्ष प्रभाव के कारण सर्दी की शुरुआत में देरी हो रही है और राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है. हालांकि, मौसम विभाग ने मंगलवार को कहा कि पांच नवंबर से मौसम में सुधार होने की संभावना है. इसके साथ ही तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है और आठ नवंबर को काली पूजा से पहले राज्य में सर्दी का अहसास बढ़ने की उम्मीद है.

मौसम विभाग के अनुसार, आंध्र प्रदेश के तट पर चक्रवात मुरासु के दस्तक देने के बाद मंगलवार को पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है. चक्रवात के प्रभाव से आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है. इन राज्यों के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया है.

हालांकि, पश्चिम बंगाल में चक्रवात का सीधा प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके अप्रत्यक्ष असर से राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. मंगलवार को राज्य के सभी जिलों में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा. कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में मंगलवार को एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. उत्तर बंगाल के बाकी तीन जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है.

बंगाल में कहां होगी बारिश
दक्षिण बंगाल में मंगलवार को कुछ जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, कोलकाता, हावड़ा, हुगली, पूर्वी मेदिनीपुर, पश्चिमी मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा और पुरुलिया में अलग-अलग स्थानों पर बारिश तथा गरज के साथ तूफान आने का पूर्वानुमान जताया है. दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने बुधवार से शनिवार तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में शुष्क मौसम रहने का अनुमान जताया है. इस दौरान बारिश की संभावना धीरे-धीरे कम होती जाएगी. बादलों का आवरण हटने के साथ ही रात के तापमान में क्रमिक गिरावट आने की उम्मीद है.

बादल छंटने के बाद ही आएगी सर्दी
मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बारिश और बादलों का प्रभाव कम होने के बाद तापमान में गिरावट सर्दी के आगमन के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार करेगी. ऐसे में काली पूजा के आसपास पश्चिम बंगाल में सर्दी का अहसास बढ़ सकता है. हालांकि, तापमान में गिरावट की गति मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर करेगी.

कितना रहा तापमान
इस बीच, कोलकाता में सोमवार को अधिकतम तापमान 31.04 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से मामूली अधिक था. शहर का न्यूनतम तापमान 25.02 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.03 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को कोलकाता में सापेक्ष आर्द्रता (Humidity) 67 से 95 प्रतिशत के बीच रही. वातावरण में नमी का स्तर अधिक रहने से शहर में गर्मी और उमस का असर बना हुआ है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में बादलों और बारिश का प्रभाव कम होने के साथ तापमान में गिरावट आने की संभावना है. इससे राज्य में सर्दी की शुरुआत का इंतजार कर रहे लोगों को राहत मिल सकती है.



Source link