Last Updated:
Tomato Perugu Pachadi Recipe: दक्षिण भारत की पारंपरिक टमाटर पेरगु पच्चड़ी एक आसान रायता रेसिपी है, जो साधारण खाने का स्वाद बढ़ा देती है. टमाटर, दही और चुनिंदा मसालों से तैयार होने वाली यह डिश सिर्फ 10 मिनट में बनकर तैयार हो जाती है. अगर आप रोजाना के रायते से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो साउथ इंडियन स्टाइल की यह खास रेसिपी आपके खाने में नया स्वाद और ताजगी जोड़ सकती है.
हैदराबाद: भारतीय खानपान में चटनी और रायते का स्थान हमेशा से अहम रहा है. दक्षिण भारत के पारंपरिक घरों में बनने वाली टमाटर पेरगु पच्चड़ी स्वाद और सेहत का एक शानदार संतुलन है. इसमें टमाटर की खटास, हरी मिर्च का तीखापन और दही की ताजगी मिलकर एक लाजवाब स्वाद तैयार करते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में न तो ज्यादा समय लगता है और न ही किसी खास सामग्री की जरूरत होती है.
आवश्यक सामग्री
2 पके हुए टमाटर बारीक कटे हुए
2 हरी मिर्च कटी हुई
1 कप ताजा और गाढ़ा दही
बारीक कटा हरा धनिया
1 चम्मच तेल
आधा चम्मच चना दाल और आधा चम्मच उड़द दाल
आधा चम्मच राई और थोड़ा सा जीरा
आधा चम्मच हींग
1 चम्मच कुटी हुई सूखी लाल मिर्च
चुटकी भर हल्दी और स्वादानुसार नमक
बनाने की विधि
सबसे पहले एक पैन या कड़ाही में एक चम्मच तेल गरम करें। तेल गरम होने पर उसमें चना दाल, उड़द दाल, राई, जीरा और हींग डालें. जब दालें हल्की सुनहरी हो जाएं, तो इसमें कुटी हुई लाल मिर्च डालें और कुछ सेकंड भूनकर तड़के को एक अलग बर्तन में निकाल लें. अब उसी पैन में बारीक कटे टमाटर और हरी मिर्च डालें. साथ ही चुटकी भर हल्दी और स्वादानुसार नमक मिलाएं. धीमी आंच पर ढककर टमाटर के पूरी तरह गलने और मैश होने तक पकाएं.
मिश्रण को पूरी तरह सामान्य तापमान पर ठंडा होने दें
जब टमाटर अच्छे से पक जाएं, तो गैस बंद कर दें और टमाटर के मिश्रण को पूरी तरह सामान्य तापमान पर ठंडा होने दें. ध्यान रहे गरम टमाटर में दही मिलाने से दही फट सकता है. टमाटर ठंडे होने के बाद उसमें तैयार किया हुआ तड़का, बारीक कटा हरा धनिया और ताजा दही डालें. अब चम्मच या हाथ से इसे तब तक अच्छी तरह मिलाएं जब तक कि दही की सारी गांठें खत्म न हो जाएं और यह एक क्रीमी टेक्सचर में न आ जाए. स्वादिष्ट और खुशबूदार टमाटर पेरगु पच्चड़ी तैयार है। इसे गरमा-गरम चावल, घी, रोटी या डोसे के साथ परोसें.