बिलासपुर. दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है. घरों को रोशन करने से लेकर नए अंदाज में सजाने तक लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं. खासकर इलेक्ट्रॉनिक्स और फर्नीचर बाजार में ग्राहकों का उत्साह देखते ही बन रहा है. बिलासपुर में दीपावली के मौके पर इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारियों को करीब 50 करोड़ रुपये के व्यापार की उम्मीद है. बाजार में टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मिक्सर, माइक्रोवेव, किचन अप्लायंसेस से लेकर आधुनिक फर्नीचर और बेडरूम सेट तक की खूब मांग है. खास बात यह है कि इस बार नामी कंपनियों की ओर से ग्राहकों को करीब 15 प्रतिशत छूट तक के कंज्यूमर ऑफर दिए जा रहे हैं. इसके अलावा क्रेडिट कार्ड कैशबैक, आसान फाइनेंस, कम प्रोसेसिंग फीस और पुराने सामान के बदले नए प्रोडक्ट लेने की सुविधा भी मिल रही है. बिलासपुर के श्री शारदा एंटरप्राइजेज में भी दीपावली की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ पहुंच रही है. यहां 50 से अधिक ब्रांड के प्रोडक्ट उपलब्ध हैं और 10 हजार रुपये से अधिक की खरीदारी पर निश्चित उपहार दिया जा रहा है. बिलासपुर इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णु मुरारका के मुताबिक, शहर की 56 इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों के बीच दीपावली तक करीब 50 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है.
बिलासपुर के श्री शारदा एंटरप्राइजेज के संचालक सुमीत मुरारका ने लोकल 18 से कहा कि दीवाली के अवसर पर ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर शुरू किए गए हैं. हर साल की तरह इस बार भी बाजार में स्क्रैच कार्ड, लकी ड्रॉ और फ्री गिफ्ट जैसी योजनाएं देखने को मिल रही हैं. श्री शारदा एंटरप्राइजेज में 10 हजार रुपये से अधिक की खरीदारी करने पर ग्राहकों को निश्चित उपहार दिया जा रहा है. यहां एलजी, सैमसंग, वोल्टाज, गोदरेज, बीपीएल, पैनासॉनिक और ब्लू स्टार समेत करीब 50 से 52 कंपनियों के प्रोडक्ट उपलब्ध हैं. किचन से लेकर बेडरूम तक इस्तेमाल होने वाले लगभग सभी तरह के इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू सामान एक ही जगह मिल रहे हैं. इसमें टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मिक्सर, चूल्हा और अन्य किचन अप्लायंसेस के साथ फर्नीचर भी शामिल हैं.
क्रेडिट कार्ड पर भी मिल रहा फायदा
इस बार कंपनियों की तरफ से ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बेहतर कंज्यूमर ऑफर दिए जा रहे हैं. सुमीत मुरारका के मुताबिक, सामान्य दिनों में क्रेडिट कार्ड पर मिलने वाला कैशबैक करीब 5 से 7 प्रतिशत रहता है जबकि इस बार कंपनियों की ओर से लगभग 15 प्रतिशत तक के कंज्यूमर ऑफर दिए जा रहे हैं. इसके साथ ही बजाज फाइनेंस, HDFC और IDFC जैसी फाइनेंस कंपनियों के माध्यम से भी खरीदारी की सुविधा उपलब्ध है. जहां सामान्य तौर पर प्रोसेसिंग फीस 5 से 7 प्रतिशत तक होती है, वहीं इस बार इसे घटाकर लगभग 2 से 3 प्रतिशत तक किया गया है. इससे ग्राहकों को खरीदारी पर अतिरिक्त बचत का मौका मिल रहा है.
पुराने सामान के बदले नया सामान
दीपावली पर पुराने सामान को बदलकर नया प्रोडक्ट खरीदने का चलन भी तेजी से बढ़ रहा है. श्री शारदा एंटरप्राइजेज में सालभर एक्सचेंज की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है. खास बात यह है कि यहां ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से अलग-अलग कैटेगरी के सामान भी एक्सचेंज कर सकते हैं. उदाहरण के तौर पर पुराने फ्रिज के बदले वॉशिंग मशीन या पुरानी वॉशिंग मशीन के बदले नया टीवी लेने की सुविधा दी जा रही है. इसके अलावा पुराने सोफे और फर्नीचर को बदलकर आधुनिक डिजाइन के सोफे, एल शेप सोफा, सेंटर टेबल और डाइनिंग सेट भी खरीदे जा सकते हैं. इससे ग्राहकों को पुराना सामान हटाकर घर को नए अंदाज में सजाने का मौका मिल रहा है.
टीवी के साथ फर्नीचर की बढ़ी मांग
दीवाली बाजार में टीवी के साथ फर्नीचर की मांग भी काफी अच्छी बताई जा रही है. सुमीत मुरारका के मुताबिक, अब लोग घरों में पुराने फर्नीचर को बदलकर आधुनिक डिजाइन के बेड, सोफा और मैट्रेस खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं. पहले लोग पलंग, अलमारी और ड्रेसिंग टेबल जैसे सामान कारपेंटर से बनवाते थे, जिसमें काफी समय लगता था लेकिन अब बाजार में एक ही डिजाइन और पैटर्न के रेडीमेड बेडरूम सेट उपलब्ध हैं. इसमें पलंग, अलमारी, ड्रेसिंग टेबल और साइड टेबल तक एक साथ मिल जाते हैं. उन्होंने बताया कि शहर में नए आने वाले परिवारों के लिए भी घर सजाने के कई विकल्प हैं. दो बेडरूम, किचन, डाइनिंग और लिविंग हॉल सहित घर का पूरा सेटअप लगभग 5 से 7 लाख रुपये के बजट में तैयार किया जा सकता है.
दीपावली तक 50 करोड़ के कारोबार की उम्मीद
बिलासपुर इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णु मुरारका ने कहा कि बिलासपुर इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार का बड़ा केंद्र बन चुका है. शहर में अब लगभग सभी प्रमुख कंपनियों के प्रोडक्ट की बिक्री के साथ उनकी सर्विस और सपोर्ट की सुविधा भी उपलब्ध है. एसोसिएशन में कुल 56 सदस्य हैं और दीपावली के दौरान इन दुकानों के बीच करीब 50 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है. सामान्य दिनों में भी इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में अच्छा व्यवसाय होता है लेकिन त्योहार के समय कंपनियों की विशेष योजनाओं, एक्सचेंज ऑफर और ईएमआई की सुविधा के कारण बिक्री बढ़ जाती है. उनके मुताबिक, एक दिन में ही एसोसिएशन से जुड़ी दुकानों में करीब 10 से 15 करोड़ रुपये तक के कारोबार की संभावना है.
व्यापारियों की ग्राहकों से अपील
विष्णु मुरारका ने बिलासपुर के लोगों से अपील की है कि वे दीपावली के दौरान कंपनियों की ओर से दिए जा रहे विशेष ऑफर्स का लाभ उठाएं. उन्होंने कहा कि त्योहार के बाद कंपनियों के ऑफर और छूट में बदलाव हो सकता है. ऐसे में जो लोग टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन या अन्य घरेलू सामान खरीदने की योजना बना रहे हैं, वे मौजूदा ऑफर्स की जानकारी लेकर खरीदारी कर सकते हैं. कुल मिलाकर इस बार बिलासपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स और फर्नीचर बाजार में अच्छी रौनक है. कारोबारियों को उम्मीद है कि दीपावली तक ग्राहकों की भीड़ और खरीदारी का सिलसिला जारी रहेगा और शहर का इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार करीब 50 करोड़ रुपये के कारोबार का आंकड़ा छू सकता है.