Last Updated:
Purvanchal Startup Samvad: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में ‘पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद 2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है. प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) राज्य विश्वविद्यालय प्रयागराज और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय लखनऊ के सहयोग से आयोजन हो रहा है. इस संवाद में 17 विश्वविद्यालयों के कुलपति, 1000 से अधिक डेलीगेट्स और 50 से अधिक स्टार्टअप एक्सपो हिस्सा लेंगे. इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल यूनिवर्सिटी परिसर में कई नवनिर्मित भवनों, फिटनेस स्टूडियो और आयुध संग्रहालय का लोकार्पण भी करेंगी.
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी ‘पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद’ का शुभारंभ.
Purvanchal Startup Samvad: उत्तर प्रदेश के युवाओं और छात्र-छात्राओं को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करने और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए एक ऐतिहासिक पहल की जा रही है. प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) राज्य विश्वविद्यालय प्रयागराज और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार, 4 नवंबर को ‘पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद 2026’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है. राज्य विश्वविद्यालयों के इतिहास में यह पहला अवसर है जब स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए इस स्तर पर अभिनव पहल की गई है. इस पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से तैयार की गई है.
प्रोफेसर राजेंद्र सिंह रज्जू भैया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अखिलेश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस महा-संवाद में पूर्वांचल के 17 विश्वविद्यालयों के कुलपति और प्रत्येक विश्वविद्यालय के 6 प्रतिनिधि यानी कुल 100 से अधिक विश्वविद्यालय प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे. इसके अलावा, रज्जू भैया यूनिवर्सिटी से संबद्ध महाविद्यालयों के बड़ी संख्या में प्रधानाचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनेंगे. वहीं, एकेटीयू (AKTU) लखनऊ से संबद्ध कॉलेजों के भी 100 से अधिक शिक्षक और विद्यार्थी इसमें अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे. कुल मिलाकर इस संवाद में 1000 से अधिक विशिष्ट डेलीगेट्स शिरकत करेंगे, जिससे यह आयोजन शिक्षा और उद्यमिता का एक विशाल मंच बन गया है.
50 से अधिक स्टार्टअप एक्सपो और टेक्निकल सेशंस का होगा आयोजन
इस भव्य आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता इसका स्टार्टअप एक्सपो है, जिसमें कुल 50 से अधिक स्टार्टअप्स अपने अभिनव मॉडल प्रदर्शित करेंगे. इनमें विशेष रूप से पूर्वांचल के विभिन्न विश्वविद्यालयों के 10 स्टार्टअप एक्सपो भी शामिल हैं, जो क्षेत्रीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेंगे. कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी के अलावा इस पूरे कार्यक्रम के दौरान कुल तीन महत्वपूर्ण टेक्निकल सेशन और एक उच्च स्तरीय पैनल डिस्कशन का आयोजन राउंड टेबल मीटिंग के रूप में किया जाएगा, जिसमें भविष्य की व्यावसायिक संभावनाओं और तकनीकी नवाचारों पर गहन मंथन होगा.
कई आधुनिक सुविधाओं का लोकार्पण करेंगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
इस पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी और विभिन्न सत्रों में शिरकत कर अपने बहुमूल्य सुझाव देंगी. इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल प्रोफेसर राजेंद्र सिंह रज्जू भैया स्टेट यूनिवर्सिटी परिसर में नवनिर्मित दो अत्याधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल, एक सेमिनार कक्ष, आधुनिक फिटनेस स्टूडियो और एक भव्य आयुध संग्रहालय का लोकार्पण भी करेंगी. उद्घाटन और संवाद सत्र के बाद राज्यपाल प्रयागराज में ही रात्रि विश्राम करेंगी और अगले दिन यानी गुरुवार, 5 नवंबर को राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय (UPRTOU) में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगी.