Last Updated:
गुरुग्राम में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला के पेट से तौलियां और पट्टी मिली है. महिला की मौत के बाद उसका पोस्टमार्टम किया जा रहा था. इस दौरान ये सारी चीजें मिलने पर हड़कंप मच गया. मृतका के पति ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं.
पोस्टमार्टम के दौरान महिला के पेट से निकला तौलियां. (एआई इमेज)
गुरुग्रामः हरियाणा के गुरुग्राम के एक अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद चिकित्सकीय लापरवाही की शिकायत पर डॉक्टरों की एक समिति द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में पीड़िता के पेट से एक ‘गॉज’ और कपड़ा बरामद किया गया. एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. ‘गॉज’ घाव की सफाई में इस्तेमाल होने वाली जालीदार पट्टी होती है. पुलिस के अनुसार, एक निजी कंपनी में कार्यरत मंजू (28) पांच महीने की गर्भवती थी और शुक्रवार को उसके पेट में दर्द शुरू हुआ था, जिसके बाद उसके परिजन शनिवार तड़के उसे अस्पताल ले गए थे.
पति ने लगाया अस्पताल पर आरोप
डॉक्टरों ने मृत भ्रूण को बाहर निकाल दिया, लेकिन खून का बहना बंद नहीं हुआ, जिसके बाद रविवार सुबह उसे आपातकालीन शल्य चिकित्सा के लिए ले जाया गया. महिला के पति मनोज कुमार ने आरोप लगाया, ‘डॉक्टरों ने ऑपरेशन थिएटर में खून चढ़ाने का प्रयास किया और कुछ समय बाद मेरी पत्नी को किसी बड़े अस्पताल ले जाने के लिए कहा गया. हम उसे एक अन्य निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने बताया कि मेरी पत्नी की मौत पहले ही हो चुकी है. यह पूरी तरह से चिकित्सकीय लापरवाही का मामला है और मैंने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.’
महिला के पेट से निकली तौलिया
एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती निष्कर्षों से संकेत मिलता है कि मरीज की मौत अत्यधिक रक्त स्राव के कारण हुई लेकिन उसके पेट से बाहरी वस्तुओं का मिलना गंभीर चिंता का विषय है. अधिकारी ने कहा, ‘सभी साक्ष्यों को सुरक्षित रख लिया गया है और जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ सभी निष्कर्षों को जल्द ही जिला चिकित्सकीय लापरवाही समिति को सौंपा जाएगा.’ उन्होंने बताया कि तीन डॉक्टरों की समिति ने सोमवार शाम को पोस्टमार्टम किया और महिला के पेट के अंदर से नीले रंग के गाउन का एक टुकड़ा और एक चिकित्सकीय गॉज बरामद किया.
घटना पर क्या बोले पुलिस अधिकारी
गुरुग्राम के सिविल सर्जन वीरेंद्र बसवाना ने कहा, ‘महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के निष्कर्ष अभी आधिकारिक रूप से प्राप्त नहीं हुए हैं और पीड़ित परिवार की ओर से कोई सीधी शिकायत नहीं मिली है. हम पोस्टमार्टम रिपोर्ट के निष्कर्षों पर चर्चा करके सभी तकनीकी पहलुओं की जांच करेंगे और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.’ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चिकित्सकीय समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.