न सचिन न विराट, एकमात्र बल्लेबाज जिसने भारत-न्यूजीलैंड वनडे में जड़ा दोहरा शतक
Last Updated:
2023 में न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर आई थी, तब हैदराबाद वनडे में शुभमन गिल ने 208 रन की शानदार पारी खेली थी. उस समय रोहित शर्मा टीम के कप्तान थे. गिल से पहले भारत-न्यूजीलैंड के बीच वनडे मैचों में सबसे बड़ा स्कोर सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था. सचिन ने 1999 में नाबाद 186 रन की पारी खेली थी.
शुभमन गिल ने 2023 में 208 रन की पारी खेली थी.
नई दिल्ली. भारत और न्यूजीलैंड के बीच कल यानी 4 नवंबर से 5 वनडे मैचों की हाई वोल्टेज सीरीज का आगाज हो रहा है. सबकी नजरें दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा पर रहने वाली हैं, जो अब भारत के लिए सिर्फ यही एक फॉर्मेट खेलते हैं. भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे मैचों के कई रिकॉर्ड आप जानते होंगे, लेकिन क्या यह पता है कि दोहरा शतक का कारनामा सिर्फ एक ही बार हुआ है. जी हां, भारत-न्यूजीलैंड के बीच अब तक खेले गए वनडे मैचों में सिर्फ एक ही बार ऐसा हुआ है, जब किसी बल्लेबाज ने डबल सेंचुरी ठोकी. यह कारनामा भारतीय बल्लेबाज ने किया है. लेकिन जानकारी हैरानी हो सकती है कि ये नाम सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली या रोहित शर्मा का नहीं है. चलिए सस्पेंस खत्म करते हैं.
भारत-न्यूजीलैंड वनडे मैचों में दोहरा शतक बनाने वाला बल्लेबाज
दरअसल, टीम इंडिया के मौजूदा वनडे कप्तान और स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल ने ये कारनामा किया है. गिल ने 2023 में हैदराबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ डबल हंड्रेड बनाया था. सीरीज के पहले ही मुकाबले में गिल ने 208 रन की पारी खेली थी. 149 गेंदों का सामना करते हुए गिल ने 19 चौके और 9 छक्कों की मदद से यह रन बनाए थे, जिसके दम पर भारत ने 349 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया और मैच में जीत दर्ज की. इस पारी के साथ गिल भारत-न्यूजीलैंड वनडे मैचों में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज भी बन गए. उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड ध्वस्त किया था.
टॉप-7 में सभी भारतीय
दोनों देशों के बीच हुए वनडे मैचों में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो टॉप-7 में सभी भारतीय शामिल हैं. गिल के बाद दूसरे और तीसरे स्थान पर सचिन तेंदुलकर हैं. सचिन ने 1999 में नाबाद 186 रन और 2009 में नाबाद 163 रन बनाए थे. चौथा स्थान विराट कोहली ने कब्जाया हुआ है. कोहली ने 2016 में नाबाद 154 रन बनाए थे. सौरव गांगुली 153 रन की नॉटआउट पारी के साथ 5वें नंबर पर हैं. राहुल द्रविड़ और रोहित शर्मा क्रमशः छठे और सातवें स्थान पर हैं. द्रविड़ ने 153 रन तो रोहित ने 147 रन की पारी कीवी टीम के खिलाफ खेली है.
रोहित-विराट के पास बड़ा मौका
रोहित शर्मा और विराट कोहली के पास दोहरा शतक बनाने वाले बल्लेबाजों के क्लब में शामिल होने का बड़ा मौका है. आगामी 5 मैचों की सीरीज में दोनों ही दिग्गज बल्लेबाज इस लिस्ट में अपना नाम जोड़ सकते हैं. दोनों ही बल्लेबाज इस समय शानदार फॉर्म में भी चल रहे हैं. विराट दोनों देशों के बीच वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने और शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं. वहीं, रोहित शर्मा का रिकॉर्ड भी कीवी टीम के खिलाफ अच्छा रहा है. उनके नाम 1000 से ज्यादा रन है.