Last Updated:
दीया मिर्जा बीएमसी का दिवाली कैंपेन कर बुरा फंस गईं. एक्ट्रेस ने मुंबई के निवासियों से दिवाली के मौके पर कम पटाखे फोड़ने की अपील की थी जिसकी वजह से वो विवादों में घिर गई हैं. सियासी बवाल बढ़ता देख बीएमसी ने वीडियो डिलीट कर दिया. अब दीया के सपोर्ट में इमरान खान की गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन ने वीडियो शेयर किया है. वो कहती हैं कि पहले दीया से बोलने के लिए कहा गया और फिर उन्हें चुप करा दिया गया.
दीया के सपोर्ट में आईं लेखा वॉशिंगटन. (फोटो साभार फाइल फोटो, इंस्टाग्राम @diamirzaofficial)
नई दिल्ली. दिवाली के मौके पर बीएमसी ने एक जागरूकता वीडियो शेयर किया था जिसमें दीया मिर्जा नजर आई थीं. दीया मिर्जा ने त्योहारों के मौके पर लोगों से कम पटाखे जलाने की अपील की थी. लेकिन देखते ही देखते उनकी ये अपील विवाद में बदल गई. दीया मिर्जा का दिवाली कैंपन राजनीति का विषय बन गया और सियासी बवाल बढ़ते देख बीएमसी ने भी वीडियो डिलीट कर दिया. कोएना मित्रा जैसे कलाकार भी इस विवाद में कूद पड़े और उन्होंने दीया मिर्जा को खरी-खोटी सुनाई.
अब बीएमसी द्वारा वीडियो हटाया जा चुका है लेकिन विवाद थमते नहीं दिख रहा है. दीया मिर्जा चारों तरफ से घिरती नजर आ रही हैं और एक्ट्रेस के नाम पर राजनीति भी गरमाई हुई है. ऐसे में बॉलीवुड एक्टर और आमिर खान के भतीजे इमरान खान की गर्लफ्रेंड लेखा वॉशिंगटन ने दीया का सपोर्ट किया है.
लेखा ने किया दीया मिर्जा को सपोर्ट
लेखा ने वीडियो शेयर कर कहा कि बीएमसी ने ही दीया मिर्जा को अपने दिवाली कैंपेन में शामिल किया था. पहले उन्हें बुलाया गया और फिर बाद में उन्हें ही खामोश कर दिया गया. लेखा ने अपने वीडियो में कहा, हमने दीया मिर्जा को चुप करा दिया जबकि उन्हें बोलने के लिए बुलाया गया था. अब लोग उन्हें कह रहे हैं कि हमारी परंपरा ही हमारा कल्चर है’.
इमरान खान की गर्लफ्रेंड आगे कहती हैं कि दीया ने ऐसा क्या कहा था. उन्होंने बस कहा था कि इस दिवाली पर थोड़े कम पटाखे फोड़ें. लेखा ने कहा कि एक्ट्रेस खुद इतनी सौम्य हैं. वो सभी से प्यार से बात करती हैं और इतने प्यार से लोगों से अपील कर रही थीं लेकिन सबने मिलकर उन्हें चुप करा दिया.
दीया मिर्जा को देनी पड़ी सफाई
इस पूरे मामले को बढ़ता देख दीया मिर्जा ने अपनी सफाई भी दी. आईएएनएस से बात करते हुए दीया मिर्जा ने कहा कि उन्होंने जागरूकता फैलाने के मकसद से ऐसा वीडियो बनाया था. दिवाली के मौके पर लोग इतने पटाखे फोड़ते हैं जिससे वायु प्रदूषण बढ़ जाता है और इसका सीधा असर लोगों की हेल्थ पर पड़ता है. दीया ने कहा कि उनका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था.