चेकिंग में रुकवाई कार तो अंदर चिप्स खाता दिखा मेमना, खुला पाब्लो का गंदा राज
Last Updated:
स्कॉटलैंड में पुलिस ने 14,000 पाउंड की ड्रग्स के साथ एक कार पकड़ी, जिसमें पीछे की सीट पर एक मेमना पाब्लो चिप्स खा रहा था. आरोपी जॉन मैकेनाइल और लिंडसे सांगस्टर ने दावा किया कि उन्होंने सड़क से मेमने को बचाया था. हालांकि, पुलिस डॉग ने कार से भारी मात्रा में हेरोइन और कोकीन बरामद की. कोर्ट ने मैकेनाइल को जेल से राहत देते हुए 300 घंटे की कम्युनिटी सर्विस की सजा सुनाई.
स्कॉटलैंड पुलिस ने फोटो जारी की. (pic: Scotland Police)
स्कॉटलैंड से एक अतरंगी और दिमाग चकरा देने वाली क्राइम स्टोरी सामने आई है, जिसे सुनकर पुलिसवालों का भी सिर चकरा गया. सोचिए, पुलिस ने सड़क पर एक कार रोकी, अंदर 14,000 पाउंड यानी करीब 15 लाख रुपए की खतरनाक हेरोइन और कोकीन भरी पड़ी थी और बैक सीट पर क्या मिल रहा है? एक छोटा-सा प्यारा मेमना, जो बड़े आराम से चिप्स का पैकेट गटक रहा था. इन शातिर लोगों ने उस मेमने का नाम भी दुनिया केपाब्लो एस्कोबार के नाम पर पाब्लो रखा था. मतलब क्राइम की दुनिया में कॉमेडी का ऐसा तड़का शायद ही कभी देखा होगा. जब पुलिस ने पूछताछ की, तो गजब की कहानियां बनाई गईं कि हम तो ट्रेनी चरवाहे हैं और रास्ते से मेमने को बचाकर लाए हैं. लेकिन कहते हैं ना कि कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं, और यहां तो पुलिस के डॉगी ने सारा कच्चा-चिट्ठा सूंघकर बाहर निकाल दिया. गाड़ी के अंदर से भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद हुई और सारा खेल धरा का धरा रह गया. सोशल मीडिया पर इस अनोखे कारनामे की चर्चा हर तरफ आग की तरह फैल रही है.
कोलंबियन ड्रग लॉर्ड के नाम पर रखा मेमने का नाम
जब पुलिस ने कार में मौजूद जॉन मैकेनाइल (56 वर्ष) और लिंडसे सांगस्टर से मेमने के बारे में पूछताछ की, तो उन्होंने बड़े ही बिंदास अंदाज में पुलिस को बताया कि सांगस्टर एक ट्रेनी शेफर्डेस यानी सीखने वाला चरवाह है. हद तो तब हो गई जब यह पता चला कि उन्होंने इस मासूम मेमने का नाम दुनिया के सबसे कुख्यात कोलंबियन ड्रग लॉर्ड पाब्लो एस्कोबार के नाम पर पाब्लो रखा था. दोनों ने दावा किया कि उन्होंने पाब्लो को सड़क के बीच में तड़पते हालत में बचाकर गाड़ी में बिठाया था.
पुलिस डॉग ‘बिल्ली’ ने सूंघ निकाली 14 हजार पाउंड की ड्रग्स
हालांकि, उनकी यह कहानी ज्यादा देर नहीं टिक सकी. पुलिस के विशेष खोजी कुत्ते ‘बिल्ली’ ने कार की फ्रंट पैसेंजर सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 4,640 पाउंड की कोकीन और 10,050 पाउंड की हेरोइन की खेप ढूंढ निकाली. बरामद कोकीन की शुद्धता 76% से अधिक थी. कोर्ट में अभियोजक ने साफ किया कि इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स व्यक्तिगत इस्तेमाल के लिए नहीं, बल्कि सप्लाई के इरादे से ले जाई जा रही थी.
जेल जाने से बचा आरोपी
अदालत में मैकेनाइल के वकील ने दलील दी कि वह उस वक्त अपने नशे की लत के चरम पर था, लेकिन अब वह एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में टीम लीडर है और सुधर चुका है. कोर्ट ने मैकेनाइल को जेल भेजने के बजाय 300 घंटे का अवैतनिक काम करने की सजा सुनाई और 6 महीने के लिए टैग कर दिया (रात 8 बजे से सुबह 5 बजे तक घर में रहने का पाबंदी). उधर, मेमने ‘पाब्लो’ को सुरक्षित उसके असली मालिक को सौंप दिया गया है, जहां वह अब पूरी तरह ठीक है.