Last Updated:
Diljit Dosanjh Indore Concert: इंदौर में 15 नवंबर को होने जा रहे पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. शहर के तीन स्कूलों और महापौर सचिवालय को पंजाबी भाषा में धमकी भरे ई-मेल मिले हैं. पुलिस, बीडीएस और क्राइम ब्रांच की टीमें जांच में जुटी हैं.
दिलजीत दोसांझ.
रिपोर्ट: मिथिलेश गुप्ता
इंदौर में पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के प्रस्तावित कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. इंदौर में 15 नवंबर को दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट आयोजित होना तय है. लेकिन, इस बड़े संगीत आयोजन से ठीक पहले मिली इस धमकी ने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है.
तीन स्कूलों और महापौर सचिवालय को मिले ई-मेल
जानकारी के मुताबिक, शहर के तीन प्रमुख स्कूलों और महापौर सचिवालय को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं. इन ई-मेल में 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर बम धमाके की स्पष्ट धमकी दी गई है. पुलिस अधिकारी के अनुसार, यह धमकी भरा ई-मेल पंजाबी भाषा में लिखकर भेजा गया है.
पुलिस और बीडीएस टीम तुरंत हुई अलर्ट
धमकी की सूचना मिलते ही इंदौर पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस) की टीम तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई. पुलिस प्रशासन ने बिना कोई समय गंवाए स्कूलों में बीडीएस की टीमों को जांच के लिए भेजा. बीडीएस की टीम ने स्कूलों के परिसर में पहुंचकर गहन सर्चिंग अभियान चलाया.
क्राइम ब्रांच की तकनीकी जांच जारी
दूसरी ओर, महापौर सचिवालय को मिले ई-मेल को भी प्रशासन ने अत्यंत गंभीरता से लिया है. क्राइम ब्रांच की टीम ने इस मामले में तकनीकी जांच शुरू कर दी है. पुलिस और क्राइम ब्रांच की विशेष टीमें ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में लगी हैं. साथ ही पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि यह धमकी कितनी सच्ची है. इस मामले में एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया का बयान भी सामने आया है. पुलिस फिलहाल मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खड़े हुए कई सवाल
15 नवंबर को प्रस्तावित कॉन्सर्ट से ठीक पहले मिली इस धमकी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर इस आयोजन को लेकर धमकी भरा ई-मेल शहर के तीन स्कूलों और महापौर कार्यालय को ही क्यों भेजा गया? क्या ई-मेल भेजने वाले का मकसद केवल कॉन्सर्ट को लेकर शहर में दहशत फैलाना है या इसके पीछे कोई और साजिश है? फिलहाल इंदौर पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है.