Last Updated:
Ayodhya Deepotsav 2026 : रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से अयोध्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. अगर आप दीपोत्सव पर परिवार के साथ अयोध्या आने का प्लान बना रहे हैं तो थोड़ा रुक जाइये. अयोध्या में दीपोत्सव का असर पर्यटन कारोबार पर साफ दिखाई देने लगा है. शहर के करीब 90 प्रतिशत कमरे पहले ही बुक हो चुके हैं. होटल एसोसिएशन के महासचिव पंकज गुप्ता लोकल 18 से बताते हैं कि ऐसे में दीपोत्सव के दौरान अयोध्या आने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को ठहरने के लिए कमरे तलाशने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
अयोध्या. अगर आप दीपावली के मौके पर परिवार के साथ राम नगरी अयोध्या आने का प्लान बना रहे हैं और रात में यहीं रुकना चाहते हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. अयोध्या में दीपोत्सव का असर अब पर्यटन कारोबार पर साफ दिखाई देने लगा है. दीपोत्सव से पहले ही अयोध्या के होटल, गेस्ट हाउस और होम स्टे में कमरों की मांग तेजी से बढ़ गई है. आलम यह है कि शहर के करीब 90 प्रतिशत कमरे पहले ही बुक हो चुके हैं. ऐसे में दीपोत्सव के दौरान अयोध्या आने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को ठहरने के लिए कमरे तलाशने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. हर साल भव्यता के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा दीपोत्सव अब धार्मिक आयोजन के साथ-साथ अयोध्या की अर्थव्यवस्था और पर्यटन कारोबार को भी नई गति दे रहा है.
लोगों में खास उत्साह
राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से अयोध्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. देश के अलग-अलग राज्यों के साथ विदेशों से भी पर्यटक रामनगरी पहुंच रहे हैं. ऐसे में दीपोत्सव जैसे बड़े आयोजन को लेकर लोगों में खास उत्साह है. इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने की उम्मीद है. यही वजह है कि दीपोत्सव से पहले ही होटल, गेस्ट हाउस और होम स्टे में बुकिंग का सिलसिला तेज हो गया है.
सौभाग्य की बात
होटल एसोसिएशन के महासचिव पंकज गुप्ता लोकल 18 से बताते हैं कि अयोध्या में दीपोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. श्रद्धालु अयोध्या में होने वाली दीपावली के मौके पर बड़ी संख्या में आ रहे हैं. यही वजह है कि अयोध्या के होटल गेस्ट हाउस और हम होम स्टे में 80 से 90 फीसदी तक एडवांस बुकिंग भी हो चुकी है. जब से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने हैं, अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का आयोजन हो रहा है. यह अयोध्या आने वालों के लिए भी सौभाग्य की बात है.
मिथिला गेस्ट हाउस के प्रोपराइटर अंशुमान तिवारी बताते हैं कि दीपोत्सव को लेकर भक्तों में एक अलग उत्साह देखने को मिल रहा है. दीपावली के एक दिन पहले और दीपावली वाले दिन भक्त बड़ी संख्या में अयोध्या आना चाहते हैं. यहां के होटल और होमस्टे में 90 फीसदी से ज्यादा की एडवांस बुकिंग भी हो चुकी है. अयोध्या दीपोत्सव से न केवल दीपक प्रज्वलित होता है, बल्कि राम नगरी की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होती है.