कुछ सुबह ऐसी होती हैं, जब मन भरपेट नाश्ता करने का करता है, तो कुछ दिन ऐसे भी होते हैं जब चाय बनाने तक का समय मुश्किल से मिल पाता है. ऐसे में ब्रेड काफी काम आती है. घर में मौजूद कुछ आम चीजों की मदद से ब्रेड के स्लाइस से झटपट स्वादिष्ट नाश्ता तैयार किया जा सकता है. इन्हें बनाना आसान है और आप चाहें तो अपने साथ ऑफिस या सफर में भी ले जा सकते हैं.
हर साल 3 नवंबर को वर्ल्ड सैंडविच डे (World Sandwich Day) मनाया जाता है. यह दिन सैंडविच के अलग-अलग स्वाद और किस्मों को खास बनाने का मौका देता है. सैंडविच का नाम जॉन मोंटेग्यू (John Montagu) के नाम पर पड़ा था. समय के साथ यह डिश दुनिया भर में लोकप्रिय हुई और अलग-अलग जगहों पर इसे कई तरह से बनाया जाने लगा. आइए जानते हैं ब्रेड से बनने वाली 6 आसान और स्वादिष्ट रेसिपी.
1. पनीर टिक्का सैंडविच
अगर आप रोज के पनीर सैंडविच में कुछ नया स्वाद चाहते हैं, तो पनीर टिक्का सैंडविच बना सकते हैं. इसके लिए पनीर को छोटे टुकड़ों में काट लें. अब एक बर्तन में गाढ़ा दही, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, नमक और थोड़ा अदरक-लहसुन का पेस्ट मिलाएं. इसमें पनीर के टुकड़े डालकर कुछ देर मैरिनेट होने दें. इसके बाद पैन में पनीर को हल्का गोल्डन और सिकने तक पकाएं. अब ब्रेड स्लाइस पर पुदीने की चटनी लगाएं और उसमें पनीर के टुकड़े, खीरा और टमाटर रखें. दूसरी ब्रेड से ढककर हल्का टोस्ट करें और गर्मागर्म परोसें.
2. मसाला एग सैंडविच
अगर आप नाश्ते में कुछ स्वादिष्ट और प्रोटीन से भरपूर खाना चाहते हैं, तो मसाला एग सैंडविच अच्छा विकल्प है. इसे बनाने के लिए पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और उसमें कटा हुआ प्याज, टमाटर और हरी मिर्च डालकर भूनें. अब इसमें दो फेंटे हुए अंडे, नमक और काली मिर्च डालें. अंडों को अच्छी तरह पकने तक चलाते रहें. आखिर में हरा धनिया मिलाएं. इस मिश्रण को ब्रेड पर फैलाएं और ऊपर से खीरे के कुछ टुकड़े या लेट्यूस के पत्ते रखें. दूसरी ब्रेड से ढककर हल्का टोस्ट कर लें.
3. छोले सलाद सैंडविच
छोले से बना सैंडविच स्वादिष्ट होने के साथ पेट भरने वाला भी होता है. इसमें प्लांट बेस्ड प्रोटीन और फाइबर मिलता है. इसे बनाने के लिए उबले हुए छोले लें और कांटे की मदद से हल्का मैश कर लें. ध्यान रखें कि कुछ छोले साबुत रहें, ताकि सैंडविच में अच्छा टेक्सचर आए. अब इसमें बारीक कटा खीरा, प्याज, हरा धनिया, नींबू का रस, नमक और काली मिर्च मिलाएं. क्रीमी स्वाद के लिए इसमें एक चम्मच गाढ़ा सादा दही डालें. तैयार मिश्रण को ब्रेड पर फैलाएं. चाहें तो इसमें लेट्यूस के पत्ते भी डाल सकते हैं. इसे ताजा या हल्का टोस्ट करके खाएं.
4. क्लासिक ग्रिल्ड चीज सैंडविच
अगर आपका मन सुबह कुछ गर्मागर्म और स्वादिष्ट खाने का है, तो ग्रिल्ड चीज सैंडविच बना सकते हैं. इसके लिए ब्रेड की दो स्लाइस के बीच चेडर या मोजरेला चीज रखें. स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ी काली मिर्च या सूखी हर्ब्स भी डाल सकते हैं. अब ब्रेड के बाहरी हिस्से पर हल्का मक्खन लगाएं. गर्म पैन में इसे धीमी या मध्यम आंच पर सेंकें. जब एक तरफ से ब्रेड सुनहरी हो जाए, तो पलट दें. चीज पूरी तरह पिघलने तक पकाएं. इसमें टमाटर या पालक के पत्ते भी डाल सकते हैं.
5. एवोकाडो और एग टोस्ट
एवोकाडो और अंडे से बना यह टोस्ट स्वाद के साथ पोषण का भी अच्छा मेल है. इसे बनाने के लिए एक पके हुए एवोकाडो को मैश कर लें. इसमें थोड़ा नींबू का रस, नमक और काली मिर्च मिलाएं. अब ब्राउन ब्रेड या सॉरडो ब्रेड को टोस्ट करें और उस पर एवोकाडो का मिश्रण फैलाएं. इसके ऊपर अपनी पसंद के अनुसार उबला, पोच्ड या फ्राई किया हुआ अंडा रखें. आखिर में चिली फ्लेक्स, तिल या थोड़ा पाप्रिका छिड़कें. इसे तुरंत परोसें, ताकि ब्रेड कुरकुरी बनी रहे.
6. बॉम्बे स्टाइल वेजिटेबल सैंडविच
मुंबई के स्ट्रीट फूड जैसा स्वाद घर पर पाना चाहते हैं, तो बॉम्बे स्टाइल वेजिटेबल सैंडविच बनाएं. इसके लिए ब्रेड स्लाइस पर हरी चटनी लगाएं. अब इसमें पतले कटे खीरे, टमाटर, उबले आलू और प्याज की परत लगाएं. हर परत के बीच थोड़ा चाट मसाला और नमक छिड़कें. आप चाहें तो इसमें चुकंदर या शिमला मिर्च भी डाल सकते हैं. अब दूसरी ब्रेड से ढक दें और ऊपर की तरफ थोड़ा मक्खन लगाकर पैन या सैंडविच मेकर में सेंकें. जब सैंडविच कुरकुरा और सुनहरा हो जाए, तो इसे तिकोने आकार में काटकर चटनी के साथ परोसें.