3600 मीटर की ऊंचाई पर कुदरत का कहर, नेपाल के डोल्पा में फंसे 6 भारतीय
Last Updated:
Indian Tourist in Nepal: नेपाल के दुर्गम हिमालयी इलाके में स्थित शे-फोक्सुंडो राष्ट्रीय उद्यान में कुदरत के सफेद कहर के बीच छह भारतीय पर्यटक जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं. समुद्र तल से 3,600 मीटर की ऊंचाई पर मौजूद देश की सबसे गहरी झील का दीदार करने निकले इन पर्यटकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं.
(फाइल फोटो)
Indian Tourist in Nepal: नेपाल के शे-फोक्सुंडो राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में 31 अक्टूबर की दोपहर से हो रही भारी बर्फबारी के कारण दो महिलाओं समेत छह भारतीय पर्यटक फंस गए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं. अधिकारियों ने 1 नवंबर को यह जानकारी दी. डोल्पा के मुख्य जिला अधिकारी जुनु ढकाल के अनुसार, पर्यटक शे-फोक्सुंडो ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 8 के धो इलाके में गए थे. यह पूरा इलाका भारी बर्फबारी के कारण बर्फ से ढक गया है.
ग्रामीण नगरपालिका में स्थित शे-फोक्सुंडो झील नेपाल की सबसे गहरी झील है. यह समुद्र तल से 3,600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और इसकी गहराई लगभग 145 मीटर है. ढकाल ने ‘पीटीआई’ को बताया, “हमने उस इलाके का पता लगा लिया है, जहां पर्यटक फंसे हुए हैं. उन्हें बचाने के लिए सेना का एक हेलीकॉप्टर पहुंच रहा है. हमें उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें सुरक्षित बचा लिया जाएगा.”
उन्होंने बताया कि सुरक्षा कर्मियों और उनके साथ मौजूद नेपाली गाइड की चेतावनी के बावजूद भारतीय पर्यटक उस इलाके में चले गए थे. ढकाल के मुताबिक, भारी बर्फबारी के बावजूद पर्यटक अपने गाइड को छोड़कर झील की ओर आगे बढ़ गए. शनिवार रात उनसे संपर्क टूट गया था. गाइड ने 31 अक्टूबर शाम डोल्पा जिला प्रशासन कार्यालय को फोन कर बताया था कि भारी बर्फबारी के कारण पर्यटक फंस गए होंगे. हालांकि, 1 नवंबर सुबह उनसे संपर्क पूरी तरह टूट गया.