सिया मस्जिद में की तोड़-फोड़, दरगाह में लगे झंडे जलाए, CCTV में कैद हुई वारदात, भड़का मुस्लिम समाज

सिया मस्जिद में की तोड़-फोड़, दरगाह में लगे झंडे जलाए, CCTV में कैद हुई वारदात, भड़का मुस्लिम समाज


देवास. देवास जिले के सियापुरा गांव में धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ और आगजनी का मामला सामने आया है. आरोप है कि बीती रात कुछ लोगों ने दरगाह की चादर और गांव में लगे झंडों को आग लगा दी. वहीं, मस्जिद पर पत्थर मारकर गेट पर लगा कांच फोड़ दिया गया. पूरी घटना मस्जिद में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. सूचना पर बीएनपी थाना पुलिस ने जांच शुरू की. मस्जिद कमेटी की ओर से CCTV फुटेज सौंपे जाने के बाद पुलिस ने मामले में एक आरोपी अभिषेक पिता पप्पू को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गांव की स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

देवास की SDOP बबीता बामनिया, ने कहा, “बीएनपी का गांव सियापुरा है. रात में मुस्लिम समाज के धार्मिक स्थल में एक घटना घटित हुई थी. पूरी टीम पहुंची. मस्जिद प्रबंधन ने जो बताया है, उसके आधार पर क्राइम रजिस्टर्ड किया गया है. उनकी पदरसी करके आरोपी को हमने राउंड अप किया है और अभी पूछताछ जारी है.”

मस्जिद कमेटी के सदर समीर खान ने कहा, “सियापुरा में रात को डेढ़ बजे दो जगह झंडे जलाए हैं और दरगाह पे भी उत्पात किया है. मस्जिद में भी उत्पात किया है. दरगाह की चादर वगैरह जला दी है और मस्जिद के बाहर गेट पर पथराव किए हैं. हमारे पास एक वीडियो है, उसमें से हमारे पास एक आदमी संगृहीत है. हमारे पास वीडियो भी है, हमने वो वीडियो पुलिस को दे दी है. पुलिस आगे जो कार्रवाई करती है, वो देखते हैं.”

समीर खान ने कहा, “पुलिस को हमने सुबह सूचना दी थी. उसके बाद पुलिस आई थी. और रात में आगे वाले गांव पर भी पथराव किया था. तो उस इंसान को रात को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. वो पुलिस की गिरफ्त में है अभी.

वहीं, गांव के सरपंच राजेंद्र चौहान ने कहा, “हमारा गांव सिया पंचायत में आता है. हमारे गांव में तीन-चार गांव हैं, जिसमें कि हमारा मेन मुख्य गांव सिया है. सिया गांव की मुख्य मस्जिद पर कुछ लोगों के द्वारा तोड़फोड़ की गई थी रात को, जिसको पुलिस को खबर की गई और पुलिस के द्वारा फिर दो लोगों को उठाया गया है. साथ में और आगे कार्रवाई जारी है. एक कोई अभिषेक नाम का लड़का है और उसके पिताजी को अभी उठाया गया है. उससे पूछताछ चल रही है कि तुमने क्यों किया?”

राजेंद्र चौहान ने आगे कहा,”हमारे गांव सिया की मस्जिद थी, उसमें उसके कांच-वांच फोड़े गए, इनके दरवाजों पर पत्थर-वत्तर मारे गए थे. कुछ जगह झंडे को जलाया गया. मस्जिद में भी तोड़फोड़ की गई हल्की-फुल्की. हमारी ओर से पुलिस को सूचना दे दी गई थी और मौके पर पुलिस आकर तफ्तीश भी करके चली गई है. उन्होंने अभी फिलहाल में गिरफ्तार किया है और आगे कार्रवाई चल रही है.



Source link