यूपी चुनाव में कौन सा राजनीतिक दल ‘कसाई’, शिवपाल यादव को क्यों करना पड़ा सीएम योगी पर पलटवार?

यूपी चुनाव में कौन सा राजनीतिक दल ‘कसाई’, शिवपाल यादव को क्यों करना पड़ा सीएम योगी पर पलटवार?


उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा की जनसभा में समाजवादी पार्टी की तुलना कसाई से की. इसके बाद सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने पलटवार किया है. शिवपाल यादव ने कहा कि इनकी सोच बहुत छोटी है, ये ऐसी बात कैसे कर सकते हैं. यही हाल है कि यूपी में आज ये हाल है. इन्हें दो बार की हार की खीज है. जरा सोचिए इनकी कितनी घटिया सोच है. उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन से पूरी तरह घबराई हुई है. शिवपाल ने दावा किया कि बीजेपी अब उत्तर प्रदेश की सत्ता से जाने वाली है.

केशव मौर्य पर भी साधा निशाना

शिवपाल यादव से जब उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने उनके सोच पर सवाल उठाएं. शिवपाल ने कहा कि इस तरह की बातें करना अच्छी सोच नहीं है. उन्होंने कहा कि केशव मौर्य को पहले अपनी राजनीतिक स्थिति के बारे में सोचना चाहिए. जनता उन्हें दो बार हरा चुकी है. इसके बावजूद वह इस तरह के बयान दे रहे हैं.

बोले- बीजेपी लोकतंत्र और संविधान को नहीं मानती

शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन से डरी हुई है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोगों को अपनी बात रखने, धरना-प्रदर्शन करने और रैली निकालने की आजादी है. इसके बावजूद बीजेपी इन गतिविधियों से घबराई हुई है. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी की सत्ता अब ज्यादा दिन नहीं रहने वाली है. उत्तर प्रदेश से पार्टी की विदाई तय है.

ओम प्रकाश राजभर को बताया छोटी सोच वाला

शिवपाल यादव ने ओम प्रकाश राजभर पर भी तंज कसा. उनसे राजभर के बयान को लेकर सवाल पूछा गया था. इस पर उन्होंने कहा कि वह उनके बारे में पहले ही बहुत कुछ बोल चुके हैं. उनका कहना था कि राजभर की सोच छोटी है और छोटी सोच वाले लोग छोटे ही रह जाते हैं.

आजम खान के समर्थन में क्या बोले शिवपाल?

सपा नेता ने आजम खान के मामले में भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आजम खान पर झूठे मुकदमे लगाए गए हैं. शिवपाल के मुताबिक, अदालत से जमानत मिलने के बाद भी उन्हें राहत नहीं मिली और जेल के गेट से ही ईडी के अधिकारी उन्हें ले गए.

उन्होंने कहा कि आजम खान ने यूनिवर्सिटी के लिए लोगों से चंदा जुटाया था. इसके बावजूद उन्हें परेशान किया जा रहा है. शिवपाल ने आरोप लगाया कि सरकार को डर है कि आजम खान बाहर आएंगे तो समाजवादी पार्टी को मजबूती मिलेगी.

उन्होंने भरोसा जताया कि आजम खान को न्याय मिलेगा. साथ ही दावा किया कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश और यहां की जनता के लिए जो काम किए हैं, बीजेपी उसी से घबराई हुई है.

सरदार पटेल की जयंती पर लिया संकल्प

शिवपाल यादव ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी. उन्होंने कहा कि इस मौके पर समाजवादी पार्टी के लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने और देश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है.

शिवपाल ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर छात्रों को अच्छी शिक्षा देने के साथ पढ़े-लिखे युवाओं को रोजगार से जोड़ने का काम किया जाएगा.

क्या कहा सीएम योगी ने?

गोंडा की जनसभा में सीएम योगी ने कहा- ‘समाजवादी पार्टी अपने आप में श्राप है. ये पार्टी जब भी सत्ता में आई यूपी में तबाही मचाई.’ उन्होंने कहा कि इस बार नवरात्रि में पूरे प्रदेश में 67 हजार मूर्तियां रखी गई. मैंने गोंडा कमिशनरी के लिए विशेष तौर पर कहा कि मूर्तियां स्थापित करने के लिए परमिशन मांगने की जरूरत नहीं है. अगर कोई मूर्ति रखना चाह रहा है तो उसे कोई परमिशन लेने की जरूरत नहीं है. भाई उसमें वो अपना पैसा लगा रहा है. उसकी अपनी मनौती है. किसी सपाई या किसी कसाई को परेशानी होती है बोलो अपने घर में शोक मनाओ, लेकिन किसी को परेशान मत करो.



Source link