Last Updated:
MP Foundation Day: मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों के परिश्रम और बलिदान को नमन किया. उन्होंने बताया कि राज्य किसान कल्याण वर्ष, औद्योगिक विकास, दूध उत्पादन में बढ़त और यूसीसी पारित करने जैसे ऐतिहासिक कदमों के साथ विकास के एक नए युग की ओर अग्रसर है.
Bhopal News: मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को संबोधित किया. इस अवसर पर उन्होंने राज्य की विकास यात्रा, किसानों के योगदान, औद्योगिक प्रगति और सुरक्षा बलों के पराक्रम को रेखांकित किया.
मध्यप्रदेश साझा संकल्पों और परिश्रम का प्रतीक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह अवसर प्रदेश के सभी नागरिकों के परिश्रम और बलिदान को नमन करने का दिन है. उन्होंने श्रमिकों के योगदान और किसानों के अथक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं कि हम मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं. राज्य की यह प्रगति किसी एक व्यक्ति या एक विचार की देन नहीं है, बल्कि यह सभी प्रदेशवासियों के साझा संकल्पों की तस्वीर है.
किसान कल्याण वर्ष और 55 जिलों में प्रतियोगिताएं
राज्य सरकार ने इस वर्ष को विशेष रूप से ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया है. इसके तहत कृषि क्षेत्र की उन्नत तकनीकों से जुड़ी प्रदर्शनियां लगाई गई हैं. प्रदेश के सभी 55 जिलों में एक साथ किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है. इन प्रतियोगिताओं में विजेताओं के लिए पहला पुरस्कार ट्रैक्टर, दूसरा पुरस्कार बुलेट बाइक और तीसरा पुरस्कार स्कूटी तय किया गया है.
दूध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर मध्यप्रदेश
कृषि और पशुपालन को बढ़ावा देने के प्रयासों पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि दूध उत्पादन को बढ़ाने के लिए लगातार कदम उठाए गए हैं. वर्तमान में मध्यप्रदेश दूध उत्पादन के मामले में देश में तीसरे नंबर पर है और सरकार का लक्ष्य जल्द ही पहले नंबर पर पहुंचने का है.
औद्योगिक विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार
प्रदेश की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए सीएम ने बताया कि पहले राज्य की इंडस्ट्रियल ग्रोथ रेट माइनस में हुआ करती थी, लेकिन अब सफलता के बल पर मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है. नर्मदापुरम के बाबई मोहसा में इंडस्ट्रियल बेल्ट तैयार किया गया है. इसके अलावा इंदौर, उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और नर्मदापुरम में भी इंडस्ट्रियल बेल्ट की शुरुआत की गई है.
यूसीसी पारित करने वाली विधानसभा
मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के लिए सौभाग्य की बात बताया कि मध्यप्रदेश विधानसभा ने यूसीसी (यूनिफॉर्म सिविल कोड) को पारित करने का काम किया है. इसके साथ ही मध्यप्रदेश पड़ोसी राज्यों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाकर विकास के नए सोपान गढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है.
15 जनवरी को सेना दिवस पर भोपाल में भव्य आयोजन
सुरक्षा बलों के साहस का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि नागरिक सुरक्षित हैं तो वे सेना के बलबूते पर हैं. भारत ने तीन बार पाकिस्तान में घुसकर अपने अदम्य साहस का परिचय दिया है. आगामी 15 जनवरी को सेना दिवस के अवसर पर भोपाल में एक अद्भुत कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पधारेंगे. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि मध्यप्रदेश अपनी उन्नति की गति को बढ़ाते हुए निरंतर विकास के एक नए युग की तरफ कदम बढ़ा रहा है.