पहले 6 साल के लिए निकाला, फिर MLC चुनाव जीतते ही वापसी! राहुल राज पर BJP से उमेश कुशवाहा का सवाल

पहले 6 साल के लिए निकाला, फिर MLC चुनाव जीतते ही वापसी! राहुल राज पर BJP से उमेश कुशवाहा का सवाल


Last Updated:

Bihar News : बिहार विधान परिषद चुनाव में जेडीयू उम्मीदवार को हराने वाले निर्दलीय एमएलसी राहुल राज की बीजेपी में वापसी पर जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने सवाल उठाए हैं. उमेश कुशवाहा ने कहा कि बीजेपी ने राहुल राज को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया था. इसके बावजूद चुनाव में जीत के तुरंत बाद उन्हें पार्टी में वापस लेने का फैसला किया गया.

Zoom

उमेश कुशवाहा ने बीजेपी के फैसले पर सवाल उठाया है.

पटना. बिहार विधान परिषद चुनाव में जेडीयू उम्मीदवार को हराकर निर्दलीय एमएलसी बने राहुल राज की बीजेपी में वापसी को लेकर अब एनडीए के भीतर से ही सवाल उठने लगे हैं. जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बीजेपी के फैसले पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि जिस नेता को पार्टी ने छह साल के लिए निष्कासित किया था, उसे इतनी जल्दी वापस किस परिस्थिति में लिया गया?

उमेश कुशवाहा ने कहा कि बीजेपी ने राहुल राज को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया था. इसके बावजूद चुनाव में जीत के तुरंत बाद उन्हें पार्टी में वापस लेने का फैसला किया गया. बीजेपी और उसके शीर्ष नेतृत्व को इस पूरे मामले पर विचार करना चाहिए.

जेडीयू प्रत्याशी को हराकर बने MLC

दरअसल, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के पूर्व नेता राहुल राज ने एनडीए के सीट बंटवारे में जेडीयू के खाते में सीट जाने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ा था. बीजेपी ने पार्टी के फैसले के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरने पर उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था. चुनाव में राहुल राज ने एनडीए समर्थित जेडीयू उम्मीदवार आनंद पुष्कर को 1,815 मतों से हराकर जीत दर्ज की. नतीजे आने के बाद 31 अक्टूबर को राहुल राज ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की. इसके बाद बीजेपी कार्यालय में उनकी वापसी की खबर सामने आई.

बीजेपी के रुख पर भी उठे सवाल

राहुल राज की वापसी को लेकर विवाद बढ़ने के बाद बीजेपी की ओर से यह सफाई भी आई कि राहुल राज और निर्दलीय एमएलसी वंशीधर ब्रजवासी पार्टी में शामिल नहीं हुए हैं, बल्कि उन्होंने बीजेपी को समर्थन दिया है. पार्टी की ओर से पहले दोनों के शामिल होने से जुड़ी पोस्ट भी हटाई गई. ऐसे में जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा का सवाल एनडीए के भीतर सहयोगी दलों के बीच तालमेल और फैसलों को लेकर नई चर्चा को जन्म दे रहा है. खास बात यह है कि राहुल राज ने जिस जेडीयू उम्मीदवार को हराया, उसी पार्टी के साथ बीजेपी बिहार में सत्ता साझा कर रही है.



Source link