न घंटों जिम, न महंगी डाइट! इस खास रूटीन से खुद को फिट रखते हैं शाहरुख खान

न घंटों जिम, न महंगी डाइट! इस खास रूटीन से खुद को फिट रखते हैं शाहरुख खान


बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस उम्र में भी उनकी फिटनेस, एनर्जी और शानदार फिजीक देखकर फैंस हैरान रह जाते हैं. खासकर उनकी फिल्मों में एक्शन सीक्वेंस और पर्दे पर नजर आने वाला फिट अंदाज लोगों का ध्यान खींचता है. आमतौर पर अच्छी फिटनेस के लिए घंटों जिम में पसीना बहाने और सख्त डाइट फॉलो करने की सलाह दी जाती है, लेकिन शाहरुख खान का फिटनेस रूटीन इससे काफी अलग है. उन्होंने अपने खानपान और एक्सरसाइज को बहुत ज्यादा जटिल बनाने के बजाय सादगी और नियमितता पर ध्यान दिया है. आइए जानते हैं उनके फिटनेस रूटीन से जुड़ी कुछ खास बातें.

दिन में सिर्फ एक बार खाना खाते हैं शाहरुख खान
शाहरुख खान की फिटनेस से जुड़ी सबसे दिलचस्प बात उनका खानपान है. साल 2024 में द गार्जियन को दिए एक इंटरव्यू में अभिनेता ने बताया था कि वह आमतौर पर दिन में सिर्फ एक बार खाना खाते हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि ऐसा वह किसी खास इंटरमिटेंट फास्टिंग ट्रेंड को फॉलो करने के लिए नहीं करते, बल्कि यह उनकी व्यक्तिगत आदत है.

उनकी डाइट में बहुत ज्यादा तामझाम वाली चीजें शामिल नहीं होतीं. अभिनेता ने अपने खानपान के बारे में बात करते हुए स्प्राउट्स, ग्रिल्ड चिकन, ब्रोकली और थोड़ी दाल जैसी साधारण चीजों का जिक्र किया है. उन्हें घर जैसा सादा और परिचित खाना पसंद है. आरजे देवांगना के साथ बातचीत में भी उन्होंने बताया था कि उन्हें बहुत ज्यादा तामझाम वाला खाना खास पसंद नहीं है.

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि शाहरुख अपने पसंदीदा पकवानों से दूरी बनाकर रखते हैं. उन्हें बिरयानी, रोटी, पराठे, घी से बने पकवान और लस्सी भी पसंद हैं. यानी वह खाने को लेकर हमेशा सख्त नियमों में बंधे नहीं रहते.

रोजाना सिर्फ 30 मिनट करते हैं एक्सरसाइज
शाहरुख खान की फिटनेस का दूसरा दिलचस्प पहलू उनका वर्कआउट रूटीन है. जहां कई लोग फिट रहने के लिए घंटों जिम में बिताते हैं, वहीं अभिनेता ने द गार्जियन को बताया था कि वह रोजाना करीब 30 मिनट एक्सरसाइज करते हैं.

उनका शूटिंग शेड्यूल अक्सर काफी व्यस्त रहता है. कई बार देर रात शूटिंग से लौटने के बाद भी वह वर्कआउट के लिए समय निकालते हैं. इससे पता चलता है कि वह एक्सरसाइज के लिए किसी खास समय या परिस्थिति का इंतजार नहीं करते.

हालांकि, उनके ट्रेनर प्रशांत सावंत ने द इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में बताया था कि उनके वर्कआउट सेशन आमतौर पर करीब 45 मिनट के होते हैं. इस दौरान शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर ध्यान दिया जाता है. दोनों सप्ताह में लगभग चार से पांच दिन ट्रेनिंग करते हैं.



Source link