पटनाः छठ पूजा पर घर लौटने वाले परदेसियों के लिए खुशखबरी. बिहार सरकार ने सफर का नया ऑप्शन तैयार किया है. ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है, तो अब बस से भी बिहार पहुंच सकते हैं. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम करीब 200 स्पेशल बसें चलाने जा रहा है. ये बसें दिल्ली, हरियाणा, यूपी, पश्चिम बंगाल और झारखंड से बिहार के अलग-अलग शहरों तक पहुंचेंगी. यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग शुरू हो गई है और किराया भी तय कर दिया गया है. साथ ही टिकट पर बंपर डिस्काउंट भी मिल रहा है.
पांच राज्यों के लिए चलेंगी करीब 200 बसें
बसों की टिकट बुकिंग 1 नवंबर से शुरू हो गई है. बसों का परिचालन 5 नवंबर से 20 नवंबर तक होगा. यात्री निगम की वेबसाइट पर जाकर अपनी सीट बुक कर सकते हैं. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए करीब 200 बसों का इंतजाम किया है. ये बसें तय रूट पर चलेंगी. यात्रियों की जरूरत के अनुसार एसी सीटर, एसी स्लीपर, सेमी-स्लीपर और नॉन एसी बसों की व्यवस्था की गई है.
पटना-मुजफ्फरपुर-गया-दरभंगा के लिए चलेंगी इतनी बसें
निगम के अनुसार, पटना से दिल्ली के लिए 13, हरियाणा के लिए 7 और झारखंड के लिए 4 बसें चलेंगी. मुजफ्फरपुर से दिल्ली के लिए 34 बसें, गया से दिल्ली के लिए 10 बसें रवाना होंगी. गया से हरियाणा और उत्तर प्रदेश के लिए दो-दो और झारखंड के लिए 6 बसों का संचालन होगा. पूर्णिया से दिल्ली के लिए 12 और हरियाणा के लिए 18 बसें चलाई जाएंगी. वहीं, दरभंगा से दिल्ली के लिए 6 और हरियाणा के लिए 22 बसों की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा दूसरे प्रमुख रूटों पर भी बसें चलाई जाएंगी.
पटना से दिल्ली का बस किराया कितना?
दिल्ली से बिहार आने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग श्रेणी की बसों का किराया तय किया गया है. पटना से दिल्ली जाने के लिए नॉन एसी सीटर का किराया 1,182 रुपये और नॉन एसी स्लीपर का 1,483 रुपये है. एसी सीटर के लिए 1,318 रुपये और एसी स्लीपर के लिए 1,935 रुपये देने होंगे. मुजफ्फरपुर से दिल्ली का किराया नॉन एसी सीटर में 1,074 रुपये, नॉन एसी स्लीपर में 1,352 रुपये, एसी सीटर में 1,195 रुपये और एसी स्लीपर में 1,767 रुपये है.
गया जाने के लिए कितना
गया से दिल्ली के लिए नॉन एसी सीटर का किराया 1,139 रुपये, स्लीपर का 1,426 रुपये, एसी सीटर का 1,272 रुपये और एसी स्लीपर का 1,861 रुपये तय किया गया है. दरभंगा से दिल्ली जाने पर नॉन एसी सीटर के लिए 1,165 रुपये, स्लीपर के लिए 1,461 रुपये, एसी सीटर के लिए 1,201 रुपये और एसी स्लीपर के लिए 1,908 रुपये किराया देना होगा. पूर्णिया से दिल्ली का किराया नॉन एसी सीटर में 1,486 रुपये, स्लीपर में 1,842 रुपये, एसी सीटर में 1,668 रुपये और एसी स्लीपर में 2,398 रुपये है.
पटना से हरियाणा जाने का किराया भी तय
हरियाणा के लिए भी बसों का किराया तय किया गया है. पटना से अंबाला जाने के लिए नॉन एसी सीटर का किराया 1,303 रुपये और एसी स्लीपर का 2,134 रुपये है. पटना से गुरुग्राम के लिए नॉन एसी सीटर का किराया 1,193 रुपये और एसी स्लीपर का 1,948 रुपये रखा गया है. वहीं, गया से अंबाला जाने के लिए नॉन एसी सीटर का किराया 1,242 रुपये और एसी स्लीपर का 2,043 रुपये तय किया गया है.
वेबसाइट पर ऐसे करें टिकट बुक
यात्री बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट https://bsrtc.bihar.gov.in/ पर जाकर टिकट बुक कर सकते हैं. निगम की यह विशेष बस सेवा 5 नवंबर से 20 नवंबर तक चलेगी. ऐसे में त्योहार पर घर आने की तैयारी कर रहे लोग अपनी यात्रा के अनुसार टिकट बुक कर सकते हैं.