चलो-चलो, उधर चलो… गोशाला में गायों को गुड़-रोटी खिलाते दिखे CM योगी

चलो-चलो, उधर चलो… गोशाला में गायों को गुड़-रोटी खिलाते दिखे CM योगी


गोरखपुर: यूपी में गोरखपुर प्रवास के दौरान सोमवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गोवंश के प्रति अनूठा स्नेह देखने को मिला. गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में पहुंचे सीएम योगी ने गायों को अपने हाथों से गुड़ और रोटी खिलाई. इस दौरान कई गोवंश उनका स्नेह पाने के लिए उनके करीब आने लगे. गायों को एक-दूसरे से आगे बढ़ता देख मुख्यमंत्री ने बड़े प्यार से उन्हें समझाया, ‘चलो-चलो, उधर चलो, नहीं तो चोट लग जाएगी.’ उनकी यह आत्मीय पुकार सुनकर गोवंश दूसरी तरफ चले गए. इसके बाद मुख्यमंत्री ने उन्हें अपने हाथों से गुड़-रोटी खिलाकर दुलारा.

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही. सुबह उन्होंने सबसे पहले गोरखनाथ मंदिर में शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया. इसके बाद अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर पहुंचकर शीश झुकाया और उनका आशीर्वाद लिया. पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला पहुंचे. यहां उन्होंने गोवंश के बीच कुछ समय बिताया. गायों को अपने पास बुलाकर उन्हें दुलारा और अपने हाथों से गुड़-रोटी खिलाई. इस दौरान गोवंश के प्रति उनका स्नेह और आत्मीय व्यवहार देखने को मिला.

गायों को खिलाया गुड़-रोटी, प्यार से समझाते भी नजर आए
गोशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपने बीच देखकर कई गोवंश उनके पास आने लगे. सभी गायें उनका स्नेह और दुलार पाने के लिए उत्सुक दिखाई दीं. इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें संभालते हुए प्यार से कहा, ‘चलो-चलो, उधर चलो, नहीं तो चोट लग जाएगी.’ मुख्यमंत्री की आवाज सुनकर गोवंश दूसरी तरफ चले गए. इसके बाद उन्होंने सभी को अपने हाथों से गुड़ और रोटी खिलाई. गोसेवा के दौरान मुख्यमंत्री का यह सहज और आत्मीय अंदाज चर्चा का विषय रहा.

लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं
गोसेवा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार दूसरे दिन गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन किया. महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में उन्होंने करीब 200 लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं. मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि हर पीड़ित की समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा.

इस दौरान कुछ लोगों ने आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में गलत रिपोर्ट लगाए जाने की शिकायत की. इस पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गलत रिपोर्ट लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या को संवेदनशीलता से सुना जाए और उसका समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए.

जमीन कब्जाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में कुछ लोगों ने जबरन जमीन कब्जाने की शिकायत भी की. इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संबंधित मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकरण में पीड़ित को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ा है तो इसकी भी जांच कराई जाए और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि वास्तविक रूप से होना चाहिए. पीड़ित व्यक्ति को कार्रवाई से संतुष्टि भी मिलनी चाहिए.

इलाज के लिए आर्थिक मदद का दिया भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे. मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि इलाज में पैसे की कमी बाधा नहीं बनने दी जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित अस्पतालों से इलाज का एस्टीमेट जल्द तैयार कराकर शासन को भेजा जाए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से जरूरतमंदों को पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके.

वहीं, एक दिव्यांग युवती ने अपने परिवार की आर्थिक परेशानी बताते हुए इंटर पास भाई के लिए रोजगार की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया. मुख्यमंत्री ने इस पर अधिकारियों को युवती की मदद करने और उसके प्रार्थना पत्र पर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार हर जरूरतमंद और पीड़ित व्यक्ति की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है. किसी को भी अपनी समस्या के समाधान के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है.



Source link