अनंत सिंह की विधायकी पर संकट, विधानसभा ने थमाया नोटिस, 7 दिन में देना होगा जवाब

अनंत सिंह की विधायकी पर संकट, विधानसभा ने थमाया नोटिस, 7 दिन में देना होगा जवाब


Last Updated:

Zoom

पटना:  बिहार की राजनीति से बड़ी खबर है. मोकामा के विधायक अनंत सिंह को बिहार विधानसभा की ओर से नोटिस जारी किया गया है. यह नोटिस पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में भेजा गया है. विधानसभा सचिव संजय कुमार सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार के निर्देश पर यह नोटिस जारी किया है. अनंत सिंह को 7 दिनों के अंदर अपना जवाब देने को कहा गया है. सोमवार को अनंत सिंह ने विधानसभा का नोटिस प्राप्त कर लिया.

जेडीयू ने सदस्यता रद्द करने की मांग की थी
अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की मांग जेडीयू की ओर से की गई थी. जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को इस संबंध में आवेदन दिया था. इसमें अनंत सिंह पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया था.

जेडीयू ने दिए थे सबूत
जेडीयू ने अपने आरोपों के समर्थन में अखबारों की कटिंग, सीडी और कई अन्य सबूत भी सौंपे थे. इन दस्तावेजों को देखने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने आगे की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया. इसके बाद विधानसभा सचिव ने अनंत सिंह को नोटिस भेजा है.

एमएलसी चुनाव में दूसरे उम्मीदवार का समर्थन करने का आरोप
पूरा मामला बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट के चुनाव से जुड़ा है. इस चुनाव में जेडीयू ने नीरज कुमार को अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया था. आरोप है कि मोकामा विधायक अनंत सिंह ने अपनी पार्टी के उम्मीदवार का समर्थन करने के बजाय जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह का समर्थन किया.अनंत सिंह ने अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार भी किया था. इसे जेडीयू ने पार्टी के निर्देशों की अवहेलना माना. इसके बाद पार्टी ने उनके खिलाफ कार्रवाई की.

जेडीयू ने 6 साल के लिए पार्टी से निकाला
24 अक्टूबर 2026 को जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने अनंत सिंह को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था. उनकी प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी गई थी.

पार्टी की ओर से अनंत सिंह पर तीन आरोप लगाए गए थे.

  • पार्टी के निर्देशों का पालन नहीं करना.
  •  पार्टी के बड़े नेताओं के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना.
  • एमएलसी चुनाव में जेडीयू के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार करना.

    अब विधानसभा में देना होगा जवाब
    अनंत सिंह को विधानसभा की ओर से जारी नोटिस का जवाब 7 दिनों के अंदर देना होगा. उनके जवाब के बाद विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय आगे की कार्रवाई पर विचार करेगा. फिलहाल अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द होने पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है. नोटिस जारी होने के बाद अब सबकी नजर उनके जवाब और विधानसभा अध्यक्ष के अगले कदम पर है.

यह ख़बर बिल्कुल अभी आई है और इसे सबसे पहले आप News18Hindi पर पढ़ रहे हैं. जैसे-जैसे जानकारी मिल रही है, हम इसे अपडेट कर रहे हैं. ज्यादा बेहतर एक्सपीरिएंस के लिए आप इस खबर को रीफ्रेश करते रहें, ताकि सभी अपडेट आपको तुरंत मिल सकें. आप हमारे साथ बने रहिए और पाइए हर सही ख़बर, सबसे पहले सिर्फ Hindi.News18.com पर…



Source link