MBA with AI और जनरल MBA में कौन-सा कोर्स है बेहतर? जानें करियर, सैलरी और भविष्य के अवसर

MBA with AI और जनरल MBA में कौन-सा कोर्स है बेहतर? जानें करियर, सैलरी और भविष्य के अवसर


MBA with AI vs General MBA: आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का यूज तेजी से बढ़ रहा है. मार्केटिंग से लेकर फाइनेंस और ह्यूमन रिसोर्स तक, कंपनियां अपने कामकाज में एआई टूल्स और डेटा एनालिटिक्स का उपयोग कर रही हैं. इसका प्रभाव मैनेजमेंट की पड़ाई पर भी पड़ा है. यही वजह है कि एमबीए के साथ AI स्पेशलाइजेशन छात्रों के बीच चर्चा में हैं.

ऐसे में सवाल है कि MBA with AI करना बेहतर होगा या जनरल MBA कोर्स? दोनों में क्या अंतर है और करियर के लिहाज से कौन सा विकल्प ज्यादा फायदेमंद हो सकता है.

MBA with AI क्या है?

एमबीए विद एआई एक ऐसा मैनेजमेंट कोर्स है, जिसमें बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की पढ़ाई के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के व्यावसायिक इस्तेमाल पर भी ध्यान दिया जाता है. इसका मकसद छात्रों को यह समझाना है कि कंपनियां एआई और डेटा आधारित तकनीकों का उपयोग करके अपने कामकाज को कैसे बेहतर बना सकती है.

एमबीए विद एआई प्रोग्राम में एआई फॉर बिजनेस, बिजनेस एनालिटिक्स, डेटा बेस्ड डिसीजन, ऑटोमेशन और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसे सब्जेक्ट शामिल हो सकते हैं. कुछ प्रोग्राम में मशीन लर्निंग और डेटा एनालिसिस से जुड़े विषय भी पढ़ाए जाते हैं. यह प्रोग्राम उन छात्रों के लिए उपयोगी हो सकता है, जो मैनेजमेंट के साथ टेक्नोलॉजी की समझ विकासित करना चाहते हैं.

जनरल एमबीए प्रोग्राम क्या है?

जनरल एमबीए एक व्यापक मैनेजमेंट कोर्स है. इसमें बिजनेस मैनेजमेंट के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाती है. ताकि छात्र अलग-अलग विभागों और उद्योगों में काम करने के लिए तैयार हो सकें.

इसमें मार्केटिंग, फाइनेंस, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट, ऑपरेशंस, बिजनेस स्ट्रैटेजी और अकाउंटिंग जैसे विषय शामिल हो सकते हैं. कोर्स के दौरान छात्र अपनी रुचि के अनुसार किसी विशेष क्षेत्र में विशेषज्ञता भी हासिल कर सकते हैं.

General MBA का सबसे बड़ा फायदा इसकी व्यापकता है. अगर किसी छात्र ने अभी तक अपने करियर का क्षेत्र तय नहीं किया है, तो यह कोर्स उसे मैनेजमेंट के अलग-अलग क्षेत्रों को समझने का अवसर देता है. दोनों कोर्स का मुख्य उद्देश्य छात्रों को बिजनेस मैनेजमेंट की समझ देना है, लेकिन उनके फोकस में अंतर है.

General MBA में मैनेजमेंट के विभिन्न क्षेत्रों की व्यापक जानकारी दी जाती है, जबकि MBA with AI में मैनेजमेंट के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा आधारित तकनीकों के इस्तेमाल पर अतिरिक्त जोर दिया जा सकता है.

General MBA करने वाले छात्र मार्केटिंग, फाइनेंस, HR, ऑपरेशंस और कंसल्टिंग जैसे क्षेत्रों में करियर बना सकते हैं. वहीं, MBA with AI करने वाले छात्रों के लिए बिजनेस एनालिटिक्स, AI प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन से जुड़ी भूमिकाओं के अवसर हो सकते हैं.

हालांकि, इन क्षेत्रों में नौकरी मिलना केवल डिग्री पर निर्भर नहीं करता. छात्रों के व्यावहारिक कौशल, इंटर्नशिप, कार्य अनुभव और संस्थान के प्लेसमेंट रिकॉर्ड की भी अहम भूमिका होती है.

किस कोर्स के बाद मिल सकती है ज्यादा सैलरी?

MBA with AI और जनरल MBA में से किसी एक को अधिक सैलरी देने वाला विकल्प मानना सही नहीं होगा. दोनों कोर्स के बाद मिलने वाला वेतन संस्थान, नौकरी की भूमिका, कंपनी, कौशल और अनुभव के आधार पर अलग-अलग हो सकता है. उदाहरण के लिए, किसी प्रतिष्ठित संस्थान से General MBA करने वाले छात्र को अच्छे मैनेजमेंट पद पर अवसर मिल सकता है. वहीं, AI और डेटा एनालिटिक्स में मजबूत कौशल रखने वाला छात्र तकनीक आधारित बिजनेस भूमिका में आगे बढ़ सकता है.

इसलिए दाखिला लेने से पहले कॉलेज की फीस, पिछले वर्षों के प्लेसमेंट आंकड़े, औसत वेतन, प्रमुख भर्ती करने वाली कंपनियों और इंटर्नशिप के अवसरों की जांच करनी चाहिए. केवल अधिक सैलरी के दावों या AI के नाम पर कोर्स का चुनाव करना उचित नहीं होगा.

MBA with AI या जनरल MBA, किसे चुनना चाहिए?

अगर आपकी रुचि बिजनेस और टेक्नोलॉजी दोनों में है और आप डेटा के आधार पर निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना चाहते हैं, तो MBA with AI एक अच्छा विकल्प हो सकता है. इसके लिए ऐसा संस्थान चुनना जरूरी है, जहां AI की पढ़ाई व्यावहारिक प्रोजेक्ट और उद्योग की जरूरतों से जुड़ी हो.

दूसरी ओर, अगर आप मैनेजमेंट के विभिन्न क्षेत्रों में करियर के अवसर खुले रखना चाहते हैं, तो General MBA बेहतर विकल्प हो सकता है. इसके साथ आप AI टूल्स, डेटा एनालिटिक्स और डिजिटल मार्केटिंग जैसे कौशल भी सीख सकते हैं.



Source link