Expressway in Bihar : बिहार में बन रहा 143 किलोमीटर का नया रास्ता, 4 जिलों में आसान होगी आवाजाही

Expressway in Bihar : बिहार में बन रहा 143 किलोमीटर का नया रास्ता, 4 जिलों में आसान होगी आवाजाही


Last Updated:

Expressway in Bihar : बिहार में 143 किलोमीटर की एक नई सड़क बनाई जा रही है. एनएचएआई ने इस प्रोजेक्ट पर करीब 3,936 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान लगाया है. यह प्रोजेक्ट तैयार होने के बाद बिहार के 4 जिलों में आवाजाही आसान हो जाएगी. अभी दोनों जिलों के बीच आवाजाही में 4 से 5 घंटे लग जाते हैं, जो प्रोजेक्ट तैयार होने के बाद 2 से 3 घंटे रह जाएगा.

Zoom

खगड़िया से पूर्णिया तक पहुंचने में अभी 5 घंटे तक का समय लग जाता है.

नई दिल्ली. यूपी हो या बिहार, देश के तमाम राज्यों में लगातार सड़कों के विस्तार का काम चल रहा है. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने बिहार में एक और रास्ता बनाने की मंजूरी दे दी है. इसकी कुल लंबाई 143 किलोमीटर है, जिससे राज्य के 4 जिलों में आवाजाही काफी आसान हो जाएगी. राष्ट्रीय राजमार्ग-31 और 231 पर खगड़िया और पूर्णिया जिले के बीच यह रास्ता बनाया जा रहा है, जिस पर टोल भी बनाए जाएंगे. इस सेक्शन के तैयार होने के बाद आवाजाही का समय 2 घंटे कम हो जाएगा.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्रीय कैबिनेट ने इस साल जून में बिहार के इस रोड प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी थी. इस प्रोजेक्ट पर करीब 3,936 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है. अभी खगड़िया से पूर्णिया तक जाने में कई जगह खतरनाक मोड़ का सामना करना पड़ता है, जिससे हादसे की आशंका रहती है. साथ ही ट्रैफिक जाम की भी समस्या रहती है, लेकिन प्रोजेक्ट तैयार होने के बाद आवाजाही में करीब 2 घंटे का समय बचेगा.

4 जिलों को होगा फायदा
खगड़िया -पूर्णिया सेक्शन के तैयार होने के बाद बिहार के चार जिलों को फायदा होगा. इसमें खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया जिले शामिल हैं. इस प्रोजेक्ट में 143 किलोमीटर के हाइवे के साथ ही पूर्णिया शहर में बनाया जाने वाला 6.72 किलोमीटर का ग्रीनफील्ड बाईपास भी शामिल है. इस प्रोजेक्ट से सड़क सुरक्षा बेहतर होने के साथ ही आवाजाही का समय भी करीब 2 घंटे बचेगा. इससे प्रदेश के 4 जिलों में कारोबारी गतिविधियां बढ़ाने और रोजगार को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी.

आर्थिक और लॉजिस्टिक्स को फायदा
पूर्णिया-खगड़िया सेक्शन तैयार होने के बाद 5 बड़े बिजनेस पार्क को फायदा मिलेगा. इसमें 1 टेक्सटाइल क्लस्टर है, 2 मेगा फूड पार्क और 2 फिशिंग सी-फूड पार्क शामिल हैं. इसके अलावा 11 लॉजिस्टिक्स नोड्स को भी फायदा मिलेगा, जिसमें 4 बड़े रेलवे स्टेशन, 1 एयरपोर्ट, 4 राष्ट्रीय राजमार्ग और 2 स्टेट हाइवे शामिल हैं. इसका फायदा प्रदेश के यात्रियों को तो मिलेगा ही, दूसरे राज्यों से आने वाले कारोबारियों और सैलानियों के लिए भी सहूलियत होगी.

कहां तक पहुंचा काम
एनएचएआई ने स्थानीय ठेकेदारों के लिए टेंडर भी खोल दिया है और इसे भरने की फीस 3.40 लाख रुपये रखी गई है. 17 नवंबर तक इसमें टेंडर भरा जा सकता है. वैसे तो इसे पूरा करने की कोई डेडलाइन नहीं बनाई गई है, लेकिन अनुमान है कि अगले 2 साल में इसका निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा. अभी राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर खगड़िया, नौगछिया और पूर्णिया सेक्शन पर काफी जाम रहता है. इससे ट्रैफिक को मैनेज करना भी मुश्किल हो जाता है.



Source link