Last Updated:
रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौरी-चौरा में 287 करोड़ रुपये की 84 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया. उन्होंने 59.44 करोड़ रुपये की लागत से बने रेल ओवरब्रिज को जनता को समर्पित किया. इस रेल ओवर ब्रिज के बनने से करीब 50 हजार लोगों को फायदा मिलेगा.
59 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ रेलवे का ओवरब्रिज.
गोरखपुरः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1 नवंबर को गोरखपुर के चौरी-चौरा स्थित भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण किया है. इस ओवरब्रिज के निर्माण पर लगभग 59.44 करोड़ रुपये की लागत आई है. यह पुल 649 मीटर लंबा है और इसे एल शेप में तैयार किया गया है. गोरखपुर-भटनी रेल खंड पर स्थित इस रेलवे क्रॉसिंग के पास पुल बन जाने से रोजाना लगने वाले भारी जाम से करीब 50 हजार लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और राहगीरों को राहत मिलेगी. बता दें कि पिछले सात सालों में गोरखपुर जिले में कुल 15 रेल ओवरब्रिज और फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो चुका है. जिन पर कुल 1,274.83 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं.
गोरखपुर को जाम-मुक्त और तेज गति वाला शहर बनाने के लिए योगी सरकार ने सड़क और सेतु निर्माण पर विशेष फोकस किया है. भोपा बाजार रेल ओवरब्रिज से पहले जिले में कुल 14 ओवरब्रिज व फ्लाईओवर का निर्माण पूरा कर उन्हें जनता को सौंपा जा चुका है. इन 14 पुलों के बनाने में 1215.39 करोड़ रुपये की लागत आई थी. अब 59.44 करोड़ रुपये के भोपा बाजार ओवरब्रिज के लोकार्पण के साथ ही गोरखपुर में सात वर्षों के भीतर सेतु नेटवर्क के विकास पर कुल व्यय 1274.83 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.
फ्लाईओवर्स से घटी शहर के बीच दूरी
शहर के प्रमुख चौराहों, रेलवे क्रॉसिंगों और प्रमुख मार्गों पर बने इन फ्लाईओवर्स ने न केवल शहर के भीतर की दूरी घटाई है, बल्कि जिले के सुदूर ग्रामीण अंचलों और पड़ोसी जनपदों से कनेक्टिविटी को भी बेहद सहज बना दिया है. भोपा बाजार रेल समपार फाटक पर ओवरब्रिज के निर्माण से क्षेत्रवासियों और दैनिक यात्रियों को वर्षों पुरानी जाम की गंभीर समस्या से निजात मिल जाएगी. रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के चलते लगने वाली लंबी कतारों और समय की बर्बादी पर अब पूर्ण विराम लगेगा, जिससे स्थानीय व्यापार, आपातकालीन सेवाओं और सामान्य आवागमन को सुगम गति मिलेगी.
भोपा बाजार से पहले विगत सात साल में सीएम योगी के हाथों लोकार्पित सेतु
3 दिसंबर 2019 को पीपीगंज-मेंहदावल मार्ग के बढ़या ठाठर घाट पर सेतु, लागत 49 करोड़ 85 लाख 31 हजार रुपये.
30 जून 2020 को सहजनवा क्षेत्र के ग्राम ढढौना से भरवलिया के बीच सेतु, लागत 12 करोड़ 32 लाख 48 हजार रुपये.
30 जून 2020 को ग्राम गाडर एवं शाहीदबाद के मध्य सेतु, लागत 15 करोड़ 93 लाख 16 हजार रुपये.
30 जून 2020 को चिलुआताल के कोल्हुआ घाट पर सेतु, लागत 21 करोड़ 20 लाख 84 हजार.
7 जनवरी 2022 को राप्ती नदी के चंदा घाट पर सेतु, लागत 35 करोड़ 26 लाख 32 हजार रुपये.
5 जुलाई 2021 को चौरीचौरा-सरदार नगर के मध्य समपार संख्या 149ए पर रेल ओवरब्रिज, लागत 21 करोड़ 27 लाख 8 हजार रुपये.
5 जुलाई 2021 को चौरीचौरा-गौरी बाजार के मध्य समपार संख्या 145ई पर रेल ओवरब्रिज, लागत 25 करोड़ 24 लाख 94 हजार रुपये.
18 अगस्त 2022 को घाघरा नदी के कम्हरिया घाट पर सेतु, लागत 117 करोड़ 84 लाख 50 हजार रुपये.
9 अप्रैल 2023 को कुआनो नदी के बनकटा घाट पर सेतु, लागत 15 करोड़ 55 लाख 7 हजार रुपये.
6 सितंबर 2024 को बालापार टिकरिया मार्ग पर समपार संख्या 6 स्पेशल पर रेल ओवरब्रिज, लागत 84 करोड़ 87 लाख 58 हजार रुपये.
19 दिसंबर 2025 को गोरखपुर-डोमिनगढ़ स्टेशन के मध्य क्रासिंग संख्या 162ए पर रेल ओवरब्रिज, 137 करोड़ 83 लाख 28 हजार रुपये.
27 जनवरी 2026 को खजांची चौराहा पर फ्लाईओवर, लागत 96 करोड़ 50 लाख 28 हजार रुपये.
27 जनवरी 2026 को बरगदवा चौराहा से फर्टिलाइजर मार्ग स्थित लेवल क्रासिंग संख्या 5ए पर रेल ओवरब्रिज, लागत 152 करोड़ 18 लाख 50 हजार रुपये.
टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर सिक्सलेन फ्लाईओवर, लागत 429 करोड़ 49 लाख 39 हजार रुपये.