नासिर ईरानी पर मकोका का वार, दिल्ली पुलिस ने खंगाली काली कमाई की कुंडली
Last Updated:
Delhi Police Irani Gang: दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में लूट और ठगी का खौफनाक नेटवर्क चलाने वाले कुख्यात ‘ईरानी गैंग’ की कमर तोड़ने के लिए दिल्ली पुलिस ने सबसे बड़ा कानूनी दांव चला है. सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने तीस हजारी कोर्ट में ईरानी गैंग के सरगना नासिर हाफिज खान उर्फ ईरानी समेत तीन शातिर बदमाशों के खिलाफ मकोका के तहत पहली चार्जशीट दाखिल कर दी है.
दिल्ली पुलिस ने नासिर ईरानी और उसके गुर्गों पर मकोका के तहत केस दर्ज किया है. (फाइल फोटो)
Delhi Police Irani Gang: दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ने कथित संगठित अपराध सिंडिकेट ईरानी गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने गैंग के कथित सरगना नासिर हाफिज खान उर्फ ईरानी उर्फ समीर समेत तीन आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत तीस हजारी कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है. आरोपियों पर लूट, ठगी और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल होने का आरोप है. पुलिस ने तीनों के खिलाफ MCOCA की धारा 3 और 4 के तहत कार्रवाई की है.
चार्जशीट में नासिर हाफिज खान उर्फ समीर अली, अली चुन्ना उर्फ राजा और अकबर अली उर्फ कबीर के नाम शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, यह गैंग दिल्ली समेत कई राज्यों में सक्रिय था और कथित तौर पर आर्थिक लाभ के लिए अपराध करता था. अक्टूबर 2025 में DBG रोड थाने में दर्ज करीब 18.84 लाख रुपये की लूट के मामले की जांच के दौरान गैंग की गतिविधियां सामने आई थीं.
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों, UPI ट्रांजैक्शन, नकद जमा, ATM से निकासी और वाहनों की फाइनेंसिंग से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की. पुलिस का दावा है कि अपराध से हासिल रकम का इस्तेमाल वाहन खरीदने, लोन की किस्तें चुकाने और अन्य लेन-देन में किया गया. इसके अलावा दिल्ली, ग्रेटर नोएडा और अन्य स्थानों पर संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की गई. पुलिस ने महिंद्रा बोलेरो और हुंडई क्रेटा समेत कई वाहनों के दस्तावेज खंगाले.
पुलिस के मुताबिक, नासिर खान के खिलाफ करीब 46, अली चुन्ना के खिलाफ 10 और अकबर अली के खिलाफ 22 आपराधिक मामलों में संलिप्तता का जिक्र है. तीनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं. पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश करने, अतिरिक्त संपत्तियों की पहचान करने और अपराध से अर्जित रकम का पता लगाने में जुटी है. जांच आगे बढ़ने के बाद इस मामले में सप्लीमेंट्री चार्जशीट भी दाखिल की जाएगी.