हजारों किसानों के साथ फॉरेस्ट ऑफिस पहुंचे नरेश मीणा, मारपीट का आरोप, 7 दिनों में तीसरा केस दर्ज


Last Updated:

चुनावी सभा के बाद हजारों किसानों-समर्थकों के साथ फॉरेस्ट ऑफिस पहुंचे, वनकर्मियों से मारपीट का आरोप, जब्त मोटर-पाइप जबरन छुड़ाए. वन विभाग ने नाहरगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज कराया. बारां जिले के नाहरगढ़ में पंचायत राज चुनाव का प्रचार जोरों पर था. भगत सिंह सेना प्रमुख नरेश मीणा अपने प्रत्याशियों के समर्थन में सभा कर रहे थे. अचानक स्थानीय किसानों ने वन विभाग की शिकायत सुनाई एक किसान की पानी वाली मोटर और पाइप जब्त कर ली गई थी.

Top Deals Inside

चुनाव प्रचार के बीच हजारों किसानों के साथ फॉरेस्ट ऑफिस पहुंचे नरेश मीणाZoom

बारां. राजस्थान के बारां जिले में पंचायत राज चुनाव के प्रचार के बीच भगत सिंह सेना प्रमुख नरेश मीणा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. नाहरगढ़ में चुनावी सभा के बाद वे हजारों किसानों और समर्थकों के साथ फॉरेस्ट ऑफिस पहुंच गए. मामला एक किसान की जब्त की गई पानी की मोटर और पाइप से जुड़ा है.

आरोप है कि नरेश मीणा और उनके समर्थकों ने वनकर्मियों के साथ मारपीट की और जब्त मोटर-पाइप जबरन छुड़ाकर ले गए. वन विभाग की शिकायत पर नाहरगढ़ थाने में नरेश मीणा और अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

नाहरगढ़ पहुंचे थे नरेश मीणा

दरअसल, नरेश मीणा अपने प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभा करने नाहरगढ़ पहुंचे थे. सभा के दौरान स्थानीय किसानों ने वन विभाग पर परेशान करने का आरोप लगाया. एक किसान ने शिकायत की कि वन विभाग ने उसकी पानी की मोटर और पाइप जब्त कर लिए हैं.

किसानों की शिकायत सुनने के बाद नरेश मीणा ने सभा में वन विभाग पर किसानों को नाजायज परेशान करने के आरोप लगाए. सभा खत्म हुई तो वे अचानक हजारों किसानों और समर्थकों के साथ नाहरगढ़ रेंज ऑफिस पहुंच गए.

वन विभाग का आरोप है कि फॉरेस्ट ऑफिस में नरेश मीणा और उनके समर्थकों ने वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की. वनकर्मी प्रदीप सहित अन्य कर्मचारियों से मारपीट कर जब्त मोटर और पाइप जबरन छुड़ाकर ले जाने की शिकायत भी दी गई है. घटना के बाद वन विभाग ने नाहरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने नरेश मीणा और उनके समर्थकों के खिलाफ राजकार्य में बाधा, मारपीट और जब्त सामग्री जबरन ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है.

सात दिन में तीसरा मुकदमा

नरेश मीणा के खिलाफ पिछले सात दिनों में यह तीसरा मुकदमा दर्ज होने का मामला सामने आया है. इससे पहले छबड़ा में खाद की मांग को लेकर हुए विवाद के बाद कृषि विभाग के अधिकारी की शिकायत पर उनके खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने, धमकाने और भीड़ को उकसाने के आरोप में मामला दर्ज हुआ था. वहीं, शिवदासपुरा टोल पर जाम लगाने के मामले में भी उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की बात सामने आई है.

राजनीतिक रूप से भी यह मामला अहम है. नरेश मीणा बहुजन समाज पार्टी के बैनर तले पंचायत राज चुनाव में सक्रिय हैं. उन्होंने बारां जिले की जिला परिषद की सभी 29 सीटों और 10 पंचायत समितियों में अपने प्रत्याशी उतारे हैं. ऐसे में चुनाव प्रचार के बीच लगातार दर्ज हो रहे मुकदमों से उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं. अब पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर है.



Source link