स्थापना दिवस पर ऐसा कार्यक्रम होता है… सीधी में भरे मंच से अफसरों पर क्यों भड़कीं विधायक रीति पाठक?


Last Updated:

MP News: मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर सीधी में आयोजित कृषि लोकोत्सव अव्यवस्थाओं के कारण विवादों में घिर गया. सीधी विधायक रीति पाठक ने कड़ा विरोध जताया. धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम भी नाराज दिखे, जबकि सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक कार्यक्रम खत्म होने के बाद पहुंचे.

Top Deals Inside

स्थापना दिवस पर ऐसा कार्यक्रम होता है... सीधी में क्यों भड़कीं Mla रीति पाठक?Zoom

सीधी विधायक रीति पाठक.

Sidhi News: मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर किसानों के सम्मान और कृषि संस्कृति को समर्पित ‘कृषि लोकोत्सव’ सीधी जिले में अव्यवस्थाओं और विवादों के कारण चर्चा में आ गया. जिस कार्यक्रम को प्रदेश की कृषि शक्ति, किसानों के सम्मान और सरकारी योजनाओं के प्रदर्शन का मंच बनना था, वह जनप्रतिनिधियों की नाराजगी का केंद्र बन गया. कार्यक्रम के आयोजन स्थल और विभागीय व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

छोटे सभागार में सिमटा आयोजन
यह कार्यक्रम कृषि विभाग की चारदीवारी के भीतर स्थित एक छोटे से सभागार में आयोजित किया गया था. इतने महत्वपूर्ण अवसर पर कार्यक्रम को एक सीमित और संकुचित स्थान पर समेटने को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने कड़ी आपत्ति जताई. उपस्थित लोगों का कहना था कि इतने बड़े आयोजन को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाना चाहिए था, ताकि अधिक से अधिक किसान इससे जुड़ पाते.

विधायक रीति पाठक का तीखा हमला
कार्यक्रम में सबसे मुखर विरोध सीधी विधायक रीति पाठक का देखने को मिला. उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए. रीति पाठक ने कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस केवल किसानों की संगोष्ठी नहीं है. सरकार की रूपरेखा के अनुसार इसमें सभी विभागों की सहभागिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होना चाहिए था.

अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कसा तंज
विधायक रीति पाठक ने अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी अपेक्षा थी कि स्थापना दिवस के इस अवसर पर सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे. लेकिन, जब वह मौके पर पहुंचीं, तो उन्हें कोई अधिकारी दिखाई नहीं दिया. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हो सकता है कि उनकी नजर ही कमजोर हो, यह वहां मौजूद लोग तय करेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस आयोजन से नाखुश हैं और उन्हें आयोजन का स्वरूप बिल्कुल अच्छा नहीं लगा. सभा को संबोधित करने के बाद वह रवाना हो गईं.

अन्य विधायकों की प्रतिक्रिया
आयोजन को लेकर धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने भी अपनी नाराजगी जाहिर की. वहीं, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक कार्यक्रम पूरी तरह संपन्न होने के बाद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे. जनप्रतिनिधियों के इस असंतोष से आयोजन की तैयारियों और विभागीय समन्वय पर सवाल खड़े हो गए हैं.

सांसद ने दिया तर्क, पुरस्कारों का किया जिक्र
विवाद के बीच सांसद ने आयोजन का बचाव किया. सांसद ने कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर कृषि लोकोत्सव आयोजित किया गया था और इसी उद्देश्य से कार्यक्रम यहां रखा गया. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बच्चों को पुरस्कार दिए गए हैं, जिसमें एक बच्चे को ट्रैक्टर, दूसरे को बुलेट और तीसरे बच्चे को स्कूटी मिली है. हालांकि, स्थापना दिवस के तय प्रोटोकॉल और व्यवस्थाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद ने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है.



Source link