नई दिल्ली: फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान इन दिनों अपने कुक दिलीप को लेकर चर्चा में हैं. सोशल मीडिया पर दोनों का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें फराह और दिलीप के बीच किसी बात को लेकर बहस होती दिखाई दे रही है. वीडियो सामने आने के बाद लोग तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं. साथ ही फराह को लोग ट्रोल भी कर रहे थे.
अब फराह ने इस पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लोगों से उनकी और दिलीप की प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है.
वायरल वीडियो में क्या हुआ?
वायरल क्लिप में दिलीप फराह से कहते सुनाई देते हैं, ‘मैंने कितनी बार आपको बोला है.’ इस पर फराह जवाब देती हैं, ‘तू मुझे समझाएगा?’ इसी दौरान फराह की नजर कैमरे पर पड़ती है. वह वीडियो रिकॉर्ड कर रहे शख्स को रुकने के लिए कहती हैं. इस छोटी सी क्लिप के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के बीच अनबन की चर्चा शुरू हो गई. हालांकि, वीडियो में पूरी बातचीत सामने नहीं आई है. ऐसे में यह साफ नहीं है कि दोनों के बीच किस बात को लेकर बातचीत हो रही थी. फराह ने भी इस मामले में किसी तरह की सफाई देने के बजाय लोगों से जल्दबाजी में कोई नतीजा नहीं निकालने को कहा है.
फराह खान ने मांगी प्राइवेसी
कैसे मशहूर हुए फराह के कुक दिलीप?
फराह खान का कुकिंग व्लॉग साल 2024 में शुरू हुआ था. इसमें फराह अलग-अलग सेलेब्स के घर जाकर उनके साथ खाना बनाती हैं. इस दौरान उनके कुक दिलीप भी नजर आते हैं. दोनों की मजेदार बातचीत और दिलीप के मजाकिया जवाब दर्शकों को खूब पसंद आते हैं. धीरे-धीरे दिलीप भी सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हो गए.
फराह ने दिलीप की जिंदगी को लेकर किया था खुलासा
हाल ही में सोहा अली खान के साथ बातचीत में फराह ने बताया था कि उनके व्लॉग से दिलीप की जिंदगी में काफी बदलाव आया है. फराह के मुताबिक, उन्होंने दिलीप के बच्चों को इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ाना शुरू किया. इतना ही नहीं, उनके एक बेटे को कुकिंग का डिप्लोमा कोर्स भी कराया.
फराह ने यह भी बताया कि दिलीप पर काफी कर्ज था. उन्हें आर्थिक रूप से स्थिर होने में मदद करने के लिए फराह को करीब एक साल तक मेहनत करनी पड़ी. यही वजह है कि दोनों की बॉन्डिंग दर्शकों के बीच भी काफी पसंद की जाती है.