पटना में खुला वेजफेड का आउटलेट, एक छत के नीचे मिलेंगी 38 तरह की ताजी सब्जियां
Last Updated:
Vegfed Opens First Vegetable Outlet In Patna: पटना में बिहार वेजिटेबल फेडरेशन यानी वेजफेड का पहला तरकारी आउटलेट चिड़ियाघर गेट नंबर-2 के पास खोला गया है. यहां किसानों से सीधे सब्जियां खरीदकर उपलब्ध कराई जा रही हैं और होम डिलीवरी की सुविधा भी दी जा रही है.
Vegfed Opens First Vegetable Outlet In Patna: अब सब्जियों की खरीदारी के लिए आपको बाजारों की भीड़ और मोलभाव से जूझने की जरूरत नहीं पड़ेगी. पटना में बिहार वेजिटेबल फेडरेशन यानी वेजफेड की ओर से पहला तरकारी आउटलेट शुरू किया गया है. इसकी खासियत है कि यहां किसानों से सीधे सब्जियां खरीदकर ग्राहकों को उपलब्ध कराई जाएंगी. आउटलेट की टैगलाइन है हर थाली में बिहारी तरकारी. दावा है कि यहां बाजार की तुलना में कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण और ताजी सब्जियां मिलेंगी. साथ ही, ग्राहक घर बैठे ऑनलाइन ऑर्डर कर होम डिलीवरी की सुविधा भी ले सकेंगे. वेजिटेबल फेडरेशन के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी लवली ने बताया कि ऐसे ही आउटलेट पटना के कई अलग अलग इलाकों में खोलने की तैयारी है. इसके साथ ही पूरे बिहार में जहां जहां सुधा का आउटलेट है, उसके बगल में तरकारी का भी आउटलेट आने वाले दिनों में देखने को मिलेगा.
चिड़ियाघर गेट नंबर-2 के पास खुला पहला आउटलेट
वेजफेड का यह पहला आउटलेट पटना में चिड़ियाघर के गेट नंबर-2 के पास, राजभवन जाने वाले रास्ते पर खोला गया है. इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा रविवार किया गया. सहकारिता विभाग के अंतर्गत समिति द्वारा संचालित इस पहल का मुख्य उद्देश्य बिहार के सब्जी उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना है. वेजिटेबल फेडरेशन के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी लवली ने बताया कि इस आउटलेट पर किसानों से सीधे सब्जियां खरीदी जा रही हैं. इससे बिचौलियों की भूमिका कम होगी और ग्राहकों को भी रियायती दरों पर सब्जियां उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
एक साथ मिलेंगी 38 तरह की सब्जियां
इस आउटलेट की एक खास बात यह है कि यहां ग्राहकों को सब्जियों की कई वैरायटी एक ही जगह मिलेंगी. उद्घाटन के अवसर पर कुल 38 तरह की सब्जियां डिस्प्ले की गई थी. इनमें पपीता, पत्तागोभी, फूलगोभी, चुकंदर, चिचिंडा, पालक, धनिया, गोल और लंबा बैंगन, बोरो, कुंदरी, मिर्च और आलू समेत कई तरह की सब्जियां शामिल हैं. आउटलेट पर सब्जियों की कीमतों की लिस्ट भी डिस्प्ले की जाएगी, ताकि ग्राहक आसानी से बाजार भाव से उनकी तुलना कर सकें. साथ ही किसानों से सीधे खरीदारी होने के कारण यहां सब्जियां सस्ती दरों पर उपलब्ध होंगी.
सुबह 5:30 से 10 बजे तक खुला रहेगा काउंटर
अगर आप सुबह-सुबह ताजी सब्जियां खरीदना चाहते हैं तो यह आउटलेट आपके लिए उपयोगी हो सकता है. काउंटर सुबह करीब 5:30 बजे से खुल जाएगा और सुबह 10 बजे तक संचालित होगा. यहां प्रतिदिन उपलब्ध सब्जियों के स्टॉक और वैरायटी में बदलाव होता रहेगा.
वेबसाइट से करें ऑर्डर, घर तक पहुंचेगी सब्जियां
इस आउटलेट की सुविधा सिर्फ दुकान तक सीमित नहीं है. ग्राहक ऑनलाइन भी सब्जियों की बुकिंग कर सकते हैं. इसके लिए www.tarkaari.in वेबसाइट की सुविधा दी गई है. इसके अलावा आउटलेट पर प्रदर्शित मोबाइल नंबर के माध्यम से भी ऑर्डर किया जा सकेगा. ग्राहक चाहें तो खुद काउंटर से सब्जियां ले सकते हैं या होम डिलीवरी का ऑप्शन चुन सकते हैं.
पटना में खुलेंगे 30-35 आउटलेट, तीन और इसी सप्ताह होंगे शुरू
वेजफेड की योजना इस पहल को पूरे बिहार में विस्तार देने की है. पटना में ही लगभग 30 से 35 लोकेशन चिह्नित किए जा चुके हैं. फिलहाल तीन और आउटलेट इसी सप्ताह शुरू करने की तैयारी है. इनमें गर्दनीबाग ऑफिसर्स कैंपस, शास्त्री नगर फ्लैट्स और एमएलसी फ्लैट्स कैंपस शामिल हैं. इसके अलावा मीठापुर हब में ग्रेडिंग, सॉर्टिंग और स्टोरेज की व्यवस्था भी की गई है, जहां से सब्जियों के ऑर्डर लिए जा सकेंगे.