Purnia News: सौरा नदी बनी कचरा डंपिंग ग्राउंड, सिरिंज-सलाइन की बोतलों से पटा नदी का किनारा

Purnia News: सौरा नदी बनी कचरा डंपिंग ग्राउंड, सिरिंज-सलाइन की बोतलों से पटा नदी का किनारा


Last Updated:

Purnia News: पूर्णिया शहर की सफाई पर हर महीने करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन जमीन पर तस्वीर कुछ और ही नजर आ रही है. यहां सौरा नदी को कचरा डंपिंग ग्राउंड की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है. नदी में मेडिकल का कचरा फेंका जा रहा है. जिससे वह प्रदूषित हो रही है. आस-पास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर इसकी बुरा असर पड़ रहा है.

Zoom

सौरा नदी के किनारे कचरे का ढेर.

पूर्णियाः बिहार के पूर्णिया में लापरवाही की तस्वीर देखने को मिली. मेडिकल हब के नाम से पहचाने जाने वाले पूर्णिया में सैकड़ों नर्सिंग होम हैं. इनके मेडिकल वेस्ट को उठाने की जिम्मेदारी भागलपुर की एक एजेंसी को दी गई है. इसके बावजूद शहर का कचरा और मेडिकल वेस्ट पवित्र सौरा नदी के किनारे फेंका जा रहा है. इतना ही नहीं, कचरे को खुले में जलाया भी जा रहा है. इससे नदी प्रदूषित हो रही है और आसपास रहने वाले लोगों की सेहत पर भी खतरा बढ़ रहा है.

नदी किनारे मिला मेडिकल कचरा
यह तस्वीर पूर्णिया नगर निगम के वार्ड नंबर 42 की है. यहां सौरा नदी में ही मेडिकल वेस्ट और शहर का कचरा फेंका गया है. नदी के किनारे सिरिंज, स्लाइन की बोतलें और दूसरे मेडिकल कचरे का ढेर लगा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कचरे को कई बार जलाया भी जाता है. इससे उठने वाले धुएं से आसपास के लोगों को परेशानी होती है. लोगों का कहना है कि इसका असर बच्चों की सेहत पर भी पड़ रहा है और वे बीमार हो रहे हैं.

शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नदी में कचरा फेंके जाने को लेकर कई बार नगर निगम और जिला प्रशासन को आवेदन दिया गया. इसके बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ. लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ जमीन माफिया अपने खाली गड्ढों को भरने के लिए नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और एजेंसियों को पैसे देते हैं. इसके बाद इन जगहों पर कचरा डलवाया जाता है. इसका खामियाजा आसपास रहने वाले लोगों को भुगतना पड़ता है.

एक तरफ रिवर फ्रंट, दूसरी तरफ नदी में कचरे का ढेर
सौरा नदी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नमामि गंगे योजना के तहत रिवर फ्रंट बनाने का काम चल रहा है. एक तरफ नदी को साफ-सुथरा बनाने की कोशिश हो रही है, तो दूसरी तरफ इसी नदी में मेडिकल वेस्ट और शहर का कचरा फेंका जा रहा है. ऐसे में नदी की सफाई और सौंदर्यीकरण की कोशिशों पर सवाल उठ रहे हैं.



Source link