Pakistan-Bangladesh Relations : बांग्लादेश को कैसे लूट रहा पाकिस्तान? मुस्लिम ब्रदरहुड के पीछे की असलियत हुई लीक, ट्रेड के बहाने हो गया खेल

Pakistan-Bangladesh Relations : बांग्लादेश को कैसे लूट रहा पाकिस्तान? मुस्लिम ब्रदरहुड के पीछे की असलियत हुई लीक, ट्रेड के बहाने हो गया खेल


बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच अचानक से बढ़ रही दोस्ती इन दिनों दक्षिण एशिया की राजनीति का सबसे बड़ा चर्चा का विषय है. दोनों देशों के बीच सालों तक कूटनीतिक दूरियां रहीं, लेकिन हाल के महीनों में जिस तरह से हवाई संपर्क बढ़ा है और कराची से सीधे जहाज चट्टोग्राम बंदरगाह पर लंगर डाल रहे हैं, उससे कई बड़े सवाल खड़े हो गए हैं. इस नई नजदीकी से ढाका को असल में क्या मिल रहा है? पाकिस्तान के साथ इस कथित भाईचारे और मुस्लिम ब्रदरहुड की आड़ में असल खेल क्या चल रहा है, जब इसकी परतें उखड़ीं तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई. ट्रेड के मीठे जाल के पीछे पाकिस्तान तरह बांग्लादेश को चूना लगा रहा है.

कागजी दोस्ती और जमीनी हकीकत: ढाका के साथ खेल कर गया पाकिस्तान

बांग्लादेश की न्यूज वेबसाइट ‘डेली वादा’ की एक रिपोर्ट से ये खुलासा हुआ है कि दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और सांस्कृतिक मेलजोल तेजी से बढ़ाया जा रहा है. पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच फ्लाइट्स यानी हवाई कनेक्टिविटी का दायरा फैलाया गया है. पाकिस्तानी बंदरगाह कराची से सीधे जहाज अब बांग्लादेश के चट्टोग्राम पोर्ट पर पहुंच रहे हैं. इतना ही नहीं, दोनों तरफ से स्कॉलरशिप प्रोग्राम्स की घोषणाएं हो रही हैं और सरकारी और प्राइवेट डेलीगेट्स का आना-जाना भी बढ़ गया है. ऊपर से देखने पर ये सब दो मुस्लिम बहुल देशों के बीच का सांस्कृतिक मिलन लग सकता है, लेकिन इसके पीछे की आर्थिक चाल बहुत खतरनाक है.

पाकिस्तान-बांग्लादेश व्यापार में भारी असंतुलन

जब आंकड़ों की तह में जाते हैं, तो पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच के इस ‘व्यापारिक प्रेम’ का असली सच सामने आ जाता है. वित्त वर्ष 2025-26 के आंकड़ों पर गौर करें तो पाकिस्तान ने बांग्लादेश को कुल 6.72 करोड़ डॉलर का सामान निर्यात किया. पाकिस्तानी सेंट्रल बैंक के डेटा बताते हैं कि दोनों देशों के बीच का ट्रेड रेशियो पूरी तरह पाकिस्तान के पक्ष में झुका हुआ है, जो कि लगभग 11:1 का है यानी फायदा सिर्फ पाकिस्तान का हो रहा है और बांग्लादेश सिर्फ खरीददार बनकर रह गया है. इससे पिछले वित्त वर्ष में भी ये आंकड़ा लगभग 7.16 करोड़ डॉलर के आसपास ही था. साफ है कि बाजार पर कब्जा पाकिस्तान जमा रहा है और ढाका को इसमें कोई बड़ा आर्थिक लाभ नहीं मिल रहा है.

कॉटन और कपड़ों के जरिए पाकिस्तानी रुपए की कमजोरी का फायदा

सवाल ये उठता है कि पाकिस्तान जो सामान बांग्लादेश भेज रहा है, उसमें आखिर है क्या? रिपोर्ट बताती है कि पाकिस्तान जो कुल निर्यात बांग्लादेश को कर रहा है, उसका बड़ा हिस्सा कॉटन और टेक्सटाइल इंडस्ट्री से जुड़ा कच्चा माल है. पाकिस्तानी रुपए में लगातार आई भारी गिरावट के चलते उनका ये कच्चा माल अंतरराष्ट्रीय बाजार में सस्ता और अधिक प्रतिस्पर्धी हो गया है. पाकिस्तान इसी कमजोरी को अपनी ताकत बनाकर बांग्लादेशी बाजार में अपने उत्पादों को खपा रहा है, जिससे बांग्लादेश के स्थानीय उद्योगों पर भी धीरे-धीरे दबाव बढ़ने लगा है.

जूट उद्योग पर पाकिस्तान की चालाकी: अपने फायदे के लिए मरोड़ी नीतियां

बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ में जूट का कारोबार अहम माना जाता है, और इस मामले में बांग्लादेश की पकड़ पूरी दुनिया में मजबूत है. पाकिस्तान अपनी जरूरत का लगभग पूरा कच्चा जूट और जूट यार्न बांग्लादेश से ही खरीदता है. लेकिन जब बात मूल्य संवर्धित जूट उत्पादों की आती है, तो पाकिस्तान अपनी टैक्स और शुल्क नीतियों से खेल कर देता है.

पाकिस्तान ने इन उत्पादों पर बहुत ज्यादा आयात शुल्क लगा रखा है, जिससे बांग्लादेशी जूट उत्पादों की पाकिस्तान के बाजार में पहुंच बेहद सीमित हो जाती है. यही वजह है कि टैक्स की इन अड़चनों के कारण पिछले कुछ सालों में पाकिस्तान से होने वाली बांग्लादेश की जूट की कमाई में भारी गिरावट आई है.

एकतरफा टारगेट और डिजिटल मैदान में पाकिस्तान की पैंतरेबाजी

पाकिस्तान ने पब्लिकली ये ढिंढोरा पीटना शुरू कर दिया है कि वो बांग्लादेश को अपने निर्यात में बहुत बड़ी बढ़ोतरी करेगा. लेकिन गौर करने वाली बात ये है कि इसके विपरीत बांग्लादेशी उत्पादों का निर्यात पाकिस्तान में बढ़ाने को लेकर कोई भी ठोस या समान टारगेट घोषित नहीं किया गया है.

यानी खेल पूरी तरह एकतरफा है, सामान पाकिस्तान बेचेगा और मुनाफा भी वही कमाएगा. इसके अलावा, भले ही डिजिटल इंडेक्स के मामले में बांग्लादेश कई मंचों पर बेहतर दिखता हो, लेकिन पाकिस्तान ने अपने वित्तीय संस्थानों, डिजिटल वॉलेट और सरकारी डिजिटल सेवाओं को साझा प्लेटफॉर्म्स से जोड़ने में तेजी से पैठ बनाई है, जो भविष्य में सामरिक और आर्थिक रूप से बांग्लादेश पर शिकंजा कसने का काम कर सकती है.

इतिहास और भू-राजनीति के बीच ढाका के लिए बड़ी चेतावनी

कुल मिलाकर, पाकिस्तान के साथ बढ़ती इन नजदीकियों और मुस्लिम ब्रदरहुड के नाम पर बुने जा रहे समीकरणों के पीछे बांग्लादेश के लिए खतरे की बड़ी घंटियां बज रही हैं. ट्रेड में 11:1 का भारी-भरकम असंतुलन, जूट उत्पादों पर जानबूझकर थोपी गई शुल्क की दीवारें और एकतरफा व्यापारिक लक्ष्य इस बात का सबूत हैं कि पाकिस्तान इस रिश्ते का इस्तेमाल केवल अपने आर्थिक हितों को साधने के लिए कर रहा है.

ढाका को ये समझना होगा कि केवल कूटनीतिक मुलाकातों और हवाई बैठकों से देश का भला नहीं होने वाला. यदि बांग्लादेश ने अपने ऐतिहासिक विवादों, घरेलू राजनीतिक संवेदनशीलताओं और बाजार की इन सच्चाइयों के बीच संभलकर कदम नहीं रखे, तो ट्रेड के इस खेल में नुकसान सिर्फ और सिर्फ बांग्लादेश का ही होगा.



Source link