Last Updated:
Oil Tanker Attack Hormuz: होर्मुज स्ट्रेट में पनामा के झंडे वाले तेल टैंकर MT LOUISE 1 पर लिंपेट माइंस से हमला किया गया. धमाकों के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई और उसका कामकाज कुछ समय के लिए रुक गया. क्रू ने आग बुझा दी और जहाज ने सफर दोबारा शुरू कर दिया. टैंकर पर सवार सभी 27 भारतीय सुरक्षित हैं.
होर्मुज में एक तेल टैंकर पर हमला हुआ है.
Hormuz News: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे भारतीय क्रू वाले एक तेल टैंकर पर हमला हुआ है. पनामा के झंडे वाला टैंकर MT LOUISE 1 समुद्र में आगे बढ़ रहा था, तभी एक छोटी नाव से आए लोगों ने उसके बाहरी हिस्से पर दो लिंपेट माइंस लगा दीं. धमाकों के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई और कुछ समय के लिए उसका कामकाज ठप हो गया. हालांकि, जहाज पर मौजूद 27 भारतीय क्रू सदस्यों ने आग पर काबू पा लिया. सभी सुरक्षित हैं और टैंकर ने दोबारा अपना सफर शुरू कर दिया है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में किसी तरह का तेल रिसाव या समुद्री पर्यावरण को नुकसान नहीं हुआ. ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी UKMTO ने बताया कि घटना ओमान के खासाब से करीब 46 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में हुई. फरवरी में संघर्ष शुरू होने के बाद होर्मुज स्ट्रेट में किसी जहाज पर लिंपेट माइंस के सफल इस्तेमाल का यह पहला मामला बताया जा रहा है.
छोटी नाव से आए हमलावरों ने जहाज पर लगाईं माइंस
रिपोर्ट के मुताबिक, MT LOUISE 1 पर हमला करने के लिए एक छोटी नाव का इस्तेमाल किया गया. नाव से आए लोगों ने जहाज के बाहरी हिस्से यानी उसके ढांचे पर दो लिंपेट माइंस चिपका दीं. इसके बाद हुए धमाकों से इंजन रूम में आग लग गई. लिंपेट माइंस ऐसे विस्फोटक होते हैं, जिन्हें जहाज के बाहरी हिस्से से चिपकाया जा सकता है. इनका इस्तेमाल समुद्र में चलते जहाजों को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जाता है.
समुद्री जोखिम पर नजर रखने वाली ग्रीस की संस्था Marisks के मुताबिक, इस तरह के हमले के लिए छोटी नाव का इस्तेमाल करना सस्ता और आसान तरीका है. संस्था ने रॉयटर्स से कहा कि चलते जहाज के बाहरी हिस्से पर माइंस लगाना कम तकनीक वाला तरीका है, लेकिन इसका असर काफी खतरनाक हो सकता है. रिपोर्ट के अनुसार, इस इलाके में लिंपेट माइंस का इस्तेमाल पहली बार 2017 में हुआ था. इसके बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले तेल टैंकरों पर ऐसे हमलों के मामले सामने आए.
एक दिन पहले भी भारतीयों वाले तेल टैंकर पर हमला
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब इससे ठीक एक दिन पहले भारतीय नागरिकों को लेकर जा रहे एक दूसरे तेल टैंकर MT ARZANAH पर भी हमला हुआ था. लाइबेरिया के झंडे वाला यह बड़ा कच्चा तेल टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहा था. इस पर प्रोजेक्टाइल यानी विस्फोटक हथियारों से हमला किया गया. जहाज पर दो भारतीय नागरिक सवार थे. केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया था कि जहाज पर मौजूद दोनों भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि सरकार हालात पर लगातार नजर रख रही है. भारतीय क्रू सदस्यों की सुरक्षा और उनके हालचाल सुनिश्चित करने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनियों के साथ संपर्क बनाए रखा जा रहा है.