नई दिल्ली (Highest Paying Engineering Jobs). क्या कभी सोचा है कि एक ही कॉलेज और एक जैसी डिग्री होने के बावजूद 2 इंजीनियर की सैलरी में जमीन-आसमान का फर्क क्यों होता है? कोई महीने के लाखों कमा रहा होता है तो कोई औसत पैकेज पर ही अटका रहता है. असल में यह खेल स्किल्स और उनके सही इस्तेमाल का है. AI ने हर इंडस्ट्री बदल दी है. अब कंपनियों को सिर्फ सिस्टम बनाने वाले आम इंजीनियर नहीं चाहिए, बल्कि ऐसे एक्सपर्ट की तलाश है जो टेक्नोलॉजी को स्मार्ट, तेज और पावरफुल बना सकें.
इंजीनियर के लिए 5 सबसे ज्यादा सैलरी वाली जॉब्स
अब सवाल उठता है कि इन फील्ड्स में कदम कैसे रखा जाए और कौन से कोर्स हाई सैलरी वाले मुकाम तक पहुंचा सकते हैं? जानिए 5 सबसे ज्यादा कमाई कराने वाले इंजीनियरिंग रोल्स और उनसे जुड़ी हर डिटेल.
1. फॉरवर्ड डिप्लॉयड इंजीनियर (FDE)
यह रोल आज की टेक दुनिया में सबसे तेजी से उभर रहा है. FDE का काम टेक्नोलॉजी और बिजनेस के बीच मजबूत पुल तैयार करना होता है. इसका मतलब यह समझना है कि कंपनियों को क्या चाहिए और एआई का इस्तेमाल असली दुनिया की समस्याओं को सुलझाने में कैसे किया जाए.
- डिमांड और सैलरी: स्केलर-सीएमआर की ‘इंडियाज एफडीई अपॉर्चुनिटी रिपोर्ट 2026’ के मुताबिक, 88% भारतीय कंपनियां मानती हैं कि 2030 तक इसकी डिमांड तेजी से बढ़ेगी. खास बात है कि इस रोल में काम करने वाले 80% इंजीनियर्स का सालाना पैकेज 40 लाख से 1 करोड़ रुपये के बीच है.
- कोर्स और कहां से सीखें: अगर आप इस फील्ड में करियर बनाना चाहते हैं तो आईआईटी हैदराबाद (IIT Hyderabad) का ‘FDE प्रैक्टिशनर प्रोग्राम’ और स्केलर (Scaler) का ‘फॉरवर्ड डिप्लॉयड इंजीनियर प्रोग्राम’ बेहतरीन विकल्प हैं.
2. एआई और मशीन लर्निंग इंजीनियर
एमएल और एआई इंजीनियर्स ऐसे स्मार्ट मॉडल्स और एल्गोरिदम बनाते हैं जो मशीनों को डेटा से सीखने और इंसानों की तरह फैसले लेने में सक्षम बनाते हैं.
- डिमांड और सैलरी: BinQle टैलेंट इंटेलिजेंस रिपोर्ट 2026 के अनुसार, भारत को 2026 में 14 लाख एआई प्रोफेशनल्स की जरूरत होगी, जबकि हमारे पास सिर्फ 4 लाख टैलेंट ही उपलब्ध है. टैलेंट की इसी भारी कमी की वजह से इस फील्ड में सैलरी में 30% से 35% तक का तगड़ा उछाल आया है.
- कोर्स और कहां से सीखें: गूगल का ‘मशीन लर्निंग क्रैश कोर्स’ और ‘DeepLearning.AI’ के कोर्स से इसकी शुरुआत प्रैक्टिकल तरीके से कर सकते हैं.
3. सॉफ्टवेयर और क्लाउड आर्किटेक्ट
क्लाउड आर्किटेक्ट का काम किसी भी एप्लिकेशन या सॉफ्टवेयर का डिजिटल आर्किटेक्चर तैयार करना होता है. इसका फायदा है कि जब यूजर्स की संख्या लाखों में पहुंचेगी, तब भी ऐप बिना अटके या क्रैश हुए स्मूदली चलती रहेगी.
- डिमांड और सैलरी: अडेको की ‘इंडिया सैलरी गाइड 2026’ के मुताबिक, 3 से 7 साल के अनुभव वाले क्लाउड आर्किटेक्ट को 20 से 30 लाख रुपये का पैकेज मिलता है. वहीं, 10 से 15 साल का अनुभव रखने वाले सीनियर्स 45 से 60 लाख रुपये सालाना तक कमाते हैं.
- कोर्स और कहां से सीखें: ‘गूगल क्लाउड प्रोफेशनल क्लाउड आर्किटेक्ट’ पाथ और एडब्ल्यूएस (AWS) ट्रेनिंग इसके लिए बेस्ट मानी जाती हैं.
4. बिग डेटा स्पेशलिस्ट और डेटा इंजीनियर
डेटा इंजीनियर्स बैकएंड में रहकर ऐसा स्ट्रक्चर बनाते हैं जो भारी-भरकम डेटा को कलेक्ट, मैनेज और प्रोसेस करता है. इसी डेटा के दम पर कंपनियां समझ पाती हैं कि कस्टमर को क्या चाहिए और मार्केट में अगला ट्रेंड क्या आने वाला है.
- डिमांड और सैलरी: टेवोस रिसर्च की ‘स्टेट ऑफ टेक हायरिंग इंडिया H1 2026’ रिपोर्ट में डेटा इंजीनियरिंग को देशभर में जॉब पोस्टिंग के मामले में तीसरे नंबर पर रखा गया है. अकेले बेंगलुरु में इनका औसतन पैकेज 22 लाख रुपये सालाना है. यहां नौकरियों में साल-दर-साल 19% की बढ़ोतरी देखी गई है.
- कोर्स और कहां से सीखें: ‘गूगल क्लाउड प्रोफेशनल डेटा इंजीनियर’ और माइक्रोसॉफ्ट लर्न (Microsoft Learn) के कोर्सेस इसके लिए बेहतरीन हैं.
5. ब्लॉकचेन और साइबर सिक्योरिटी इंजीनियर
डिजिटल दुनिया जितनी तेजी से बढ़ रही है, साइबर हमलों का खतरा भी उतना ही बढ़ रहा है. साइबर सिक्योरिटी इंजीनियर सिस्टम को हैकर्स से बचाते हैं, जबकि ब्लॉकचेन इंजीनियर ऐसा सुरक्षित नेटवर्क बनाते हैं जिसमें डेटा से छेड़छाड़ नामुमकिन हो.
- डिमांड और सैलरी: डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (DSCI) की 2025-2026 रिपोर्ट के अनुसार, 73% कंपनियों में स्किल्ड साइबर सुरक्षा उम्मीदवारों की भारी कमी है. Flexiple के आंकड़ों के मुताबिक, ब्लॉकचेन इंजीनियर्स का औसतन पैकेज 10.2 लाख रुपये सालाना से शुरू होता है.
- कोर्स और कहां से सीखें: आईआईटी दिल्ली के साइबर सिक्योरिटी प्रोग्राम्स और आईआईटी मद्रास के ब्लॉकचेन ट्रेनिंग प्रोग्राम्स इसके लिए बेस्ट माने जाते हैं.